IPL 2026: दूसरे चरण का शेड्यूल जारी, 12 अलग-अलग स्टेडियम में खेले जाएंगे मुकाबले

दूसरे चरण के मैच बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर, धर्मशाला, रायपुर और न्यू चंडीगढ़ में होंगे। जैसे-जैसे टूर्नामेंट अपने अहम पड़ाव पर पहुंचेगा, टीमें प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए अलग-अलग स्टेडियम में एक-दूसरे से भिड़ेंगी।

फोटो: IANS
i
user

आईएएनएस

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के दूसरे चरण का शेड्यूल जारी कर दिया है। लीग चरण के शेष 50 मुकाबले 13 अप्रैल से 24 मई तक भारत के 12 अलग-अलग स्टेडियम में आयोजित होंगे। नए सीजन की शुरुआत 28 मार्च को होगी, जिसके लिए शुरुआती 20 मुकाबलों का शेड्यूल पहले ही जारी कर दिया गया था।

दूसरे चरण के मैच बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर, धर्मशाला, रायपुर और न्यू चंडीगढ़ में होंगे। जैसे-जैसे टूर्नामेंट अपने अहम पड़ाव पर पहुंचेगा, टीमें प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए अलग-अलग स्टेडियम में एक-दूसरे से भिड़ेंगी।

दूसरे चरण की शुरुआत 13 अप्रैल को हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाले मैच से होगी, जो आगे आने वाले रोमांचक मैचों के लिए माहौल तैयार करेगा।

चेन्नई सुपर किंग्स-मुंबई इंडियंस 23 अप्रैल को मुंबई में और 2 मई को चेन्नई में भिड़ेंगी। ये दोनों ही टीमें आईपीएल इतिहास में अब तक 5-5 ट्रॉफी अपने नाम कर चुकी हैं।


दूसरे चरण में 8 'डबल-हेडर' होंगे। दोपहर के मुकाबले 3:30 बजे से शुरू होंगे, जबकि शाम के मैच 7:30 बजे से खेले जाएंगे। सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स दोपहर 3:30 बजे वाले चार-चार मैचों में खेलेंगी, जो सभी टीमों में सबसे ज्यादा है।

पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स 3-3 मुकाबले, जबकि राजस्थान रॉयल्स, मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 2-2 मैच दोपहर में खेलेंगी। चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस को सिर्फ 1-1 मुकाबला ही इस समय पर खेलना होगा।

पंजाब किंग्स अपने घरेलू मैच न्यू चंडीगढ़ और धर्मशाला में खेलेगी, जिसमें इस चरण के दौरान धर्मशाला में तीन मैच शामिल हैं। वहीं, राजस्थान रॉयल्स की टीम अपने चार घरेलू मुकाबलों की मेजबानी जयपुर में करेगी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने तीन घरेलू मैच बेंगलुरु में और दो मैच रायपुर में खेलेगी। लीग चरण का समापन 24 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच के साथ होगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia