खेल: ICC T20 रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा कायम और संजू सैमसन का यही अवतार देखना चाहते थे दीप
आईसीसी ने टी20 की ताजा रैंकिंग जारी की है। बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारतीय टीम के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा शीर्ष पर बने हुए हैं। संजू सैमसन की पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज दीप दासगुप्ता ने प्रशंसा की है।

आईसीसी टी20 रैंकिंग: अभिषेक और ईशान का दबदबा कायम, बांग्लादेश के खिलाड़ियों को हुआ फायदा
आईसीसी ने टी20 की ताजा रैंकिंग जारी की है। बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारतीय टीम के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा शीर्ष पर बने हुए हैं। बांग्लादेश के खिलाड़ियों को ताजा रैंकिंग में फायदा हुआ है।
टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में अभिषेक शर्मा 9 मार्च के बाद से कोई इंटरनेशनल टी20 नहीं खेलने के बावजूद पहले स्थान पर बने हुए हैं। ईशान किशन दूसरे स्थान पर हैं। पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान तीसरे स्थान पर हैं। इंग्लैंड के फिल साल्ट चौथे, श्रीलंका के पाथुम निसांका पांचवें, भारत के तिलक वर्मा छठे, भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव सातवें, इंग्लैंड के जोस बटलर आठवें, दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस नौवें और जिम्बाब्वे के ब्रायन बेनेट दसवें स्थान पर हैं।
गेंदबाजों की रैंकिंग में अफगानिस्तान के राशिद खान पहले, भारत के वरुण चक्रवर्ती दूसरे,पाकिस्तान के अबरार अहमद तीसरे, इंग्लैंड के आदिल राशिद चौथे, भारत के जसप्रीत बुमराह पांचवें, ऑस्ट्रेलिया के एडम जांपा छठे, दक्षिण अफ्रीका के कॉर्बिन बोश सातवें, वेस्टइंडीज के मैथ्यू फोर्ड आठवें, अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान नौवें और ऑस्ट्रेलिया के नाथन एलिस दसवें स्थान पर हैं।
आईपीएल फाइनल सहित प्लेऑफ के मैचों की मेजबानी नहीं मिलने से निराश हैं: केएससीए
कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) ने बुधवार को मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के फाइनल को बेंगलुरु से अहमदाबाद स्थानांतरित करने के भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के फैसले पर ‘निराशा’ व्यक्त की।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के मौजूदा चैंपियन होने के कारण परंपरा के अनुसार फाइनल मैच बेंगलुरु में होना था, लेकिन बीसीसीआई ने सटीक कारण बताए बिना इस महत्वपूर्ण मैच को अहमदाबाद में स्थानांतरित कर दिया।
बीसीसीआई ने हालांकि कहा कि स्थानीय संघ और अधिकारियों की कुछ मांगों के कारण स्थान बदला गया क्योंकि ‘‘इस तरह की मांग बीसीसीआई के स्थापित दिशानिर्देशों और प्रोटोकॉल के दायरे से बाहर थीं।’’
केएससीए अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने आईपीएल 2026 की शुरुआत में घोषणा की थी कि बीसीसीआई ने बेंगलुरु को सात मैच की मेजबानी सौंपने का फैसला किया है। इनमें आरसीबी के पांच घरेलू मैच, एक प्लेऑफ और फाइनल शामिल था।
केएससीए के आधिकारिक प्रवक्ता विनय मृत्युंजय ने कहा, ‘‘केएससीए इस पर निराशा व्यक्त करता है कि आईपीएल के प्लेऑफ मैचों की मेजबानी अन्य केंद्रों को सौंपी गई है। केएससीए अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद इस संबंध में बीसीसीआई के संपर्क में थे और उन्होंने चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल प्लेऑफ की मेजबानी के लिए केएससीए की तैयारी और गहरी रुचि से औपचारिक रूप से अवगत भी कराया था।’’
मृत्युंजय ने कहा कि बीसीसीआई ने अभी तक प्लेऑफ मैचों को अन्य केंद्रों में स्थानांतरित करने के ‘विशिष्ट कारणों’ का खुलासा नहीं किया है।
पीसीबी ने बकाया नहीं चुकाने वाले प्रसारण और व्यावसायिक साझेदारों को कानूनी नोटिस भेजे
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बकाया नहीं चुकाने वाली फ्रेंचाइजी, प्रसारण और व्यावसायिक साझेदारों से अरबों रुपये का बकाया वसूलने के लिए कड़ा अभियान शुरू किया है।
पीसीबी के एक सूत्र के अनुसार हाल ही में पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) की विभिन्न फ्रेंचाइज़ियों, प्रसारण और व्यावसायिक साझेदारों को कानूनी नोटिस भेजे गए हैं। इन नोटिस में उनसे बकाया चुकाने के लिए कहा गया है जिससे कि उन्हें किसी भी कानूनी कार्रवाई का सामना नहीं करना पड़े जिसके चलते उनके संबंधित अनुबंध रद्द हो सकते हैं।
सूत्र ने बताया, ‘‘शुरुआत में पाकिस्तान सुपर लीग की कुछ बकाया नहीं चुकाने वाली फ्रेंचाइजी को भी नोटिस भेजे गए थे जिसमें उनसे अपनी बकाया सालाना फीस चुकाने या कार्रवाई का सामना करने के लिए कहा गया था। इन फ्रेंचाइजी ने अब अपना बकाया चुका दिया है लेकिन साथ ही बोर्ड से यह भी कहा है कि वे 2010 से लंबित फ्रेंचाइजी के लिए केंद्रीय पूल से बकाया उनका हिस्सा भी चुका दे।’’
अब हर मुकाबला नॉकआउट जैसा, सामूहिक रूप से बेहतर प्रदर्शन करना होगा: बदानी
दिल्ली कैपिटल्स के कोच हेमांग बदानी ने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ मैच में मिली आठ विकेट की करारी शिकस्त के बाद कहा कि टीम को मौजूदा स्थिति से उबरने के लिए सामूहिक रूप से बेहतर प्रदर्शन करना होगा और अब हर मुकाबला लगभग नॉकआउट जैसा हो गया है।
पहले बल्लेबाजी का फैसला करने के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने मंगलवार को यहां 12 ओवर में 69 रन तक पांच विकेट गंवा दिए थे। टीम ने हालांकि खराब शुरुआत से उबरते हुए सात विकेट पर 155 रन बनाए, लेकिन चेन्नई सुपरकिंग्स ने संजू सैमसन की 52 गेंदों में नाबाद 87 रन की पारी की बदौलत 17.3 ओवर में ही आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस हार से टीम के लिए प्लेऑफ में जगह बनाने की राह मुश्किल हो गई है। टीम को इसके लिए अपने बचे हुए चारों मैच में जीत दर्ज करनी होगी।
संजू सैमसन का यही अवतार हम देखना चाहते थे: दीप दासगुप्ता
आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए खेल रहे विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी से क्रिकेट की दुनिया और इससे जुड़े लोगों को रोमांचित किया हुआ है। मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नाबाद 87 रन की पारी खेल सीएसके की जीत की पटकथा लिखने वाले सैमसन की पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज दीप दासगुप्ता ने प्रशंसा की है।
दीप दासगुप्ता ने सैमसन की लगातार अच्छा खेलने और मैच जिताने की काबिलियत की तारीफ की। उन्होंने कहा कि टी20 विश्व कप 2026 के बाद से चीजें बदल गई हैं। उन्होंने सेमीफाइनल और फाइनल में मैच जिताने वाली पारियां खेली थीं। यह सैमसन का सबसे अच्छा वर्जन है जिसे क्रिकेट जगत देख रहा है।
ईएसपीएनक्रिकइंफो पर दीप दासगुप्ता ने कहा, "संजू सैमसन का यह वही वर्जन है जिसे हम काफी सालों से देखना चाहते थे। हर सीजन में वह ऐसी कुछ पारियां खेलते हैं। हम कहते हैं, 'वाह, क्या खिलाड़ी है।' लेकिन, फिर यह सिर्फ कुछ पारियां ही रह जाती हैं। लेकिन टी20 विश्व कप के बाद उनकी फॉर्म में निरंतरता रही है।"
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
