खेल: जुर्गेन क्लॉप जर्मनी फुटबॉल टीम के कोच बने और जिम्बाब्वे से श्रृंखला जीतने के लिए मैदान पर उतरेगी भारतीय टीम

जुर्गेन क्लॉप को जर्मन राष्ट्रीय पुरुष फुटबॉल टीम का नया हेड कोच बनाया गया है। यह जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि जिम्बाब्वे ने हाल में अपने घरेलू मैदानों पर अच्छा प्रदर्शन किया था।

जुर्गेन क्लॉप जर्मनी फुटबॉल टीम के कोच बने
i

जुर्गेन क्लॉप जर्मनी फुटबॉल टीम के कोच बने, 2030 तक होगा कार्यकाल 

जुर्गेन क्लॉप को जर्मन राष्ट्रीय पुरुष फुटबॉल टीम का नया हेड कोच बनाया गया है। क्लॉप ने शुक्रवार को चार साल के अनुंबध पर हस्ताक्षर किया। उनका कार्यकाल 2030 तक होगा। 59 साल के क्लॉप यूईएफए यूरो 2028 और फीफा विश्व कप 2030 में जर्मन टीम का नेतृत्व करेंगे। जर्मन फुटबॉल फेडरेशन ने इसकी पुष्टि की। 

जुर्गेन क्लॉप जर्मनी के हेड कोच के रूप में जूलियन नैगल्समैन की जगह लेंगे। नैगल्समैन ने फीफा विश्व कप 2026 में 15 अगस्त को पैराग्वे के खिलाफ जर्मनी की हार और टीम के विश्व कप से बाहर होने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

फेडरेशन ने द्वारा साझा किए गए एक बयान में क्लॉप ने कहा, "राष्ट्रीय टीम हम जर्मन लोगों को किसी और चीज की तरह एकजुट कर सकती है। यही बात इस काम को मेरे लिए इतना खास बनाती है। मैं जर्मन फुटबॉल में इस खास काम का इंतजार कर रहा हूं। हम विनम्रता और धैर्य के साथ मिलकर काम करेंगे। हमें एक ऐसी टीम बनानी है, जो एक-दूसरे के लिए लड़े, फुटबॉल का आनंद ले, और जिसके पीछे हमारे देश के लोग पूरे विश्वास के साथ एकजुट हो सकें।"

विश्व कप फाइनल के बाद अर्जेंटीना के खिलाड़ियों का बर्ताव ‘अस्वीकार्य’: स्पेन के कोच

विश्व कप फाइनल के दौरान और उसके बाद अर्जेंटीना के खिलाड़ियों के कथित आचरण की फीफा द्वारा जांच किए जाने के बीच स्पेन के मुख्य कोच लुइस दे ला फुएंते ने इन घटनाओं को "असहनीय और अस्वीकार्य" करार दिया है।

स्पेन की रविवार को अतिरिक्त समय में 1-0 की जीत के साथ गत चैंपियन अर्जेंटीना का खिताब छिन गया। इसके बाद मैदान पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हुए तीखे टकराव की जांच के लिए फीफा ने सोमवार को अपने अनुशासनात्मक अभियोजकों में से एक को रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया।

मैच के दौरान अर्जेंटीना के मिडफील्डर लिएंड्रो परेडेज की स्पेन के खिलाड़ियों एरिक गार्सिया और गावी के साथ झड़प हुई तो वहीं, स्पेन के कप्तान रोड्री जब अर्जेंटीना के डिफेंडर नाहुनुएल मोलिना के पास से गुजर रहे थे, तब उनके पेट पर प्रहार किए जाने का भी आरोप है।

स्पेन के सरकारी प्रसारक ‘टीवीई’ से बातचीत में दे ला फुएंते ने कहा, "ऐसी घटनाओं की अनुमति नहीं दी जा सकती। उस समय मैं अन्य लोगों के साथ जीत का जश्न मना रहा था, इसलिए घटनाओं को प्रत्यक्ष रूप से नहीं देख सका।’’

उन्होंने कहा, "फिर भी, इतने बड़े स्तर के खिलाड़ियों से इस तरह का व्यवहार असहनीय और अस्वीकार्य है। कुछ दिन पहले तक मैं उनकी और उनके शानदार कोच की प्रशंसा कर रहा था।’’


राष्ट्रमंडल खेल: नटराज 50 मीटर बैकस्ट्रोक के सेमीफाइनल में पहुंचे

भारतीय तैराक श्रीहरि नटराज ने राष्ट्रमंडल खेलों की पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में शुक्रवार को यहां संयुक्त 14वें स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली।

दो बार के ओलंपियन और कई राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके नटराज ने 25.52 सेकंड का समय निकाला। उन्होंने बरमूडा के जैक हार्वे के साथ संयुक्त 14वां स्थान हासिल किया। सेमीफाइनल के लिए हीट से शीर्ष-16 तैराकों का चयन किया गया। नटराज अपनी आठ खिलाड़ियों वाली हीट में पांचवें स्थान पर रहे।

पैरा तैराकी में भारत के आरवीवीबीके बुडिगिना और इमाम अली ने पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 वर्ग के फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। हीट में हिस्सा लेने वाले सभी आठ तैराक फाइनल में पहुंचे।

बुडिगिना ने 57.10 सेकंड के समय के साथ हीट में तीसरा स्थान हासिल किया जबकि इमाम अली 1:05.32 सेकंड के समय के साथ आठवें स्थान पर रहे।

जोसेफ ने पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेलने से इनकार कर दिया : सैमी

वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डैरेन सैमी ने बताया है कि तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ ने पाकिस्तान के खिलाफ यहां शनिवार से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज में खेलने से इनकार कर दिया।

सीरीज के लिए टीम की घोषणा करते हुए क्रिकेट वेस्टइंडीज ने कहा था कि जोसेफ निजी कारणों से उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन सैमी ने इस बारे में और जानकारी दी।

सैमी ने सीरीज के पहले मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘हमारे लिए यह एक बड़ा नुकसान है। जोसेफ ने टीम में चुने जाने से इनकार कर दिया है। यही सच है। ’’

कोच ने कहा, ‘‘उन्हें चुना गया था। मेरा मतलब है, वह चोट से वापसी कर रहे हैं। और उसके बाद कुछ कारणों से उन्होंने चयन से इनकार कर दिया। यह फैसला मेरे अधिकार क्षेत्र से बाहर है। मैं इसे निदेशकों पर छोड़ता हूं कि वे इसका कोई समाधान निकालें कि अनुबंधित खिलाड़ी चुने जाने से इनकार करते हैं तो क्या होगा। ’’


जिम्बाब्वे से श्रृंखला जीतने के लिए मैदान पर उतरेगी भारतीय टीम

कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में अपनी पहली जीत से वापसी की राह पर अग्रसर भारत शनिवार को यहां होने वाले दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में अपनी जीत की लय बरकरार रखने की कोशिश करते हुए जिम्बाब्वे के खिलाफ अजेय बढ़त हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध होगा।

आयरलैंड (0-2) और इंग्लैंड (0-4) से हारने के बाद तीन बार के टी20 विश्व कप विजेता भारत ने बृहस्पतिवार को यहां तीन मैच की श्रृंखला के पहले मैच में हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को सात विकेट से हराकर 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।

युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की 19 गेंदों में खेली गई 50 रन की पारी और मयंक यादव (चार ओवर में 18 रन देकर दो विकेट) की तूफानी गेंदबाजी ने भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि जिम्बाब्वे ने हाल में अपने घरेलू मैदानों पर अच्छा प्रदर्शन किया था।

भारत ने सूर्यवंशी के अर्धशतक, इशान किशन के 35 रन और कप्तान अय्यर की 28 रन की नाबाद पारी की बदौलत छह ओवर और सात विकेट शेष रहते हुए 126 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर दिया।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए