खेल: क्राइस्टचर्च में भारतीय गेंदबाजों के नाम दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड और छक्कों के मामले में अभिषेक शर्मा बने 'नंबर-1'
पहले टी20 में भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और उनके नाम अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। अभिषेक को भारतीय पारी की छठी गेंद पर स्ट्राइक मिली, जिस पर उन्होंने मैट हेनरी के खिलाफ छक्का लगाया।

भारतीय टी20 क्रिकेट के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा, गेंदबाजों के नाम दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला हेगले ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 225 रन बनाए। इस मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और उनके नाम अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में पहली बार भारत के पांच गेंदबाजों ने एक ही मैच में 40 रन या उससे ज्यादा खर्च किए। चार साल बाद टीम में लौटे भुवनेश्वर कुमार ने 4 ओवर के स्पेल में 49 रन खर्च किए। वहीं, अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 45 रन देकर एक विकेट चटकाया। वहीं, मयंक यादव ने चार ओवर में 40 रन दिए। अक्षर पटेल सबसे महंगे साबित हुए और उन्होंने 4 ओवर में एक विकेट लेकर 51 रन खर्च किए। नीतीश कुमार रेड्डी ने भी 4 ओवर में बिना कोई चटकाए 40 रन दिए। भारत के हर गेंदबाज का इकोनॉमी 10 से ऊपर रहा।
टी20 रिकॉर्ड: 7वीं बार पारी की अपनी पहली ही गेंद पर जड़ा छक्का, इस मामले में अभिषेक शर्मा बने 'नंबर-1'
अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ गुरुवार को हैगली ओवल में जारी टी20 सीरीज के पहले मैच में 29 रन की तूफानी पारी खेली। अभिषेक को भारतीय पारी की छठी गेंद पर स्ट्राइक मिली, जिस पर उन्होंने मैट हेनरी के खिलाफ छक्का लगाया। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसा सातवीं बार था, जब अभिषेक ने अपनी पारी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा।
इसी के साथ अभिषेक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार अपनी पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इस लिस्ट में अफगानिस्तान के शफीकुल्लाह शिनवारी दूसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने अपने करियर में 6 बार ऐसा किया। वहीं, पूर्व भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव 5 बार ऐसा कर चुके हैं।
मेगन शट पर दो मैचों का बैन, प्रिस्क्रिप्शन दवाओं से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को बताया कि ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज मेगन शट को प्रिस्क्रिप्शन दवाओं के इस्तेमाल से जुड़े नियमों का पालन न करने के कारण दो मैचों के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने कहा कि इन दो मैचों के प्रतिबंध में सभी अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट मैच शामिल हैं। इसके चलते यह तेज गेंदबाज गुरुवार को नॉर्थ सिडनी ओवल में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले तीसरे और आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच में नहीं खेल पाएंगी। इसके साथ ही वह 31 अक्टूबर को मेलबर्न स्टार्स के खिलाफ 'वेबर डब्ल्यूबीबीएल 12' में एडिलेड स्ट्राइकर्स के पहले मैच में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगी।
सीए ने एक बयान में कहा, "यह उल्लंघन स्पोर्ट्स साइंस और स्पोर्ट्स मेडिसिन दिशानिर्देशों के तहत प्रिस्क्रिप्शन दवाओं से जुड़े नियमों का पालन न करने के कारण हुआ है।"
सीए के अनुसार, यह एकमात्र घटना थी जो प्रतियोगिता के दौरान नहीं हुई थी। उन्होंने आगे कहा, "यह एक ही घटना से जुड़ा है जो प्रतियोगिता के बाहर हुई थी और इसका मकसद प्रदर्शन को बेहतर बनाना नहीं था।"
कथित दुर्व्यवहार के आरोप में भारत भेजे गए खिलाड़ी पर आजीवन प्रतिबंध लग सकता है: पीसीआई
भारतीय पैरालंपिक समिति (पीसीआई) ने बृहस्पतिवार को कहा कि जापान में चल रहे एशियाई पैरा खेलों से कथित दुर्व्यवहार के आरोप में एक खिलाड़ी को वापस भेज दिया गया है और इस सप्ताह के अंत में प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद उसके खिलाफ आजीवन प्रतिबंध सहित कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
पीसीआई ने खिलाड़ी का नाम बताए बिना और उसके कथित कृत्य की प्रकृति का ब्योरा दिए बिना कहा कि फिलहाल उसका ध्यान भारतीय दल को सहयोग देने पर है जो इन खेलों में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। प्रतियोगिता शनिवार को समाप्त होगी।
पीसीआई ने कहा, ‘‘भारतीय पैरालंपिक समिति किसी भी तरह के यौन दुर्व्यवहार या ऐसे व्यवहार के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाती है जो दूसरों की गरिमा, सुरक्षा और अधिकारों का उल्लंघन करता हो।’’
उसने कहा, ‘‘मौजूदा मामले में मिशन प्रमुख ने संबंधित खिलाड़ी के खिलाफ आजीवन प्रतिबंध सहित सबसे कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की है। खिलाड़ी को जापान से भारत वापस भेज दिया गया है।’’
समिति ने कहा, ‘‘एशियाई पैरा खेलों के समापन के बाद नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार सक्षम प्राधिकारी आगे की कार्रवाई करेंगे।’’
एशियाई पैरा खेल: रवि की पदकों की हैट्रिक, चार भारतीय तैराकों ने पदक जीते
भारत के किशोर पैरा तैराक रवि बुडिगिना ने बृहस्पतिवार को यहां एशियाई पैरा खेलों में पुरुषों की 50 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर पदकों की हैट्रिक पूरी की जबकि तीन अन्य भारतीय तैराकों ने भी पदक जीते।
कपिल कुमार ने रजत जबकि स्वातिक पाटिल और तेजस नंदकुमार ने अपनी-अपनी स्पर्धाओं में कांस्य पदक जीते। इसके साथ ही तैराकी में भारत के कुल पदकों की संख्या 10 हो गई लेकिन देश के तैराकों के नाम पर अब भी मौजूदा खेलों का स्वर्ण पदक नहीं है।
रवि इससे पहले इस सप्ताह पुरुषों की एस13 वर्ग की 100 मीटर बैकस्ट्रोक और फ्रीस्टाइल स्पर्धाओं में भी रजत पदक जीत चुके हैं।
आंध्र प्रदेश के दृष्टिबाधित 18 वर्षीय रवि ने 50 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में 25.89 सेकेंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया।
छब्बीस वर्ष के कपिल ने पुरूषों की 400 मीटर फ्रीस्टाइल एस10 स्पर्धा में चार मिनट 38 . 44 सेकेंड का समय लिया । जापान के अकितो मिनाइ ने एशियाई पैरा खेलों के रिकॉर्ड समय (चार मिनट 27 . 44 सेकेंड) के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया ।
ईरान के शाहीन इजादयार को कांस्य पदक मिला ।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
