खेल: भारतीय क्रिकेट जगत ने जम्मू-कश्मीर को दी बधाई और सलमान आगा का पाकिस्तान के T20 टीम के कप्तान पद से हटना लगभग तय
अश्विन ने उनकी जीत को इस बात का प्रमाण बताया कि रणजी ट्रॉफी टीमें हर नए सत्र में बेहतर तैयारी के साथ आती हैं। पाकिस्तान टीम के कप्तान सलमान अली आगा को मौजूदा आईसीसी पुरूष टी20 विश्व कप में टीम के अभियान के बाद अपने पद से हटा दिया जायेगा।

यह विश्वास जगाएगा, पीढ़ियों को प्रेरित करेगा: भारतीय क्रिकेट जगत ने जम्मू-कश्मीर को दी बधाई
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष जय शाह ने जम्मू-कश्मीर की पहली रणजी ट्रॉफी खिताबी जीत पर भारतीय क्रिकेट जगत के साथ टीम की इस उपलब्धि की सराहना की।
शाह ने इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण करार देते हुए कहा कि यह उपलब्धि मौजूदा पीढ़ी में “विश्वास जगाने” का काम करेगी और आने वाली पीढ़ियों को भी क्रिकेट अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।
शाह की इन बातों का समर्थन हरभजन सिंह और आर अश्विन जैसे भारतीय क्रिकेट दिग्गजों ने भी किया।
अश्विन ने उनकी जीत को इस बात का प्रमाण बताया कि रणजी ट्रॉफी टीमें हर नए सत्र में बेहतर तैयारी के साथ आती हैं।
अश्विन ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘पिछले एक दशक में सौराष्ट्र, विदर्भ, मध्य प्रदेश, गुजरात और अब जम्मू-कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी जीती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इन टीमों ने एक टीम के रूप में एकजुट लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अच्छी तैयारी करने का तरीका खोज लिया है। इसने जयदेव, हर्ष दुबे (भारत ए), रजत पाटीदार, करुण नायर, अक्षर पटेल जैसे क्रिकेटरों को भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने का मौका दिया है। समय के साथ जम्मू-कश्मीर में भी इस चैंपियनशिप विजेता टीम के खिलाड़ी नजर आएंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह देश के बाकी क्रिकेटरों के लिए एक बार फिर से याद दिलाता है कि अगर वे एकजुट होकर रणजी ट्रॉफी खिताब को लक्ष्य बनाकर खेलें, तो वे या कम से कम उनके साथी खिलाड़ी देश के लिए खेल सकते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जम्मू और कश्मीर को बहुत-बहुत बधाई, यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।’’
महान स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा कि रणजी ट्रॉफी जीतना आसान नहीं है और जम्मू-कश्मीर ने जीतने का जज्बा दिखाया।
उन्होंने कहा, ‘‘ जम्मू-कश्मीर के लिए क्या शानदार दिन है। उन्होंने पूरे सत्र में बेहतरीन क्रिकेट खेला और एक टीम की तरह खेले। बहुत-बहुत बधाई और आगे भी कई ट्रॉफियां जीतें। जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में क्रिकेट को बढ़ते देखना बहुत अच्छा लगता है।’’
भारत के पूर्व हरफनमौला इरफान पठान ने कहा कि उन्हें जम्मू-कश्मीर के रणजी ट्रॉफी जीतने पर कोई संदेह नहीं था।
उन्होंने लिखा, ‘‘पहली बार रणजी ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचने के लिए जम्मू-कश्मीर क्रिकेट को बहुत-बहुत बधाई। मुझे जरा भी शक नहीं था कि आप लोग यह उपलब्धि और कई और ट्रॉफियां हासिल करेंगे।’’
मेरे पास शब्द नहीं हैं, यह मेरे जीवन का सबसे बड़ा क्षण है: डोगरा
जम्मू कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा ने शनिवार को कहा कि उनकी टीम की रणजी ट्रॉफी में ऐतिहासिक जीत को बयां करने के लिए उनके पास शब्द नहीं है और यह उनके जीवन का सबसे बड़ा क्षण है।
जम्मू कश्मीर ने कर्नाटक के खिलाफ फाइनल मैच ड्रॉ होने के बाद पहली पारी में बढ़त के आधार पर अपना पहला रणजी ट्रॉफी खिताब जीतकर इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया।
डोगरा ने मैच के बाद कहा, ‘‘सच कहूं तो मैं इसे शब्दों में बयान नहीं कर सकता, मेरे पास शब्द नहीं हैं। इस समय यह मेरे जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। विदा होने से पहले यह मेरे जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सच कहूं तो जेकेसीए (जम्मू कश्मीर क्रिकेट संघ) के साथ रहना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। यहां के खिलाड़ी बहुत अच्छे हैं और उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। मैं केवल 11 खिलाड़ियों की बात नहीं कर रहा हूं बल्कि सभी 14-15 खिलाड़ियों की बात कर रहा हूं। वे लाजवाब हैं, उन्होंने अपना पूरा योगदान दिया है और मैच जीतने के लिए बेताब रहे हैं। शुरुआत से ही उन्हें पूरा यकीन था कि हम रणजी ट्रॉफी जीतेंगे।’’
सलमान आगा का पाकिस्तान के टी20 टीम के कप्तान पद से हटना लगभग तय
पाकिस्तान टीम के कप्तान सलमान अली आगा को मौजूदा आईसीसी पुरूष टी20 विश्व कप में टीम के अभियान के बाद अपने पद से हटा दिया जायेगा।
आगा के अलावा टीम के कुछ अन्य अनुभवी खिलाड़ियों के लिए यह आखिरी टी20 टूर्नामेंट हो सकता है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के एक विश्वसनीय सूत्र के अनुसार अध्यक्ष मोहसिन नकवी इस वैश्विक आयोजन में टीम के प्रदर्शन से ‘‘असंतुष्ट’’ हैं।
सूत्र ने शनिवार को बताया, ‘‘नकवी बिल्कुल भी खुश नहीं हैं, क्योंकि इस बार उन्हें चयनकर्ताओं, टीम प्रबंधन और बोर्ड में उनके करीबी सहयोगियों ने भरोसा दिलाया था कि टीम विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन करेगी।’’
सूत्र के मुताबिक, नकवी ने आगा को टी20 कप्तानी से हटाने का मन बना लिया है। इसके साथ ही वह मुख्य कोच माइक हेसन और चयनकर्ताओं के साथ कुछ खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर स्पष्ट चर्चा करेंगे।
सूत्र ने कहा, “सलमान के अलावा बाबर आजम, उस्मान खान और कुछ अन्य खिलाड़ियों के टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर पर भी विश्व कप के बाद पर्दा गिर सकता है।”
कप्तानी की दौड़ में शादाब खान और शाहीन शाह अफरीदी के नामों पर विचार किया जा रहा है।
डेरिल मिचेल और सोभना मोस्टरी चुने गए जनवरी माह के 'आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ'
डेरिल मिचेल और सोभना मोस्टरी को जनवरी महीने के लिए 'आईसीसी मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड' दिया गया है। मिचेल ने न्यूजीलैंड को भारत में वनडे सीरीज में जबरदस्त जीत दिलाई थी। वहीं, मोस्टरी ने आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप ग्लोबल क्वालीफायर में शानदार प्रदर्शन किया था।
मिचेल ने इस अवॉर्ड के लिए भारत के सूर्यकुमार यादव और इंग्लैंड के जो रूट को पीछे छोड़ दिया। मिचेल ने न्यूजीलैंड के भारत दौरे की 50 ओवर की सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया, जहां उन्होंने वनडे फॉर्मेट में अपनी टीम की सफलता दिलाने में अहम योगदान दिया।
न्यूजीलैंड की टीम तीन मैचों की वनडे सीरीज में 0-1 से पीछे थी, जिसके बाद मिचेल ने लगातार दो सेंचुरी लगाकर उस सीरीज को पलट दिया। मिचेल ने सीरीज के पहले मैच में 84 रन बनाने के बाद अगले दो मुकाबलों में 131* और 137 रन की पारी खेली थी। उनकी इस शतकीय पारियों के दम पर न्यूजीलैंड ने सीरीज के अंतिम दो मुकाबले जीतकर सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी।
शानदार प्रदर्शन के साथ मिचेल ने वनडे सीरीज में 352 रन बनाए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया। इसी के साथ उन्होंने आईसीसी वनडे रैंकिंग में फिर से नंबर-1 स्थान हासिल किया। इसके बाद मिचेल ने पांच टी20 मुकाबलों की सीरीज में 186.56 के शानदार स्ट्राइक रेट से 125 रन बनाए।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री सहित राजनीतिक दलों ने पहला रणजी खिताब जीतने की सराहना की
जम्मू-कश्मीर की क्रिकेट टीम ने अपना पहला रणजी ट्राफी खिताब जीतकर इतिहास रच दिया जिसके बाद केंद्र शासित प्रदेश के मुख्यमंत्री और राजनीतिक दलों ने टीम की प्रशंसा के पुल बांधे।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने टीम की जीत के तुरंत बाद अपने ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा, ‘‘उन्होंने कर दिखाया। शाबाश जम्मू-कश्मीर। ’’
अब्दुल्ला टीम का हौसला बढ़ाने के लिए कर्नाटक के हुबली में ही थे।
उनकी पार्टी ने भी ‘एक्स’ पर इस जीत के लिए टीम की सराहना करते हुए कहा, ‘‘रणजी ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम के लिए ऐतिहासिक गौरव। आपने अपने जज्बे और शानदार प्रदर्शन से हर जम्मू-कश्मीरी को गर्व महसूस कराया है। ’’
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘जम्मू-कश्मीर का सबसे गौरवपूर्ण क्षण। हमारी क्रिकेट टीम को रणजी ट्रॉफी जीतते देखने की भावनाओं को बयां करना शब्दों से परे हैं। इतिहास रचने वाले हर जुझारू खिलाड़ी को पूरे केंद्र शासित प्रदेश की ओर से धन्यवाद। आपने इतिहास में अपना नाम अमर कर दिया है। ’’
पीडीपी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भी रणजी ट्रॉफी की जीत को क्षेत्र के लिए सौभाग्यपूर्ण पल बताया।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia