खेल: अपने कैरियर को लेकर रवींद्र जडेजा ने दिया बड़ा अपडेट और टेस्ट क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने से मांजरेकर हैरान
रवींद्र जडेजा ने भारतीय टीम के साथ अपने एक दशक से ज्यादा के सफर के लिए आभार व्यक्त किया है। संजय मांजरेकर ने मौजूदा पीढ़ी की काबिलियत पर हैरानी जताई।

लंबे समय तक टिके रहने के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ती है: रवींद्र जडेजा
अनुभवी बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने भारतीय टीम के साथ अपने एक दशक से ज्यादा के सफर के लिए आभार व्यक्त किया है। जडेजा का मानना है कि शीर्ष स्तर पर लंबा करियर बनाए रखने के लिए बहुत ज्यादा मेहनत और लगन बेहद जरूरी है।
भारत ने हाल ही में श्रीलंका के विरुद्ध टेस्ट सीरीज का पहला मैच 165 रन से अपने नाम किया था, जिसमें उन्होंने चार विकेट झटके। इसी के साथ मेहमान टीम दो मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है। रवींद्र जडेजा को जब साल 2017 में गाले टेस्ट जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा होने की एक तस्वीर दिखाई गई, तो वे पुरानी यादों में खो गए; उस मैच में जड्डू ने कुल 6 विकेट अपने नाम किए थे।
जडेजा ने गुरुवार को बीसीसीआई के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, "हां, यह यहीं की है। रंग बदलने के अलावा, बाकी सब कुछ वैसा ही है। हमने यहां पिछली सीरीज 2017 में खेली थी। जाहिर है, 10 साल तक भारत के लिए खेलना बहुत मायने रखता है, क्योंकि लंबे समय तक टिके रहने के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ती है। मुझे लगता है कि मैं बहुत भाग्यशाली हूं और भगवान का शुक्रगुजार हूं कि मैं अभी भी भारत के लिए खेल रहा हूं और वही काम कर रहा हूं, जो मैं इतने वर्षों से भारत के लिए करता आ रहा हूं।"
आईपीएल पीढ़ी के टेस्ट क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने से हैरान हैं मांजरेकर
भारत के पूर्व बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने कहा कि यह उनके लिए हैरान करने वाली बात है कि आईपीएल की पीढ़ी टेस्ट क्रिकेट की जरूरतों से इतनी सहजता से कैसे तालमेल बिठा पा रही है।
उन्होंने आधुनिक युग के खिलाड़ियों के टी20 से टेस्ट क्रिकेट में बदलाव की तुलना पॉप गायकों द्वारा शास्त्रीय राग गाने की कोशिश से की।
दूरदर्शन के ‘द ग्रेट इंडियन क्रिकेट शो’ में बात करते हुए मांजरेकर ने मौजूदा पीढ़ी की काबिलियत पर हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी टी20 क्रिकेट खेलते हुए बड़े हुए हैं, वे लाल गेंद वाले क्रिकेट के लिए जरूरी महत्वपूर्ण तकनीकी बदलाव इतनी आसानी से कर पा रहे हैं।
मांजरेकर ने कहा, ‘‘अगर आधुनिक पॉप गायकों से शास्त्रीय गायन या राग गाने के लिए कहा जाए तो यह उनके लिए बहुत मुश्किल होगा। लेकिन ये खिलाड़ी ऐसा कर रहे हैं। मेरे लिए यह हैरानी की बात है कि आईपीएल और टी20 की पीढ़ी इतना अच्छा टेस्ट क्रिकेट कैसे खेल रही है और वो भी गेंदबाजी करते हुए और रन बनाने दोनों के मामले में। ’’
उन्होंने खास तौर पर आधुनिक बल्लेबाजों की अनुकूलन क्षमता की तारीफ की क्योंकि टी20 और टेस्ट क्रिकेट की जरूरतों में काफी अंतर होता है।
लुसाने डायमंड लीग में फिर दिखेगा चोपड़ा और पथिरागे के बीच रोमांचक मुकाबला
भारत के भाला फेंक के दिग्गज खिलाड़ी नीरज चोपड़ा और श्रीलंका के उभरते सितारे रमेश पथिरागे शुक्रवार को लुसाने डायमंड लीग में फिर से आमने सामने होंगे, जिसमें भारतीय खिलाड़ी डायमंड लीग फाइनल में जगह बनाने की कोशिश करेगा।
ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में पथिरागे ने स्वर्ण और चोपड़ा ने रजत पदक जीता था। इसके तीन सप्ताह बाद ये दोनों खिलाड़ी फिर से एक-दूसरे के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करेंगे।
23 वर्षीय पथिरागे इस सत्र में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं। उन्होंने दोहा और रोम डायमंड लीग में जीत हासिल करने के अलावा ग्लास्गो में 89.75 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक भी जीता है। जून में रोम में 92.62 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ उन्होंने 90 मीटर का प्रतिष्ठित आंकड़ा भी पार किया।
श्रीलंकाई खिलाड़ी ने इस सत्र में अब तक जिन नौ प्रतियोगिताओं में भाग लिया है, उनमें से आठ में जीत हासिल की है। वह पहले ही डायमंड लीग फाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं।
दूसरी तरफ चोपड़ा पिछले साल सितंबर से पीठ के निचले हिस्से की चोट से परेशान रहे हैं। इसके कारण उनकी वापसी दोहा में आयोजित डायमंड लीग तक टल गई थी। ग्लास्गो में वह पूरी तरह से फिट नहीं थे, लेकिन फिर भी 85.83 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत पदक जीतने में सफल रहे।
आईसीसी अपील पैनल ने लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम का डिमेरिट अंक हटाया
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जून में खेले गए तीसरे वनडे के लिए लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम की पिच को दिए गए डिमेरिट अंक को बृहस्पिवार को वापस ले लिया।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने कहा कि आईसीसी अपील पैनल ने जून में खेले गए मुकाबलों के लिए लगाए गए डिमेरिट अंकों के खिलाफ पीसीबी और क्रिकेट कनाडा की अपील के बाद पिच रेटिंग की समीक्षा की।
मैच के फुटेज, रेफरी की रिपोर्ट और कप्तानों की टिप्पणियों की समीक्षा के बाद पैनल ने अपना फैसला पलट दिया।
आईसीसी ने एक बयान में कहा, ‘‘चार जून को पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए तीसरे पुरुष एकदिवसीय में पिच को ‘असंतोषजनक’ रेटिंग दिए जाने के बाद लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम पर लगाया गया डिमेरिट अंक वापस ले लिया गया है। पैनल ने पाया कि मैच रेफरी ने आईसीसी की पिच और आउटफील्ड निगरानी प्रक्रिया के दिशानिर्देशों का पालन किया था, लेकिन पिच पर अत्यधिक असमान उछाल या स्पिन देखने को नहीं मिली।’’
जोश टंग का अनोखा 'अर्धशतक', मिचेल स्टार्क को पछाड़ा
इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच बुधवार से हेंडिग्ले में तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला शुरू हुआ। इंग्लैंड ने पहले दिन ही पाकिस्तान की पहली पारी 171 पर समेट दी। इंग्लैंड की तरफ से तेज गेंदबाजों ओली रॉबिनसन और जोश टंग ने 5-5 विकेट लिए।
जोश टंग ने 5 विकेट लेने के साथ ही एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम हासिल की। टंग ने पाकिस्तान की पारी के दौरान 9.1 ओवर में 46 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। इस दौरान टंग मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (2025-27) में 50 विकेट पूरे करने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। टंग ने 10 टेस्ट मैचों में 50 विकेट हासिल किए हैं। वह इस समय टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उनके पीछे ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क (48 विकेट) और भारत के मोहम्मद सिराज (41 विकेट) हैं।
टंग मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में एक पारी में पांच विकेट लेने की उपलब्धि 3 बार हासिल कर चुके हैं। एक वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में 50 या उससे अधिक विकेट लेने वाले टंग इंग्लैंड के छठे गेंदबाज बन गए हैं। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के एक चक्र में सर्वाधिक विकेट लेने का इंग्लैंड का रिकॉर्ड पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के नाम है। उन्होंने 2019-21 चक्र में 17 मैच खेलकर 69 विकेट लिए थे। मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में कई मैच बाकी हैं, ऐसे में टंग ब्रॉड के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
