खेल: जर्सी दोबारा पहनकर गर्व महसूस कर रहे किशन और अगले साल 10 मार्च से शुरू हो सकता है IPL

ईशान ने वनडे फॉर्मेट में अपनी सफल वापसी को लेकर खुशी जताई। सैकिया ने कहा कि आईपीएल को जल्दी शुरू करने से खिलाड़ी ही नहीं दर्शकों को भी फायदा होगा।’’

फोटो: @BCCI
i

'जर्सी दोबारा पहनकर गर्व महसूस हो रहा', वनडे फॉर्मेट में अपनी शानदार वापसी पर बोले ईशान किशन

भारत ने बुधवार को खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में अफगानिस्तान को 170 रनों से हराया। टीम की इस जीत में ईशान किशन ने बल्ले से अहम योगदान दिया। ईशान ने वनडे फॉर्मेट में अपनी सफल वापसी को लेकर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि वह टीम इंडिया की जर्सी में फिर से वनडे क्रिकेट में वापसी कर बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। 

वनडे टीम में अपनी वापसी को लेकर बात करते हुए ईशान ने कहा कि भारत का फिर से प्रतिनिधित्व करना किसी भी उपलब्धि से कहीं ज्यादा मायने रखता है। उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शेयर किए वीडियो में कहा, "मुझे अभी बहुत गर्व महसूस हो रहा है क्योंकि मैं लंबे समय के बाद यह जर्सी पहन रहा हूं। मैं इस बात से और ज्यादा खुश हूं कि मैं इस टीम का हिस्सा हूं, जहां अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का मिश्रण है। मैं बस भारत को और मैच जिताने की उम्मीद कर रहा हूं।" ईशान ने अफगानिस्तान के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज से पहले अपना आखिरी एकदिवसीय मुकाबला साल 2023 में खेला था।

ईशान ने कहा कि वह अपने रिकॉर्ड से ज्यादा इस बात पर ध्यान देना चाहते हैं कि टीम की जीत में कैसे योदगान दे सकते हैं। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि एथलीट के तौर पर हमारे लिए यह कभी खत्म नहीं होता। हम बस खेलते रहते हैं। इसी वजह से मैं बस अपनी टीम के हर खिलाड़ी की मदद करना चाहता हूं। मेरी चाहत यही है कि हर बार जब मैं इस जर्सी को पहनकर मैदान में उतरूं तो अच्छा प्रदर्शन कर सकूं।"

गर्मी को देखते हुए अगले साल 10 मार्च से शुरू हो सकता है आईपीएल : देवजीत सैकिया

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) देश के अधिकांश हिस्सों में मई में पड़ने वाली भीषण गर्मी से बचने के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को अगले साल से 10 मार्च से 15 मई तक आयोजित करने पर विचार कर रहा है। बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने पीटीआई को यह जानकारी दी।

उन्होंने हालांकि स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए मैचों की संख्या 74 ही रहेगी और इसे बढ़ाकर 94 नहीं किया जाएगा।

आईपीएल आमतौर पर मार्च के आखिरी सप्ताह में शुरू होता है और मई के अंत तक चलता है। सैकिया ने कहा कि आईपीएल को जल्दी शुरू करने से खिलाड़ी ही नहीं दर्शकों को भी फायदा होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस साल आईपीएल 29 (28) मार्च को शुरू हुआ और 31 मई तक चला। हम इस पर चर्चा कर रहे हैं कि कि 15 मई के बाद टूर्नामेंट के अंतिम चरण में बारिश या मानसून से पहले के मौसम से व्यवधान पड़ने की आशंका बनी रहती है।’’

सैकिया ने कहा, ‘‘इसके अलावा तब तक मौसम काफी गर्म हो जाता है जो न तो खिलाड़ियों के लिए और ना ही दर्शकों के लिए बहुत अनुकूल है।’’

बोर्ड के सचिव ने कहा कि मई के अंतिम पखवाड़े में बढ़ते तापमान से निपटने के लिए टूर्नामेंट को दो सप्ताह पहले शुरू करने पर विचार किया जा रहा है।


माता पिता के अपहरण के तीन साल बाद विश्व कप पदार्पण में चमके डियाज

कोलंबिया की उजबेकिस्तान पर जीत के नायक रहे लुई डियाज का सफर काफी उतार चढाव से भरा रहा है और तीन साल पहले उनके माता पिता का अपहरण भी हो गया था ।

विश्व कप में पदार्पण के साथ एक गोल करने और एक में सहायक की भूमिका निभाने के बाद डियाज दर्शक दीर्घा में बैठे अपने पिता के पास गए । दोनों ने एक दूसरे को देखा और दोनों के चेहरे पर बरसों पुराना सपना सच होने का इत्मीनान था ।

डियाज ने कहा ,‘‘अतीत की कई बातें याद आ रही है । मैने इसके लिये काफी मेहनत की थी । मैने काफी संघर्ष का सामना करने के बाद यह पल देखा है ।’’

कोलंबिया 2022 विश्व कप के लिये क्वालीफाई नहीं कर सका था । इसके बाद डियाज के माता पिता का अपहरण हो गया था ।

2023 के आखिर में लुई मैनुअल डियाज और उनकी पत्नी सिलेनिस मारूलांडा का कोलंबिया वेनेजुएला सीमा पर सशस्त्र गुरिल्ला ने अपहरण कर लिया था । सिलेनिस को रिहा कर दिया गया लेकिन लुई डियाज को नहीं ।

इंग्लैंड के कोच टुचेल ने फीफा से फोटोग्राफरों को हटाने के लिए कहा

इंग्लैंड के कोच थॉमस टुचेल इस बात को लेकर नाराज हैं कि फोटोग्राफरों के कारण वह क्रोएशिया के खिलाफ विश्व कप 2026 के पहले मैच में मिली जीत से पहले अपनी टीम को राष्ट्रगान के समय नहीं देख सके।

टुचेल ने बुधवार को इंग्लैंड की क्रोएशिया पर 4-2 की जीत के बाद कहा, ‘‘मैं फीफा से फोटोग्राफरों की जगह बदलने की गुजारिश करता हूं क्योंकि मैं राष्ट्रगान के दौरान अपनी टीम को नहीं देख सका। मैं इस पल का इंतजार कर रहा था। ’’

जब इंग्लैंड का राष्ट्रगान ‘गॉड सेव द किंग’ बज रहा था तो टुचेल ने फोटोग्राफरों को हटने के लिए इशारा किया जो दो बेंच के सामने इकट्ठा हो गए। लेकिन जब ऐसा नहीं हुआ तो उन्होंने अपने साथी स्टाफ सदस्यों के गले में हाथ डाला और स्टेडियम की विशाल स्क्रीन पर खिलाड़ियों को देखने लगे।


इब्राहिमा कोनाटे के साथ रियल मैड्रिड ने चार साल का करार किया

रियल मैड्रिड ने नए सीजन से पहले अपनी टीम में एक और बड़ा नाम शामिल किया है। स्पेन के मशहूर क्लब ने फ्रांस के डिफेंडर इब्राहिमा कोनाटे को अपने साथ जोड़ा है। यह करार 4 साल के लिए है।

27 वर्षीय सेंटर-बैक खिलाड़ी कोनाटे एनफील्ड में अपना कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने के बाद 'फ्री एजेंट' के तौर पर लिवरपूल छोड़ेंगे, जिसके बाद कोनाटे जून के आखिर में आधिकारिक तौर पर स्पेनिश दिग्गज क्लब से जुड़ेंगे।

समर ट्रांसफर विंडो में कोनाटे रियल मैड्रिड के तीसरे नए खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले चेल्सी ने स्पेन के लेफ्ट-बैक मार्क कुकुरेला और पुर्तगाली मिडफील्डर बर्नार्डो सिल्वा को अपनी टीम में शामिल किया था। उम्मीद है कि हेड कोच जोस मोरिन्हो के नेतृत्व में मैड्रिड के नए अभियान में ये तीनों खिलाड़ी अहम भूमिका निभाएंगे।

 क्लब ने एक आधिकारिक बयान में कहा, "रियल मैड्रिड सीएफ और इब्राहिमा कोनाटे के बीच अगले चार सीजन यानी 30 जून 2030 तक उनके रियल मैड्रिड का खिलाड़ी बनने के लिए समझौता हुआ है।"

फ्रांसीसी डिफेंडर इब्राहिमा कोनाटे लिवरपूल के साथ पांच सफल सीजन बिताने के बाद मैड्रिड आ रहे हैं। साल 2021 में जर्मन क्लब आरबी लीपजिग से साइन किए गए कोनाटे ने प्रीमियर लीग के सबसे भरोसेमंद सेंटर-बैक खिलाड़ियों में से एक के तौर पर अपनी पहचान बनाई और क्लब की हालिया सफलता में अहम भूमिका निभाई।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए