खेल: T20 वर्ल्ड कप से पहले श्री सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे भारतीय खिलाड़ी और U-19 टीम के लिए BCCI का बड़ा ऐलान

टीम इंडिया के सदस्यों और सपोर्ट स्टाफ ने श्री सिद्धिविनायक मंदिर जाकर भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया। बीसीसीआई ने विश्व कप विजेता टीम, टेक्निकल स्टाफ और सिलेक्शन कमिटी के लिए कुल 7.5 करोड़ रुपए के कैश अवॉर्ड की घोषणा की है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

टी20 वर्ल्ड कप से पहले श्री सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे भारतीय खिलाड़ी, बप्पा से लिया आशीर्वाद 

भारतीय टीम शनिवार को यूएसए के खिलाफ मुकाबले के साथ टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत करेगी। यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है, जिससे पहले टीम इंडिया के सदस्यों और सपोर्ट स्टाफ ने श्री सिद्धिविनायक मंदिर जाकर भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया।

स्पिन जोड़ी कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती के साथ टीम के फील्डिंग कोच दिलीप श्री सिद्धिविनायक भी मंदिर पहुंचे। मंदिर अधिकारियों ने तीनों को एक स्मृति चिन्ह भेंट किया। इससे पहले गुरुवार को, हेड कोच गौतम गंभीर श्री सिद्धिविनायक मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे।

भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-ए में रखा गया है, जिसमें पाकिस्तान, नामीबिया, नीदरलैंड और यूएसए भी मौजूद हैं।

टीम इंडिया अपना पहला मैच 7 फरवरी को यूएसए के खिलाफ खेलेगी, जिसके बाद 12 फरवरी को नामीबिया के विरुद्ध मुकाबले में उतरेगी। 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच हाईवोल्टेज मैच खेला जाना है, जिस पर फिलहाल सस्पेंस है। वहीं, 18 फरवरी को नीदरलैंड की टीम का सामना भारत से होगा।

बीसीसीआई का ऐलान, अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता टीम को मिलेगा 7.5 करोड़ रुपए का कैश अवॉर्ड

भारत ने शुक्रवार को इंग्लैंड के खिलाफ जीत दर्ज करते हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम किया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने विश्व कप विजेता टीम, टेक्निकल स्टाफ और सिलेक्शन कमिटी के लिए कुल 7.5 करोड़ रुपए के कैश अवॉर्ड की घोषणा की है।

बीसीसीआई के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने शनिवार को 'आईएएनएस' को बताया, "जिम्बाब्वे और नामीबिया में अंडर-19 मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम को 7.5 करोड़ रुपए का कैश अवॉर्ड दिया जाएगा। हम खिलाड़ियों, टेक्निकल स्टाफ और सिलेक्शन कमिटी के लिए इनाम की रकम के बंटवारे पर काम कर रहे हैं, लेकिन बीसीसीआई की ओर से उन्हें कुल 7.5 करोड़ रुपए का इनाम दिया जाएगा।"

हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए फाइनल मैच में भारत ने वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी के दम पर 9 विकेट खोकर 411 रन बनाए थे। सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में 15 चौकों और इतने ही छक्कों के साथ 175 रन की पारी खेली थी, जबकि कप्तान आयुष म्हात्रे ने 51 गेंदों में 53 रन जोड़े।

 इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवरों में महज 311 रन पर सिमट गई। इस टीम के लिए कैलेब फाल्कनर ने 67 गेंदों में 7 छक्कों और 9 चौकों के साथ 115 रन की पारी खेली, जबकि बेन डॉकिन्स ने 66 रन का योगदान टीम के खाते में दिया, लेकिन इंग्लैंड को शर्मनाक हार के बचा नहीं सके।


चिदंबरम स्टेडियम नई आउटफील्ड, ड्रेनेज प्रणाली के साथ टी20 विश्व कप का स्वागत करने के लिए तैयार

मशहूर एमए चिदंबरम स्टेडियम में आठ महीने तक चले मरम्मत के काम के बाद बेहतरीन आउटफील्ड और पानी के निकास के लिए अच्छी ‘ड्रेनेज’ प्रणाली के साथ आईसीसी टी20 विश्व कप से पहले समय पर तैयार हो चुका है।

इतने महीनों तक यहां जेसीबी, लिफ्टर और लोडर की तेज गड़गड़ाहट गूंजती रही। तमिलनाडु क्रिकेट संघ (टीएनसीए) ने विश्व कप नजदीक आने पर इतना समय लेने वाला काम करने का फैसला क्यों किया? यह पूछने पर इसके सचिव यू भगवानदास राव ने कहा, ‘ हमने पिछली बार यह आउटफील्ड शायद 2011 में बनाई थी इसलिए काफी समय हो गया था। इस पूरे काम में हमें जून (2025) से शुरू करके लगभग आठ महीने लगे। ’’

राव ने कहा कि आउटफील्ड को दोबारा बनाने और नियमित रखरखाव के कामों के साथ-साथ ‘ड्रेनेज’ (पानी के निकास) प्रणाली को अपग्रेड करना अहम था।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने स्टेडियम के पूरे ड्रेनेज सिस्टम को बदल दिया है और पूरी तरह से अपग्रेड किया है जिसमें मोटर, स्प्रिंकलर सिस्टम, स्टेडियम से बाहर निकलने वाला ड्रेनेज फ्लो, सब बदल दिया गया है। ’’

धड़कनें बढ़ी हुई थी लेकिन लक्ष्य हासिल करने का भरोसा था: फहीम

पाकिस्तान के हरफनमौला फहीम अशरफ ने स्वीकार किया कि नीदरलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप के शुरुआती मैच में लक्ष्य का पीछा करते हुए आखिरी ओवरों में उनका दिल तेजी से धड़क रहा था लेकिन उन्हें भरोसा था कि वह “एक ओवर में जितने भी रन चाहिए हों, बना सकते हैं’’।

फहीम 11 गेंद में नाबाद 29 रन की पारी के साथ पाकिस्तान के नायक बनकर उभरे। उन्होंने पारी के 19वें ओवर में तीन छक्के और एक चौके के साथ 24 रन बटोर कर मैच का रूख पाकिस्तान की तरफ मोड़ दिया।

इस रोमांचक मैच के बाद उन्होंने पुरस्कार समारोह में कहा, ‘‘हम पिछले एक साल से इसी तरह की क्रिकेट खेल रहे हैं। दिल की धड़कन ऊपर-नीचे होती रहती है। ऐसा पहले भी कई बार हुआ है। हम इसके आदी हैं।”

प्लेयर ऑफ द मैच फहीम ने कहा, ‘‘मैं और शाहीन (शाह अफरीदी) विकेट बचाने की बात कर रहे थे। हमें पता था कि हम एक ओवर में जितने भी रन चाहिए हों, बना सकते हैं।”


विश्व कप में अधिक टीम का खेलना अच्छा है: राशिद खान

अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने टी20 विश्व कप के मौजूदा चरण से 20 टीम के विस्तार का स्वागत करते हुए शनिवार को कहा कि इससे और अधिक देशों के खिलाड़ियों को वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है।

आईसीसी टी20 विश्व कप का 2026 चरण टीम की संख्या के लिहाज से अब तक का सबसे बड़ा टूर्नामेंट है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले मैच की पूर्व संध्या पर राशिद ने कहा, ‘‘विश्व कप में ज्यादा टीम का होना हमेशा अच्छा है। इससे कई देश इसमें शामिल होगें और आपको बहुत नयी प्रतिभाएं देखने को मिलेंगी। अलग-अलग टीमें आती हैं। मुझे लगता है कि इसी तरह विश्व कप और बड़ा बनता जाता है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘आप जीतें या हारें, इससे फर्क नहीं पड़ता। लेकिन आप दुनिया को यह दिखाते हैं कि आप किसी भी टीम को, कभी भी हरा सकते हैं, बशर्ते आपके अंदर वह विश्वास हो।”

अफगानिस्तान ग्रुप डी में न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों के साथ है और राशिद ने कहा कि टीम मुश्किल सफर के लिए तैयार है।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए