खेल: भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने नहीं मिलाए हाथ लेकिन... और रोहित शर्मा का एक और बड़ा कारनामा
पाकिस्तान की टीम अपने ड्रेसिंग रूम से बाहर आई, अंपायरों से हाथ मिलाया और भारतीय खिलाड़ियों से बिना किसी बातचीत के वापस लौट गई। रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में बतौर सलामी बल्लेबाज 10 हजार रन पूरे कर लिए हैं।

भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने नहीं मिलाए हाथ लेकिन फाइनल में नहीं हुआ कोई विवाद
भारत और पाकिस्तान के बीच एशियाई खेलों के क्रिकेट फाइनल को लेकर काफी उत्सुकता थी लेकिन शनिवार को यहां हुआ मुकाबला बिना किसी विवाद के संपन्न हुआ। इस दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक बार फिर हाथ नहीं मिलाए।
फाइनल देखने के लिए टोक्यो, नागोया और जापान के अन्य हिस्सों से बड़ी संख्या में पहुंचे भारतीय समुदाय के लोगों के लिए यह दिन क्रिकेट के नाम रहा। पाकिस्तान ने लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत पर दबाव जरूर बनाया, लेकिन भारत का विशाल स्कोर निर्णायक साबित हुआ और उसने लगातार दूसरी बार एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक जीत लिया।
मैच से पहले टॉस मैदान के एक कोने में कराया गया, जबकि टेलीविजन कैमरा दल पिच के पास मौजूद था।
मैच के बाद का घटनाक्रम भी कुछ ऐसा ही रहा। जीत के बाद भारतीय खिलाड़ी जब अपने ड्रेसिंग रूम की ओर बढ़े तो उन्होंने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के पास जाने की कोशिश नहीं की।
पाकिस्तान की टीम अपने ड्रेसिंग रूम से बाहर आई, अंपायरों से हाथ मिलाया और भारतीय खिलाड़ियों से बिना किसी बातचीत के वापस लौट गई।
हाथ मिलाने को छोड़ दे तो मैच खेल भावना के साथ खेला गया। खिलाड़ियों के बीच कोई तीखी बहस या बड़ा विवाद नहीं हुआ और उन्होंने अपना ध्यान मुकाबले पर बनाए रखा तथा क्रिकेट को केंद्र में रहने दिया।
पदक समारोह भी बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुआ और आयोजकों ने पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाए रखा।
भारत बनाम वेस्टइंडीज: रोहित शर्मा का एक और बड़ा कारनामा, सचिन के बाद यह मुकाम हासिल करने वाले बने दूसरे भारतीय
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा और आखिरी वनडे मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के पीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। रोहित शर्मा ने इस मुकाबले में 2 रन बनाने के साथ ही खास मुकाम हासिल कर लिया है।
रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में बतौर सलामी बल्लेबाज 10 हजार रन पूरे कर लिए हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे में 2 रन बनाने के साथ ही रोहित ने इस उपलब्धि को अपने नाम किया। रोहित भारत की ओर से यह मुकाम हासिल करने वाले महज दूसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले यह कारनामा सिर्फ सचिन तेंदुलकर ही कर सके हैं।
रोहित ओवरऑल इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले विश्व के चौथे बल्लेबाज हैं। रोहित बतौर ओपनर सबसे तेज 10 हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज भी बने हैं। उन्होंने यह मुकाम अपनी 202वीं पारी में हासिल किया। इस मैच से पहले रोहित ने 201 पारियों में ओपनिंग बल्लेबाज के तौर पर 9,998 रन बनाए थे।
‘शेर की तरह मैदान पर उतरो’ : फाइनल से पहले कोच मारिन का भारतीय महिला हॉकी टीम को मंत्र
भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने चीन के खिलाफ एशियाई खेल फाइनल से पहले टीम को स्पष्ट संदेश दिया था कि एक शेर के गुणों को आत्मसात करके मैदान पर उतरना है और नतीजा खुद ब खुद मिलेगा ।
भारतीय महिला टीम ने गत चैम्पियन और ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन को 1 . 0 से हराकर एशियाई खेलों में 44 साल में पहली बार स्वर्ण पदक जीता ।
मारिन ने ऐतिहासिक जीत के बाद भाषा को दिये विशेष इंटरव्यू में कहा ,‘‘ मैने भारतीय शेरों का उदाहरण दिया । शेर की आंख, प्रतीक और वह पत्थर जो मैने लड़कियों को दिया था । मैने उनसे कहा कि जैसे शेर शिकार करता है, एकाग्र होकर शिकार को देखता है और कैसे झटके से उबरकर फिर वापसी करता है । भारत में शेर सबसे बड़ा प्रतीक है । मैने मैच से पहले उनसे यही सब कहा ।’’
एशियाई खेलों में वह पदक जीतकर ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने के इरादे से ही आये थे और उन्हें यकीन था कि टीम ऐसा कर सकेगी ।
उन्होंने कहा ,‘‘ पिछले महीने विश्व कप के दौरान पूरे समय मुझे यह भरोसा था । हमने चीन को पहले मैच में ड्रॉ पर रोका और पहली बार बड़े टूर्नामेंट में हम ऊंची रैंकिंग वाली टीम के खिलाफ खेल रहे थे । वहां टीम का प्रदर्शन देखकर मुझे विश्वास जगा था कि हम एशियाई खेलों में स्वर्ण जीत सकते हैं ।’’
नीरज ने धीरज को हराकर व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में कांस्य पदक जीता
भारतीय तीरंदाज नीरज चौहान ने शनिवार को यहां एशियाई खेलों में पुरुषों की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में अपने हमवतन शीर्ष वरीयता प्राप्त धीरज बोम्मादेवरा को 6-4 से हराकर कांस्य पदक जीता।
नीरज ने कांस्य पदक के प्लेऑफ मैच में धीरज को 29-26, 27-28, 28-29, 30-28, 29-28 से हराया। इस तरह से वह तरुणदीप राय के बाद एशियाई खेलों में व्यक्तिगत रिकर्व पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय पुरुष तीरंदाज बन गए।
जीत के बाद नीरज ने कहा ,‘‘ मैने बस अपनी क्षमता पर भरोसा रखा और जो कुछ कर सकता था, वही किया । अब मुझे और मेहनत करनी है । मैने यहां अच्छा प्रदर्शन किया और उसे बरकरार रखना है ।’’
इसके साथ ही भारत ने तीरंदाजी में अपने अभियान का समापन पांच स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य के साथ किया । पुरूष टीम वर्ग में धीरज और नीरज कल रजत पदक जीते थे ।
धीरज के खिलाफ खेलने के अनुभव के बारे में पूछने पर नीरज ने कहा ,‘‘ सब कुछ अच्छा था। हम काफी बार साथ में खेल चुके हैं ।’’
इससे पहले शीर्ष वरीयता प्राप्त धीरज सेमीफाइनल में पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता ली वू सेओक से 3-7 से हार गए, जबकि नीरज को अंतिम चार के मैच में जापान के तीरंदाज जुन्या नाकानिशी से 1-7 से हार का सामना करना पड़ा।
विराट कोहली के कोच राजकुमार शर्मा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, दिल्ली क्रिकेट के स्टेट मेंटर बने
विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा को दिल्ली और डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) ने दिल्ली क्रिकेट का स्टेट मेंटर बनाया है। वह अपने कोचिंग के अनुभव और राज्य के इकोसिस्टम की गहरी समझ को युवाओं के लिए मेंटरशिप की भूमिका में लाने के लिए तैयार हैं।
राजकुमार द्रोणाचार्य अवॉर्ड विजेता हैं। उन्होंने कोहली को उनके शुरुआती दिनों में कोचिंग दी थी। राजकुमार ने कई युवा क्रिकेटरों को ट्रेनिंग दी है।
हाल ही में, वह दिल्ली प्रीमियर लीग सीजन 3 में न्यू दिल्ली टाइगर्स के कोच भी थे, जहाँ उनका रोल उभरते हुए खिलाड़ियों को गाइड करने, क्षमता पहचानने और ग्रासरूट क्रिकेट और स्टेट फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट के कॉम्पिटिटिव माहौल के बीच का रास्ता बनाने के इर्द-गिर्द घूमता था।
मशहूर कोच को इंडियन क्रिकेटर्स एसोसिएशन (आईसीए) की एपेक्स बॉडी में दिल्ली और डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के पुरुष प्रतिनिधि के तौर पर भी नॉमिनेट किया गया था।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
