खेल: अय्यर ने पिच पर फोड़ा करारी हार का ठीकरा और विश्व कप से पहले लचर बल्लेबाजी ने बढ़ा दी गंभीर की चिंता

श्रेयस अय्यर ने कहा, ‘‘लेकिन हेनरी ने जिस तरह से पहली गेंद से ही सही जगहों पर गेंदबाजी की, उसके लिए वह प्रशंसा के पात्र हैं। गंभीर ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘जब आपकी टीम 90 रन के आसपास के स्कोर पर सिमट जाती है तो चिंता होना स्वाभाविक है।"

फोटोः IANS
i

अय्यर ने पिच की प्रकृति में बदलाव पर फोड़ा करारी हार का ठीकरा

भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने शुक्रवार को चौथे वनडे में न्यूजीलैंड के हाथों मिली 244 रन की करारी हार का ठीकरा पिच की प्रकृति मे बदलाव पर फोड़ते हुए कहा कि पहले यह बल्लेबाजी के लिए अनुकूल थी लेकिन बाद में इससे तेज गेंदबाजों को मदद मिलने लग गई थी।

न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद सभी विकेट खोकर 333 रन बनाए लेकिन भारत की बल्लेबाजी बुरी तरह लड़खड़ा गई और पूरी टीम 26.4 ओवर में 89 रन पर आउट हो गई। तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने 27 रन देकर छह विकेट लिए।

वनडे में पहली बार भारत की कप्तानी कर रहे अय्यर ने मैच के बाद कहा, ‘‘मुझे लगता है कि इसे स्वीकार करना मुश्किल है लेकिन दोनों पारियों की विकेट में बहुत बड़ा अंतर था।’’

अय्यर ने कहा, ‘‘लेकिन हेनरी ने जिस तरह से पहली गेंद से ही सही जगहों पर गेंदबाजी की, उसके लिए वह प्रशंसा के पात्र हैं। न्यूजीलैंड ने जिस तरह से बल्लेबाजी की उससे हमें लगा कि विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा है। हमने कुछ कैच छोड़े लेकिन खेल में ऐसा होता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब हम ड्रेसिंग रूम में पहुंचे तो हमें लगा कि हम आसानी से लक्ष्य हासिल कर लेंगे। लेकिन जिस तरह से गेंद अंदर-बाहर स्विंग हो रही थी, उससे आप यह तय नहीं कर सकते थे कि किस तरह खेलना है। हमारे किसी भी बल्लेबाज ने अपना विकेट इनाम में नहीं दिया। सभी अच्छी गेंद पर आउट हुए।’’

विश्व कप से पहले लचर बल्लेबाजी ने बढ़ा दी गंभीर की चिंता

न्यूजीलैंड के खिलाफ यहां चौथे वनडे में भारतीय टीम के महज 89 रन पर सिमटने से मुख्य कोच गौतम गंभीर की चिंता बढ़ गई है क्योंकि यहां की परिस्थितियां अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप जैसी हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार को 244 रन की करारी शिकस्त के बाद गंभीर ने माना कि कम स्कोर से ज्यादा चिंता की बात यह है कि भारतीय टीम बहुत जल्दी आउट हो गई। उन्होंने कहा कि विश्व कप से पहले इस कमजोरी को दूर करना जरूरी है।

गंभीर ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘जब आपकी टीम 90 रन के आसपास के स्कोर पर सिमट जाती है तो चिंता होना स्वाभाविक है। मैं चिंतित क्यों नहीं होऊंगा? यहां की परिस्थितियां विश्व कप में मिलने वाली परिस्थितियों के काफी करीब होंगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बड़ी चिंता रन बनाने की नहीं, बल्कि यह है कि हम महज 26-27 ओवर में ही ऑलआउट हो गए। यह निश्चित रूप से चिंता का विषय है।''

न्यूजीलैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 333 रन बनाए थे। इसके जवाब में मैट हेनरी की छह विकेट की शानदार गेंदबाजी के सामने भारतीय टीम 26.4 ओवर में ही आउट हो गई।


लगातार प्रभावी गेंदबाजी से भारत को टेस्ट में चुनौती देने को तैयार न्यूजीलैंड : हेनरी

तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने कहा कि न्यूजीलैंड की गेंदबाजी इकाई पूरी शृंखला के दौरान लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत जैसी विश्व स्तरीय बल्लेबाजी इकाई को भी परेशान करने की अपनी क्षमता दिखाई है।

हेनरी के छह विकेट के बूते न्यूजीलैंड ने भारत पांच मैचों की शृंखला के चौथे वनडे में भारत को महज 89 रन पर आउट कर 244 रन की बड़ी जीत दर्ज की।

हेनरी ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हमारी कोशिश गेंदबाजी इकाई के रूप में लगातार दबाव बनाए रखने की थी। नयी गेंद से पूरी शृंखला में हमने जिस तरह गेंदबाजी की है, वह शानदार रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने दिखाया है कि हम विकेट लेने और भारत जैसी विश्वस्तरीय टीम को दबाव में रखने में सक्षम हैं। भारतीय टीम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी इकाइयों में से एक है। पहले दो मैचों में भी हमने ऐसा किया था। भले ही उन मुकाबलों में नतीजे हमारे पक्ष में नहीं रहे, लेकिन हमने अपनी क्षमता दिखाई। आज हम फिर ऐसा करने में सफल रहे।’’

हेनरी ने पारी के पहले ही ओवर में रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर को खाता खोले बिना पवेलियन भेज कर भारत को बैकफुट पर धकेल दिया था।

पदार्पण वनडे में बियर्डमैन के छह विकेट से ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को सात विकेट से हराया

युवा तेज गेंदबाज महली बियर्डमैन ने अपने वनडे पदार्पण मैच में छह विकेट लेकर इतिहास रचा जिससे ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की शृंखला के पहले मुकाबले में इंग्लैंड को सात विकेट से शिकस्त दी।

बियर्डमैन ने 24 रन देकर छह विकेट झटके और वनडे पदार्पण पर ऑस्ट्रेलिया के लिए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने वाले गेंदबाज बन गए। उनकी शानदार गेंदबाजी के बाद कप्तान मिचेल मार्श की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 159 गेंद शेष रहते एकतरफा जीत दर्ज की।

इस मुकाबले से पहले पूरे सप्ताह ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच होने वाली सीमित ओवरों की शृंखला पर वर्ष 2018 के चर्चित 'सैंडपेपरगेट' विवाद (रेगमाल से गेंद की सतह को खुरचने का मामला) की दोबारा चर्चा हावी रही।

टॉस से चार घंटे से भी कम समय पहले ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम के कप्तान पैट कमिंस ने सिडनी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसी सप्ताह जारी हुई उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा में किए गए दावों को 'पूरी तरह बकवास और निराधार' करार दिया।

इक्कीस वर्षीय बियर्डमैन ने हालांकि मैदान पर अपने प्रदर्शन से सुर्खियों का रुख क्रिकेट की ओर मोड़ दिया। उन्होंने अपने आठवें गेंद पर पहला वनडे विकेट हासिल किया और इसके बाद इंग्लैंड के शीर्ष बल्लेबाजों को एक के बाद एक पवेलियन भेजते रहे।


'सैंडपेपर विवाद' पर कमिंस की प्रेस कॉन्फ्रेंस का लैंगर ने किया समर्थन, बोले- फिर से संकट में है ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व हेड कोच जस्टिन लैंगर ने 'सैंडपेपर-गेट' मामले पर मीडिया के सामने आकर अपना पक्ष रखने के पैट कमिंस के फैसले का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा टेस्ट कप्तान का अपना पक्ष रखना सही था, खासकर ऐसे समय में जब 2018 के इस स्कैंडल ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में फिर से तूफान खड़ा कर दिया है।

उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा 'सब्र' के आने के बाद केप टाउन बॉल-टैम्परिंग मामले पर फिर से सवाल उठने लगे हैं, जिसके चलते शुक्रवार को कमिंस ने एक लंबी प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

कमिंस ने इस बात से इनकार किया कि उन्हें बॉल पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करने की योजना के बारे में पहले से कोई जानकारी थी या वह इसमें शामिल थे। उन्होंने ख्वाजा के इस दावे को भी पूरी तरह से बकवास करार दिया कि केप टाउन में क्या हो रहा था, इसके बारे में पूरे ऑस्ट्रेलियाई खेमे को पता था।

लैंगर ने कहा कि कमिंस ने बिल्कुल सही कदम उठाया है। 'सेन रेडियो' पर लैंगर ने कहा, "मुझे लगता है कि उन्होंने वही किया जो उन्हें करना चाहिए था। वह मजबूत लीडर हैं। वह आगे आकर जिम्मेदारी लेते हैं। जाहिर है, यह फिर से एक संकट की स्थिति बन गई है। 8 साल पहले भी एक बड़ा संकट आया था और जिस तरह से इस हफ्ते यह मामला फिर से खुला है, ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट एक बार फिर संकट में है। ऐसे में कप्तान ने जिम्मेदारी संभाली। गुरुवार को मिचेल मार्श भी आगे आए। उम्मीद है कि इससे एक लकीर खींच जाएगी, क्योंकि हमें अब आगे बढ़ना है।"

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए