IPL 2026: बांग्लादेश में मैच दिखाने पर बड़ा यू-टर्न, अब नहीं होगा प्रसारण, जानें अब क्या हुआ?
सामने आई रिपोर्ट में बताया गया कि भारत के जियोस्टार ने बांग्लादेश में आईपीएल प्रसारण के समझौते को खत्म कर दिया है। इसके बाद भारत के पड़ोसी देश में टूर्नामेंट का प्रसारण लगभग नामुमकिन सा हो गया है।

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत हो चुकी है। बांग्लादेश सरकार ने अपने देश में इस लीग के प्रसारण के लिए दरवाजे खोल दिए थे। लेकिन अब सिर्फ 2 दिन के बाद यानी 30 मार्च, सोमवार को खबर सामने आई कि बांग्लादेश में आईपीएल प्रसारण से बैन हटाने वाले फैसले पर बड़ा यू-टर्न लिया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नवनियुक्त सूचना और प्रसारण मंत्री जहीर उद्दीन स्वपन ने कहा था कि बांग्लादेश में आगामी आईपीएल सीजन के प्रसारण पर कोई रोक नहीं है। लेकिन सामने आई रिपोर्ट में बताया गया कि भारत के जियोस्टार ने बांग्लादेश में आईपीएल प्रसारण के समझौते को खत्म कर दिया है। इसके बाद भारत के पड़ोसी देश में टूर्नामेंट का प्रसारण लगभग नामुमकिन सा हो गया है।
रॉयटर्स के मुताबिक, जियोस्टार ने बांग्लादेश के ब्रॉडकास्टर टीस्पोर्ट्स को एक लेटर भेजकर समझौता तत्काल प्रभाव से समाप्त करने की सूचना दी है। समझौते में तय भुगतान समयसीमा का पालन न करना और भुगतान में चूक इस फैसले का कारण बताया गया है। इसके साथ ही बताया गया कि यह नियम महिला आईपीएल यानी विमेंस प्रीमियर लीग पर भी लागू होता है।
इससे पहले जहीर उद्दीन स्वपन ने कहा था, "आईपीएल प्रसारण के लिए किसी ने भी हमसे आवेदन नहीं किया है। हम खेल में राजनीति को नहीं मिलाना चाहते। हम इसे एक व्यावसायिक नजरिए से देखेंगे। इससे पहले, युवा और खेल मामलों के राज्य मंत्री अमीनुल हक ने 'क्रिकबज' को बताया था कि वह पिछली अंतरिम सरकार की ओर से आईपीएल प्रसारण पर बैन लगाए जाने के बाद इसके संबंध में संबंधित अधिकारियों से बात करेंगे।
बांग्लादेश में IPL का प्रसारण बैन क्यों हुआ था?
आईपीएल 2026 के लिए हुए ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये की कीमत में खरीदा था। जिस समय मुस्तफिजुर रहमान को खरीदा गया था, उस वक्त बांग्लादेश में हिंसक प्रदर्शन देखने को मिल रहे थे। वहां की अल्पसंख्यक हिंदू आबादी पर जुल्म और अत्याचार की खबरें सामने आईं थी। इसको देखकर भारत में विरोध तेज हुआ कि बांग्लादेशी खिलाड़ी आईपीएल में नहीं खेलेगा, हुआ भी ऐसा।
बीसीसीआई के आदेश पर केकेआर ने मुस्तफिजुर को रिलीज कर दिया, जिसके बाद नाराज बांग्लादेश सरकार ने अपने देश में आईपीएल के प्रसारण पर बैन लगाने का फैसला किया था।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia