खेल: अय्यर की निगाहें बतौर कप्तान पहली जीत पर और जीत के बाद जश्न में डूबा नॉर्वे
नव नियुक्त कप्तान श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में मेहमान टीम की शुरुआत बहुत खराब रही है। नॉर्वे के युवराज हाकॉन रॉयल पैलेस के बाहर प्रशंसकों से मिले और मैच के बाद ‘वाइकिंग रो’ में भी हिस्सा लिया ।
तीसरा टी20: बतौर कप्तान पहली जीत पर अय्यर की निगाहें, सीरीज में खाता खोलना भारत का मकसद
इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी20 मुकाबलों की सीरीज में 0-1 से पिछड़ने के बाद भारत सोमवार को ट्रेंट ब्रिज में मेजबान टीम के खिलाफ सीरीज के तीसरे मैच को अपने नाम करते हुए जीत का खाता खोलने के इरादे से उतरेगा। नव नियुक्त कप्तान श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में मेहमान टीम की शुरुआत बहुत खराब रही है। आयरलैंड के खिलाफ सीरीज 0-2 से गंवाने के बाद उन्हें मैनचेस्टर में 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है।
मैनचेस्टर में स्पिनर रवि बिश्नोई का प्रदर्शन बहुत खराब रहा था, जिन्होंने 4 ओवरों में बगैर कोई विकेट हासिल किए 60 रन दिए। इस दौरान एक ही ओवर में 29 रन लुटाए। ऐसे में टीम इंडिया अपनी गेंदबाजी लाइन-अप को बेहतर करना चाहेगी, जिसके लिए एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है।
इस मुकाबले के लिए युवा प्रिंस यादव, बिश्नोई की जगह लेने के लिए प्रसिद्ध कृष्णा से बेहतर विकल्प माने जा रहे हैं, क्योंकि प्रसिद्ध कृष्णा की 'बैक-ऑफ-द-लेंथ' गेंदों को इंग्लैंड के जोरदार शॉट खेलने वाले बल्लेबाज आसानी से बाउंड्री के पार भेज सकते हैं।
जीत के बाद जश्न में डूबा नॉर्वे, प्रशंसकों के नूरे नजर बने हालैंड
पांच बार के चैम्पियन ब्राजील पर 2 . 1 से मिली जीत में दोनों गोल करने वाले एर्लिंग हालैंड का मन नॉर्वे की गलियों में घूम रहा है जहां हजारों की तादाद में फुटबॉलप्रेमी साथ में ‘वाइकिंग रो’ जश्न मना रहे हैं ।
हालैंड ने इस असाधारण जीत के बाद कहा ,‘‘ नॉर्वे की सड़कों को देखो । मैने पहले ऐसा कभी नहीं देखा । काश मैं ओस्लो में होता और उन लोगों के साथ जश्न मना रहा होता ।’’
लेकिन नॉर्वे फुटबॉल टीम के लिये अच्छा है कि वह अमेरिका में हैं और फीफा विश्व कप में दनादन गोल करके 55 लाख के करीब आबादी वाले अपने देश को जश्न मनाने के मौके लगातार दे रहे हैं।
हालैंड के इस विश्व कप में अब अर्जेंटीना के लियोनेल मेस्सी और फ्रांस के किलियान एमबाप्पे के समान सात गोल हो गए हैं।
ओस्लो में टाउन हॉल के बाहर चौक पर करीब 50000 प्रशंसक मौजूद थे जिन्होंने गले में नॉर्वे फुटबॉल का स्कार्फ पहन रखा था । नॉर्वे के युवराज हाकॉन रॉयल पैलेस के बाहर प्रशंसकों से मिले और मैच के बाद ‘वाइकिंग रो’ में भी हिस्सा लिया ।
विश्व कप से टीम के बाहर होने के बाद कार्लोस क्विरोज ने घाना के कोच का पद छोड़ा
घाना की पहले नॉकआउट मैच में कोलंबिया के खिलाफ 0-1 की हार के साथ फुटबॉल विश्व कप से बाहर होने के बाद टीम के कोच कार्लोस क्विरोज ने अपना पद छोड़ दिया।
रविवार देर रात देश के नाम एक इंस्टाग्राम पोस्ट में क्विरोज ने लिखा, ‘‘हम पूरी तरह से खेल से संतुष्ट होने का दावा नहीं कर सकते लेकिन हम गर्व से कह सकते हैं कि हमने घाना का मान बढ़ाया और फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर ‘ब्लैक स्टार्स’ का सम्मान और विश्वसनीयता फिर से हासिल की।’’
जब अप्रैल में 73 वर्षीय पुर्तगाली कोच को ओटो एडो की जगह नियुक्त किया गया था तब घाना लगातार चार मैच हार चुका था।
विश्व कप से पहले अभ्यास मुकाबलों में घाना को मैक्सिको से हार का सामना करना पड़ा जबकि वेल्स के साथ मैच ड्रॉ रहा।
टीम ने विश्व कप के ग्रुप एल में पनामा पर जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत की। ग्रुप के आखिरी मैच में क्रोएशिया से हारने के बावजूद इंग्लैंड के साथ गोल रहित ड्रॉ खेलने के कारण टीम ने तीसरे स्थान पर रहने वाली सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक के रूप में नॉकआउट में प्रवेश किया।
बालोगुन के मामले में फीफा का फैसला समझ से परे : यूईएफए
अमेरिका के फारवर्ड फोलारिन बालोगुन को पिछले मुकाबले में रेड कार्ड मिलने के बावजूद सोमवार को बेल्जियम के खिलाफ विश्व कप मैच खेलने की अनुमति देने पर यूरोपीय फुटबॉल महासंघ (यूईएफए) ने फीफा की कड़ी आलोचना की है।
यूईएफए ने अपने बयान में कहा कि फीफा ने यह फैसला लेकर ‘एक ऐसी सीमा लांघ दी है, जिसे पार नहीं किया जाना चाहिए।’
महासंघ का आरोप है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव के बाद फीफा ने बालोगुन पर अनिवार्य एक मैच के प्रतिबंध को लागू नहीं किया।
यूईएफए ने कहा, ‘‘कभी-कभी नियमों की अलग-अलग व्याख्या की जा सकती है, लेकिन इस मामले में ऐसा बिल्कुल नहीं है।’’
ब्राजील के विश्व कप से बाहर होने पर केरल में छलका प्रशंसकों का दर्द
फीफा विश्व कप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल में ब्राजील की चौकाने वाली हार से केरल में मायूसी का माहौल है जहां के प्रशंसक निराशा में टीम के विशाल कटआउट हटाने के साथ भावुक वीडियो साझा किए और महान फुटबॉलर नेमार के अंतरराष्ट्रीय करियर को भावुक अंदाज में विदाई दी।
केरल में फुटबॉल केवल खेल नहीं बल्कि एक जुनून है और ब्राजील की हार ने बड़ी संख्या में यहां मौजूद प्रशंसकों को झकझोर दिया।
पांच बार के विश्व चैंपियन ब्राजील की प्री-क्वार्टर फाइनल में नॉर्वे से 1-2 की हार से मलप्पुरम से लेकर कोझिकोड तक निराशा में दिखा। हार के बाद सोशल मीडिया और सार्वजनिक स्थानों पर निराशा और भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
विश्व कप से पहले केरल के कई इलाकों में नेमार और ब्राजील के अन्य खिलाड़ियों के विशाल कटआउट और फ्लेक्स लगाए गए थे, जो ब्राजील फुटबॉल के प्रति राज्य के गहरे लगाव का प्रतीक थे। लेकिन हार के कुछ घंटों के भीतर ही निराश समर्थकों ने इनमें से अधिकांश कटआउट और बैनर हटा दिए।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
