IPL 2026: 'हर टीम को ऐसी दिक्कतों से गुजरना पड़ता है', जीटी से हार पर SRH कोच डेनियल विटोरी
विटोरी ने कहा कि हमें अच्छी शुरुआत नहीं मिलने का उन्होंने फायदा उठाया और बेहतरीन गेंदबाजी की। हमें उनके तेज गेंदबाजों और राशिद खान को खेलने की चुनौती का अंदाजा पहले से था।

आईपीएल 2026 में मंगलवार को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में हुए मुकाबले में गुजरात टाइटंस (जीटी) ने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 82 रन से हरा दिया। इस बड़ी हार की वजह से एसआरएच अंकतालिका में पहले स्थान से फिसलकर तीसरे स्थान पर आ गई है। एसआरएच की रन रेट में भी गिरावट आई है। एसआरएच की हार के बाद हेड कोच डेनियल विटोरी ने कहा कि हर टीम को टूर्नामेंट में कभी-कभी ऐसी स्थिति से गुजरना पड़ता है।
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में विटोरी ने कहा, "हमें पता था कि हमें अच्छी शुरुआत करनी है, लेकिन हम ऐसा नहीं कर पाए। मेरा मतलब है कि अगर उन्होंने 200 रन बनाए होते, तो हमें पता होता कि यह बहुत मुश्किल होगा। लक्ष्य 169 रन होने की वजह से हमारे पास मौका था। लेकिन हम बेहतर शुरुआत नहीं कर सके। हालांकि, मैं बल्लेबाजों पर कोई दोष नहीं लगाना चाहता। वे इस साल बहुत बढ़िया रहे हैं। सीजन में हर टीम को कभी-कभी छोटी-मोटी दिक्कतें का सामना करना पड़ता है। हमारे साथ भी इस मैच में दिक्कत रही।"
विटोरी ने कहा कि हमें अच्छी शुरुआत नहीं मिलने का उन्होंने फायदा उठाया और बेहतरीन गेंदबाजी की। हमें उनके तेज गेंदबाजों और राशिद खान को खेलने की चुनौती का अंदाजा पहले से था।
मैच पर नजर डालें तो गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए साई सुदर्शन के 61 और वाशिंगटन सुंदर के 50 रनों की मदद से 5 विकेट पर 168 रन बनाए थे। 169 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी एसआरएच की बल्लेबाजी 14.5 ओवर में 86 रन पर सिमट गई और 82 रन से मैच हार गई।
जीटी के लिए कगिसो रबाडा ने 4 ओवर में 28 रन देकर 3 और जेसन होल्डर ने 4 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट लिए। प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 ओवर में 23 रन देकर 2 विकेट लिए। सिराज और राशिद को 1-1 विकेट मिला।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
