खेल: नीदरलैंड के खिलाफ मैच के लिए भारतीय टीम लीड्स पहुंची और विश्व कप के अधिकारी पर नस्लवाद का आरोप

बीसीसीआई ने एक्स पर महिला टीम की बर्मिंघम से हेडिंग्ले की यात्रा को साझा किया है। फीफा की समिति ने भी कहा कि इस ऑस्ट्रेलियाई अधिकारी ने खेल के अनुशासनात्मक नियमों का उल्लंघन नहीं किया है।

फोटो: IANS
i

महिला टी20 विश्व कप 2026: नीदरलैंड के खिलाफ मैच के लिए भारतीय टीम लीड्स पहुंची

भारतीय टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 में अपने सफर का दमदार आगाज किया था। टीम इंडिया ने रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ जीत हासिल कर विश्व कप अभियान की शुरुआत विजयी अंदाज में की थी। भारत का ग्रुप स्टेज का दूसरा मैच नीदरलैंड के साथ होना है और इसके लिए टीम लीड्स पहुंच गई है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक्स पर महिला टीम की बर्मिंघम से हेडिंग्ले की यात्रा को साझा किया है। वीडियो में जेमिमा रोड्रिग्स, श्रेयंका पाटिल, स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा समेत टीम की दूसरी सदस्यों ने अपनी साथियों के बारे में अपने विचार शेयर किए हैं।

अरुंधति रेड्डी के बारे में स्मृति मंधाना ने कहा, "वह मुझे तैयारी और ग्राउंड पर सही चीजें करने के लिए प्रेरित करती हैं।"

वहीं अरुंधति ने मंधाना के बारे में कहा, "उनके बारे में एक अच्छी बात यह है कि जब मैं विदेश आती हूं तो मैं जिस भी जगह खाना खाती हूं, वह वही चुनती हैं और अक्सर वहां का खाना बहुत अच्छा होता है। इसलिए अगर कोई जानना चाहता है कि कहां जाना है और क्या देखना है, तो उनसे संपर्क करें।"

भारत और नीदरलैंड के बीच मैच बुधवार को लीड्स, हेंडिग्ले में शाम 7 बजे से खेला जाएगा।

टाइम पत्रिका की 100 सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों की सूची में स्मृति मंधाना एकमात्र भारतीय

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप कप्तान स्मृति मंधाना को टाइम पत्रिका ने इस वर्ष खेल जगत के 100 सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों में शामिल किया है। वह इस सूची में शामिल होने वाली एकमात्र भारतीय हैं।

टाइम पत्रिका की 2026 की खेल जगत के 100 सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों की सूची में ऐसे खिलाड़ी, कोच, समर्थक और निवेशक शामिल हैं जिन्होंने खेलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इस सूची में अमेरिकी बास्केटबॉल के दिग्गज लेब्रॉन जेम्स, फुटबॉल स्टार लियोनेल मेस्सी, क्रिस्टियानो रोनाल्डो, चीनी-अमेरिकी स्कीयर एलीन गु, टेनिस स्टार कार्लोस अल्काराज़, बास्केटबॉल खिलाड़ी विक्टर वेम्बन्यामा, दिग्गज गोल्फर रोरी मैकलॉय, दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट कप्तान तेम्बा बावुमा जैसे खेल जगत के सुपरस्टार शामिल हैं।

भारतीय महिला राष्ट्रीय टीम की उप-कप्तान 29 वर्षीय मंधाना इस विशिष्ट क्लब का हिस्सा हैं।


विश्व कप के अधिकारी पर नस्लवाद का आरोप, फीफा ने कहा, कोई उल्लंघन नहीं हुआ

विश्व कप के एक वीडियो समीक्षा रेफरी ने कहा कि श्वेत वर्चस्ववादी चिन्ह से मिलता-जुलता उनका हाथ का इशारा बिना किसी पूर्व योजना के नहीं बल्कि अचानक हुआ और विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा की समिति ने भी कहा कि इस ऑस्ट्रेलियाई अधिकारी ने खेल के अनुशासनात्मक नियमों का उल्लंघन नहीं किया है।

इस तरह का इशारा करने के कारण रेफरी शॉन इवांस को टूर्नामेंट से हटाने की मांग की जा रही है।

जर्मनी की रविवार को क्यूरासाओ के खिलाफ 7-1 से जीत के दौरान इवांस ने डलास स्थित विश्व कप प्रसारण केंद्र में वीडियो सहायक रेफरी के रूप में काम किया था।

जब खेल शुरू होने से पहले कैमरा आधिकारिक प्रसारण वीडियो समीक्षा अधिकारियों को दिखाने के लिए रुका तो इवांस ने अपने दाहिने हाथ से अपने दाहिने पैर के सामने ‘ओके’ का संकेत बनाया।

फीफा के एक बयान में इवांस ने कहा, ‘‘मैंने जानबूझकर किसी संदेश, संबद्धता, खेल या किसी भी प्रकार के विश्वास को व्यक्त करने के लिए हाथ का इशारा या चिह्न नहीं बनाया था। मैं केवल यही स्पष्टीकरण दे सकता हूं कि वह हरकत अनैच्छिक, अवचेतन में हुई थी और मुझे उस समय इसका अहसास नहीं था। मैच के दौरान ली गई तस्वीरों से पता चला कि मैंने अपनी उंगलियों के बीच पेन पकड़े हुए इस हरकत को कई बार दोहराया था।’

विश्व कप का पहला मैच हारने के बाद ट्यूनीशियाई कोच बर्खास्त

ट्यूनीशिया ने विश्व कप फुटबॉल के पहले मैच में स्वीडन से 1 . 5 से मिली हार के बाद कोच साबरी लामूची को बर्खास्त करके फ्रेंच कोच हर्वे रेनार्ड को नियुक्त किया। ट्यूनीशियाई फुटबॉल महासंघ ने सोशल मीडिया पर बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। 54 वर्ष के लामूची को जनवरी में ही कोच बनाया गया था ।

इस हार के बाद ट्यूनीशिया की अंतिम 32 में पहुंचने की राह मुश्किल हो गई है । टीम को शनिवार को जापान से और 25 जून को नीदरलैंड से खेलना है ।

इससे पहले 1998 विश्व कप में ग्रुप चरण में इंग्लैंड और कोलंबिया से हारने के बाद भी ट्यूनीशिया ने कोच हेनरिक कास्परजाक को हटा दिया था । ट्यूनीशिया सातवीं बार विश्व कप खेल रहा है लेकिन कभी ग्रुप चरण से आगे नहीं गया ।


विंबलडन में जोड़ी बनाकर खेलेंगी सेरेना और वीनस विलियम्स

दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी सेरेना और वीनस विलियम्स आगामी विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के महिला युगल वर्ग में एक बार फिर जोड़ी बनाकर खेलेंगी।

ऑल इंग्लैंड क्लब ने दो हफ्ते से कम समय में शुरू होने वाले इस ग्रास कोर्ट ग्रैंडस्लैम के लिए मंगलवार को विलिम्स बहनों को वाइल्ड कार्ड निमंत्रण देने की घोषणा की।

सेरेना ने लगभग चार साल तक पेशेवर टेनिस से दूर रहने के बाद हाल में 44 साल की उम्र में प्रतिस्पर्धी टेनिस में वापसी की।

सेरेना और वीनस महिला एकल के अलावा महिला युगल में भी दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी रही हैं।

वीनस बुधवार को 46 बरस की हो गईं।

सेरेना और वीनस ने महिला युगल में मिलकर 14 ग्रैंडस्लैम खिताब जीते हैं जिसमें छह विंबलडन खिताब भी शामिल हैं। उन्होंने अपना पहला विंबलडन खिताब 2000 में और आखिारी 2016 में जीता। उन्होंने 2000 और 2002 में विंबलडन में अपने शुरुआती दो खिताब वाइल्ड कार्ड धारक के रूप में जीते।

आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए