IPL 2026: 'एक अच्छा थ्रो सब कुछ बदल सकता था', अभिषेक शर्मा के रन आउट का मौका छूटने पर हरभजन ने DC को घेरा
अभिषेक इतनी बड़ी पारी नहीं खेल पाते अगर दिल्ली कैपिटल्स के द्वारा उनका रन आउट का मौका नहीं छूटता। उनकी विकेट मैच की तस्वीर पूरी तरह बदल सकती थी।

आईपीएल 2026 में मंगलवार को हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के बीच खेले गए मैच में अभिषेक शर्मा बड़ा अंतर साबित हुए। एसआरएच के इस सलामी बल्लेबाज ने 68 गेंदों पर नाबाद 135 रन की पारी खेल अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
अभिषेक इतनी बड़ी पारी नहीं खेल पाते अगर दिल्ली कैपिटल्स के द्वारा उनका रन आउट का मौका नहीं छूटता। उनकी विकेट मैच की तस्वीर पूरी तरह बदल सकती थी। पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने भी अभिषेक शर्मा का रन आउट छोड़े जाने को डीसी की सबसे बड़ी गलती करार दिया।
जियोहॉस्टार के 'मैच सेंटर लाइव' पर बात करते हुए जियोस्टार एक्सपर्ट हरभजन सिंह ने अभिषेक शर्मा के मिस्ड रन-आउट के बारे में कहा, "वो मैच का एक अहम पल था। अगर अभिषेक शर्मा आउट हो जाते, तो गेम बहुत अलग दिख सकता था। उन्होंने एक अहम पारी खेली और उस बड़े टोटल के पीछे मुख्य कारण थे। जब कोई टीम 240 से ज्यादा रन बनाती है, तो आमतौर पर ऐसे ही पल आते हैं, और यह वही पल था जिसने गेम को पूरी तरह से बदल दिया। वह काफी शॉर्ट थे, और एक डायरेक्ट हिट या एक अच्छा थ्रो सब कुछ बदल सकता था।"
एसआरएच की पारी के 9वें ओवर में अभिषेक शर्मा के रन आउट का मौका विकेटकीपर केएल राहुल से छूट गया था। उस समय अभिषेक मात्र 49 रन पर खेल रहे थे। अभिषेक एक शॉट खेलकर दूसरा रन लेने के प्रयास में क्रीज से काफी बाहर रह गए थे, लेकिन राहुल के दस्तानों में गेंद सही से न आने के कारण वे रन आउट करने से चूक गए। राहुल की गलती डीसी पर भारी पड़ी। शर्मा ने 68 गेंदों पर 10 छक्कों और 10 चौकों की मदद से नाबाद 135 रन बनाए। उनकी इस पारी की बदौलत एसआरएच ने 242 रन बनाए और डीसी को 195 रन पर रोककर मैच 47 रन से जीता।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia