खेल: तीसरे ODI से पहले इंजरी ने बढ़ाई न्यूजीलैंड की मुश्किल और उस्मान ख्वाजा को मिला डेविड वॉर्नर का समर्थन

न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक फर्ग्यूसन टी20 सीरीज के दौरान लगी दाहिनी पिंडली की चोट से पूरी तरह ठीक नहीं हुए हैं। डेविड वार्नर ने वीडियो में कहा, ‘‘आपने जो कुछ कहा है वह शत प्रतिशत सही है।’’

तीसरे ODI से पहले इंजरी ने बढ़ाई न्यूजीलैंड की मुश्किल
i

लॉकी फर्ग्यूसन और ब्लेयर टिकनर की इंजरी ने बढ़ाई न्यूजीलैंड की मुश्किल

तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन भारत के खिलाफ चल रही वनडे सीरीज के आखिरी 2 मैचों में न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा नहीं होंगे। वहीं, तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर वेलिंगटन वनडे में हेलमेट पर चोट लगने के बाद सात दिन के स्टैंड-डाउन पीरियड में रहेंगे।

न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक फर्ग्यूसन टी20 सीरीज के दौरान लगी दाहिनी पिंडली की चोट से पूरी तरह ठीक नहीं हुए हैं। टिकनर की कनकशन की समस्या ठीक हो गई है, लेकिन वह आईसीसी के जरूरी सात दिन के स्टैंड-डाउन पीरियड में रहेंगे। इस वजह से वे भी अगले दो मैच नहीं खेल पाएंगे।

गेंदबाजी ऑलराउंडर क्रिस्टियन क्लार्क, जिन्हें आखिरी दो वनडे के लिए टीम में जगह दी गई थी, उन्हें हैमिल्टन में होने वाले तीसरे वनडे से पहले टिकनर के कवर के तौर पर बुलाया गया है। मैट हेनरी को चौथे वनडे में वापसी करने की सलाह दी गई है।

न्यूजीलैंड क्रिकेट के अनुसार, हेनरी और काइल जैमीसन, जो तीसरे वनडे के बाद वेलिंगटन में टेस्ट कैंप में शामिल होने वाले थे, अब चौथे गेम के लिए भी रुकेंगे। टॉम लैथम, डेरिल मिशेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स और नाथन स्मिथ टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए तीसरे वनडे के एक दिन बाद बुधवार को वेलिंगटन जाएंगे, जिसके लिए टीम की घोषणा जल्द ही की जाएगी।

वार्नर ने ख्वाजा के सैंडपेपर विवाद से जुड़े बयान का समर्थन किया

डेविड वार्नर ने 2018 में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को हिलाकर रख देने वाले ‘सैंडपेपरगेट’ (रेगमाल से गेंद की सतह खुरदरी करने का मामला) विवाद में पूरी टीम की संलिप्तता के दावे का समर्थन किया है। इस विवाद के कारण वार्नर, स्टीव स्मिथ और कैमरन बैनक्रॉफ्ट पर लंबे समय तक प्रतिबंध लगा था।

ऑस्ट्रेलियाई टीम के अपने साथी उस्मान ख्वाजा की जल्द प्रकाशित होने वाली किताब के कुछ अंश सामने आने के कुछ दिन बाद वार्नर ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया। ख्वाजा ने अपनी किताब में संकेत दिया है कि केपटाउन में गेंद से छेड़छाड़ के मामले में प्रतिबंधित किए गए तीनों खिलाड़ियों को पूरी टीम की गलतियों के लिए बलि का बकरा बनाया गया था।

वार्नर ने वीडियो में कहा, ‘‘आपने जो कुछ कहा है वह शत प्रतिशत सही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस विषय पर बात किए हुए मुझे आठ साल हो गए हैं। उज्जी (ख्वाजा), मैं पूरी तरह आपके साथ हूं। आपने जो किया है उसके लिए मैं आपका शुक्रिया अदा करता हूं। अब हर कोई सच्चाई जानता है। यह सबके सामने आ गई है। लोग इसे जानना चाहते थे और आपने सामने आकर अपनी बात कह दी।’’

वार्नर ने कहा, ‘‘यह मेरे परिवार के लिए, स्टीव और कैमरन के लिए निश्चित रूप से मुश्किल समय था लेकिन यह बात सामने आना जरूरी था। उज्जी, मैं आपका पूरा समर्थन करता हूं।’’


भारत के युवा तेज गेंदबाजों ने हमारे बल्लेबाजों को परेशान किया, रोंची ने कहा

न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी कोच ल्यूक रोंची भारतीय टीम के युवा तेज गेंदबाजी आक्रमण से काफी प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि भारत के युवा तेज गेंदबाजों ने पहले दो एकदिवसीय मुकाबलों में मेजबान टीम के बल्लेबाजों के सामने लगातार कड़ी चुनौती पेश की जिनमें मेजबान टीम क्रमश: 185 और 134 रन पर सिमट गई थी।

अर्शदीप सिंह, आकिब नबी, अंशुल कंबोज और गुरनूर बरार की चौकड़ी ने ऑकलैंड और वेलिंगटन में न्यूजीलैंड के 20 विकेट में से 17 विकेट हासिल किए।

पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज रोंची ने कहा, ‘‘हां, उन्होंने काफी अच्छी गेंदबाजी की है। वे बल्लेबाजों से लगातार मुश्किल सवाल पूछ रहे है। उनके लिए यह अच्छा अनुभव होगा। वे ऐसे मुकाबलों में खेल रहे हैं जहां गेंद ज्यादा स्विंग नहीं कर रही बल्कि उन्हें पिच से मदद मिल रही है और वे इससे खुश होंगे।’’

रोंची इस बात से भी प्रभावित हैं कि उपमहाद्वीप की सपाट पिचों पर गेंदबाजी करने के आदी होने के बावजूद भारतीय युवा गेंदबाजों ने तेज गेंदबाजों की अनुकूल परिस्थितियों में सही लेंथ हासिल की है।

बारिश के कारण भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच तीसरे दिन का खेल रद्द

लगातार बारिश के कारण भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच यहां खेले जा रहे तीसरे और अंतिम अनौपचारिक टेस्ट मैच के तीसरे दिन सोमवार को एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी।

दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड ए ने दो विकेट पर 36 रन बना लिए थे। भारत ए ने अपनी पहली पारी पांच विकेट पर 464 रन बनाकर घोषित की थी।

भारत ए की ओर से सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने दौरे में लगातार दूसरा शतक जड़ते हुए 102 रन बनाए। उनके अलावा साई सुदर्शन ने 88, ध्रुव जुरेल ने 71, तिलक वर्मा ने नाबाद 81 और वाशिंगटन सुंदर ने नाबाद 50 रन का योगदान दिया।

दोनों टीम के बीच शुरुआती दो मुकाबले ड्रॉ रहे थे।

तीसरे दिन का खेल बारिश की भेंट चढ़ने से भारतीय टेस्ट तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैच की शृंखला से पहले मैच अभ्यास का मौका नहीं मिल सका। दोनों गेंदबाज ब्रेक के बाद वापसी कर रहे हैं।

दूसरे दिन शाम को बुमराह ने छह ओवर गेंदबाजी की लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। वहीं प्रसिद्ध कृष्णा ने न्यूजीलैंड ए की पहली पारी में गिरे दोनों विकेट हासिल किए।


सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी: महाराष्ट्र की 18 सदस्यीय टीम घोषित, गायकवाड़ और शॉ मुख्य आकर्षण

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए सोमवार को महाराष्ट्र की 18 सदस्यीय टीम घोषित कर दी गई है, जिसमें दाएं हाथ के बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ और पृथ्वी शॉ प्रमुख नाम हैं। 

यह टीम अपने ग्रुप स्टेज के सभी मैच 14 से 26 नवंबर के बीच खेलेगी। इन मुकाबलों की मेजबानी मोहाली और न्यू चंडीगढ़ करेगा। महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने अभी तक टीम के कप्तान की घोषणा नहीं की है।

 गायकवाड़ फिलहाल न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम के साथ हैं, जो 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई में खत्म होगी। गायकवाड़ और शॉ के अलावा, महाराष्ट्र की टीम में राहुल त्रिपाठी, साहिल पारख, सिद्धेश वीर और बैटिंग ऑलराउंडर अर्शिन कुलकर्णी शामिल हैं।

 न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी रेड-बॉल सीरीज के लिए इंडिया ए टीम में चुने गए बाएं हाथ के गेंदबाज मुकेश चौधरी तेज गेंदबाजी आक्रमण की कमान संभाल सकते हैं, जबकि बाएं हाथ के स्पिनर विक्की ओस्तवाल मिडिल ओवरों में अहम भूमिका निभाएंगे।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए