IPL 2026 Final Today: अहमदाबाद में आज खिताबी जंग, क्या आज अपने घर में बाजी मारेगी GT, या RCB रचेगी नया इतिहास?

गुजरात टाइटंस ने अहमदाबाद के इस मैदान पर अब तक 22 मुकाबले खेले हैं। इसमें से टीम को 15 में जीत मिली है। आरसीबी का रिकॉर्ड अहमदाबाद में मिलाजुला रहा है। टीम ने इस ग्राउंड पर अब तक कुल 8 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को 4 में जीत नसीब हुई है।

फोटो: ians
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच रविवार को खेला जाएगा। इस महामुकाबले की मेजबानी अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम करेगा। जीटी का अपने घरेलू मैदान पर रिकॉर्ड शानदार रहा है।

गुजरात टाइटंस ने अहमदाबाद के इस मैदान पर अब तक 22 मुकाबले खेले हैं। इसमें से टीम को 15 में जीत मिली है। आईपीएल 2026 में जीटी ने नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले 7 मुकाबलों में से 5 में जीत दर्ज की है, जबकि 2 में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। गुजरात टाइटंस ने आईपीएल का पहला खिताब इसी मैदान पर साल 2022 में राजस्थान रॉयल्स को हराकर जीता था। वहीं, साल 2023 में जीटी ने दूसरे क्वालीफायर में मुंबई इंडियंस को हराकर फाइनल का टिकट भी हासिल किया था।


आईपीएल 2026 में अहमदाबाद के इस ग्राउंड पर आरसीबी और जीटी की एक बार भिड़ंत हो चुकी है, जहां गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पूरी टीम को सिर्फ 155 रनों पर ढेर कर दिया था। अरशद खान और राशिद की गेंदबाजी का जादू चला था, जबकि जेसन होल्डर भी कारगर साबित हुए थे। वहीं, बल्लेबाजी में शुभमन गिल ने सिर्फ 18 गेंदों में 43 रनों की दमदार पारी खेली थी, जबकि जोस बटलर ने 19 गेंदों में 39 रन बनाए थे।

वहीं, आरसीबी का रिकॉर्ड अहमदाबाद में मिलाजुला रहा है। टीम ने इस ग्राउंड पर अब तक कुल 8 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को 4 में जीत नसीब हुई है। वहीं, 4 मुकाबलों में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को हार झेलनी पड़ी है। नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में जीटी के खिलाफ आरसीबी ने 2 मैच खेले हैं।


एक मुकाबले में आरसीबी को जीत मिली है, तो एक में हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि, आरसीबी ने पिछले सीजन 18 साल का सूखा खत्म करते हुए इसी मैदान पर आईपीएल की ट्रॉफी को पहली बार अपने नाम किया था। फाइनल में टीम ने पंजाब किंग्स को 6 रनों से हराया था।