खेल: श्रीलंका में स्पिन के खिलाफ खुद को परखेंगे भारतीय बल्लेबाज और मेस्सी के दो गोल से इंटर मियामी जीता
हाल के दिनों में घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट श्रृंखलाओं में भारतीय बल्लेबाजों की सबसे बड़ी कमजोरी बेहतर स्पिन गेंदबाजी के सामने उजागर हुई थी। लियोनेल मेस्सी ने विश्व कप के बाद पहले दो गोल किए।

श्रीलंका टेस्ट श्रृंखला से पहले स्पिन के खिलाफ खुद को परखेंगे भारतीय बल्लेबाज
भारतीय बल्लेबाज अगले सप्ताह श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला से पहले शुक्रवार को ‘नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब’ मैदान पर श्रीलंका एकादश के विरुद्ध खेले जाने वाले तीन दिवसीय अभ्यास मैच में स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ अपनी तैयारियों को पुख्ता कोशिश करेंगे।
हाल के दिनों में घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट श्रृंखलाओं में भारतीय बल्लेबाजों की सबसे बड़ी कमजोरी बेहतर स्पिन गेंदबाजी के सामने उजागर हुई थी। श्रीलंका के खिलाफ भी परिस्थितियां कुछ अलग नहीं होंगी।
श्रीलंका के पास विशेष रूप से घरेलू परिस्थितियों में प्रभावी स्पिन आक्रमण है। ऐसे में 15 अगस्त से गॉल में खेले जाने वाले पहले टेस्ट से पहले यह अभ्यास मैच भारतीय बल्लेबाजों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कप्तान शुभमन गिल, लोकेश राहुल और यशस्वी जायसवाल जैसे प्रमुख बल्लेबाज श्रीलंका रवाना होने से पहले अपने-अपने घरेलू अभ्यास केंद्रों पर स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ अभ्यास कर चुके हैं, लेकिन श्रीलंकाई पिचों पर मैच जैसी परिस्थितियों में खेलने का अनुभव उससे कहीं अधिक उपयोगी होगा।
भारत के लिए तीन दिवसीय वॉर्मअप मैच के लिए श्रीलंका क्रिकेट इलेवन टीम का ऐलान, सोनल दिनुशा बने कप्तान
युवा गेंदबाजी ऑलराउंडर सोनल दिनुशा को भारत के खिलाफ होने वाले तीन दिवसीय वॉर्मअप मैच के लिए 15 सदस्यीय श्रीलंका क्रिकेट इलेवन टीम का कप्तान बनाया गया है। यह मुकाबला शुक्रवार (7 अगस्त) से एनसीसी ग्राउंड पर खेला जाना है।
यह प्रैक्टिस मैच स्थानीय समय के अनुसार सुबह 10 बजे शुरू होगा। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम दो मैचों की टेस्ट सीरीज के आगाज से पहले यह एकमात्र प्रैक्टिस मैच खेलेगी। सीरीज की शुरुआत 15 अगस्त से होनी है और पहले टेस्ट मैच की मेजबानी गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम करेगा। वहीं, दूसरा टेस्ट मैच 23 अगस्त से खेला जाना है।
श्रीलंका क्रिकेट इलेवन में टेस्ट टीम में जगह बनाने के दावेदार सात खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जिसमें दिनुशा के अलावा तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा और विश्व फर्नांडो, ऑफ-स्पिनर रमेश मेंडिस, निशान मदुष्का, पवन रत्नायके और अंजाला बंदारा को टीम में जगह दी गई है।
भारत ए के खिलाफ 10 विकेट लेकर अपनी गेंदबाजी से प्रभावित करने वाले बाएं हाथ के स्पिनर दिलुम सुदीरा को टीम में रखा गया है। वहीं, भारत ए के खिलाफ ही 5 विकेट लेने वाले गेंदबाज केसरा नुवांथा को भी टीम में शामिल किया गया है। दिनुशा ने पिछले साल बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था और अब तक तीन मैच खेले हैं। चूंकि मुख्य टीम के कई नियमित खिलाड़ी अभी चल रही लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) में खेल रहे हैं, इसलिए यह वॉर्मअप मैच चुने गए खिलाड़ियों के लिए यह मुख्य टीम में जगह बनाने का सुनहरा अवसर होगा।
दिसंबर में भारतीय महिला टीम का साउथ अफ्रीका दौरा, जोड़ी गई 3 मुकाबलों की टी20 सीरीज
दिसंबर 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम साउथ अफ्रीका का दौरा करेगी, जिसमें तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज जोड़ी गई है। क्रिकेट साउथ अफ्रीका (सीएसए) ने गुरुवार को इसकी घोषणा की।
सीएसए के अनुसार, शेड्यूल में टी20 सीरीज को इसलिए जोड़ा गया है, ताकि अगले साल होने वाली पहली आईसीसी विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारी की जा सके। चैंपियंस ट्रॉफी फरवरी 2027 में श्रीलंका में आोजित होगी।
भारत ने अप्रैल में विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी के तौर पर साउथ अफ्रीका का दौरा किया था, जहां 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज में 1-4 से हार का सामना करना पड़ा। अब 'विमेन इन ब्लू' के पास हिसाब बराबर करने का मौका होगा।
भारत और साउथ अफ्रीका की महिला टीमें 9-12 दिसंबर के बीच गकेबेरहा में इकलौता टेस्ट मैच खेलेंगी। इसके बाद 16 दिसंबर से तीन मुकाबलों की आईसीसी विमेंस चैंपियनशिप (आईडब्ल्यूसी) वनडे सीरीज शुरू होगी, जिसका पहला मैच पार्ल में आयोजित होगा। वनडे सीरीज का दूसरा मैच 19 दिसंबर को केपटाउन, जबकि तीसरा मुकाबला 22 दिसंबर को ब्लॉमफोन्टेन में खेला जाना है।
पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज को हराकर विदेशी सरजमीं पर हार का सिलसिला खत्म किया
पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज़ को दूसरे टेस्ट मैच में बुधवार को यहां आठ विकेट से करारी शिकस्त देकर विदेशी सरजमीं पर टेस्ट क्रिकेट में लगातार आठ हार के सिलसिले को समाप्त करने के साथ दो मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबर कर ली।
पहली पारी में शतक लगाने वाले अब्दुल्ला शफीक और कप्तान के रूप में दोबारा नियुक्ति के बाद अपनी पहली टेस्ट श्रृंखला खेल रहे बाबर आजम ने नाबाद 24-24 रन बनाकर पाकिस्तान को चौथे दिन दोपहर के लंच के बाद स्कोर को दो विकेट पर 77 तक पहुंचा कर टीम को जीत दिला दी।
बाबर ने वामहस्त स्पिनर जोमेल वारिकन की लगातार दो छक्के जड़कर विजयी रन पूरे किए। वारिकन ने पहली पारी में छह विकेट लेकर पाकिस्तान की बढ़त को केवल 43 रन तक सीमित कर दिया था।
श्रृंखला का पहला टेस्ट वेस्टइंडीज ने 90 रन से जीता था। दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान के स्पिनरों साजिद खान और अली उस्मान ने क्वीन्स पार्क ओवल की खुरदरी पिच का फायदा उठाते हुए शानदार गेंदबाजी की। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने वर्ष 2000 के बाद से वेस्टइंडीज के खिलाफ कोई भी टेस्ट श्रृंखला बचाने में सफल रहा।
मेस्सी के दो गोल से इंटर मियामी जीता
लियोनेल मेस्सी ने विश्व कप के बाद पहले दो गोल किये जिसकी मदद से इंटर मियामी ने लीग्स कप में एटलेटिको सान लुईस को 4 . 2 से हराया ।
बिजली कड़कने और बारिश के कारण दूसरे हाफ में मैच 30 मिनट के लिये रोकना पड़ा । मेस्सी ने 11वें और 44वें मिनट में गोल किये । उनके अब लीग्स कप में 12 मैचों में 14 गोल हो गए हैं ।
टेलास्को सेगोविया और डिफेंडर माइकल ने भी गोल दागे । विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले मेस्सी अर्जेंटीना को फाइनल तक ले गए थे लेकिन स्पेन ने 1 . 0 से हराकर लगातार दूसरा खिताब जीतने का उनका सपना तोड़ दिया ।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
