खेल: कोहली-रोहित की मौजूदगी गिल के लिए होगी फायदेमंद और द्रविड़ के बेटे को भारत की U-19 टीम में शामिल किया गया

रैना के अनुसार, बड़े टूर्नामेंटों में अनुभव अक्सर निर्णायक भूमिका निभाता है और कोहली-रोहित जैसे खिलाड़ी टीम को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकालने की क्षमता रखते हैं। राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ को भारत की अंडर-19 टीम में चुना गया।

रोहित, विराट की लोकप्रियता का असर, बढ़ सकती है वनडे मैचों की संख्या
i

वनडे विश्व कप में कोहली-रोहित की मौजूदगी गिल के लिए होगी फायदेमंद: सुरेश रैना

भारत के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना का मानना है कि 2027 विश्व कप में भारतीय टीम के लिए विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि युवा कप्तान शुभमन गिल को इन दोनों दिग्गजों के अनुभव का बहुत फायदा मिलेगा।

रैना के अनुसार, बड़े टूर्नामेंटों में अनुभव अक्सर निर्णायक भूमिका निभाता है और कोहली-रोहित जैसे खिलाड़ी टीम को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकालने की क्षमता रखते हैं। टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अब कोहली और रोहित केवल वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं। दोनों का विश्व कप में शानदार रिकॉर्ड रहा है।

रैना का मानना है कि अगर कोहली और रोहित 2027 विश्व कप तक फिट रहते हैं, तो उनका अनुभव और मैच जिताने की क्षमता भारतीय टीम की खिताबी उम्मीदों को और मजबूत कर सकती है। रैना ने 'जियोस्टार' से बात करते हुए कहा, "विराट कोहली के लिए शारीरिक और मानसिक तैयारी जरूरी होगी। वह सफेद गेंद की क्रिकेट में बहुत मजबूत दिखते हैं। यही बात रोहित शर्मा पर भी लागू होती है। दोनों आईसीसी वर्ल्ड कप में रन बनाने में माहिर हैं। रोहित 2019 में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में टॉप पर थे, जबकि 2023 में विराट कोहली ने भी ऐसा ही किया था। उन्होंने आईसीसी ट्रॉफी भी जीती हैं, जो उनकी लीडरशिप और मौजूदगी को बहुत ज्यादा अहमियत देती है। वे जानते हैं कि नॉकआउट मैचों में दबाव कैसे झेलना है। वे वहां रहे हैं, ऐसा किया है।"

राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय को भारत की अंडर-19 टीम में शामिल किया गया

महान बल्लेबाज राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ को बृहस्पतिवार को चार जुलाई से शुरू होने वाले श्रीलंका के दौरे के लिए भारत की अंडर-19 टीम में चुना गया।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की जूनियर क्रिकेट समिति ने श्रीलंका के आगामी दौरे के लिए भारत की पुरुष अंडर-19 टीम की घोषणा की। इस दौरे पर तीन वनडे और दो बहु-दिवसीय मैच खेले जाएंगे।

टीम की अगुआई यशबर्धन सिंह चौहान करेंगे जबकि लक्ष्य रायचंदानी को उप-कप्तान नियुक्त किया गया।

द्रविड़ जूनियर को एक दिवसीय टीम में रजत बघेल के साथ दो विकेटकीपिंग विकल्पों में से एक के तौर पर चुना गया है जबकि बहु-दिवसीय मुकाबलों के लिए विकेटकीपिंग के लिए मानव कृष्णा और आर्यन संदेश सकपाल को चुना गया है।

सत्रह साल के अन्वय द्रविड़ ने पिछली वीनू मांकड़ ट्रॉफी में कर्नाटक की अंडर-19 टीम की कप्तानी करते हुए टीम को क्वार्टर फाइनल तक पहुंचाया था। इस टूर्नामेंट में उन्होंने छह मैच में कुल 220 रन बनाए जिसमें उनका शीर्ष स्कोर नाबाद 82 रन था।


छह दशक में पहली बार भारत में जन्में निखिल चौधरी ऑस्ट्रेलिया की टी20 टीम में

स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर निखिल चौधरी 60 साल से अधिक समय में ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीम में जगह बनाने वाले भारत में जन्में पहले पुरुष खिलाड़ी बने जब उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ उसी की सरजमीं पर होने वाली श्रृंखला के लिए टी20 टीम में शामिल किया गया।

तीन मैच की टी20 श्रृंखला चटगांव में 17 से 21 जून तक खेली जाएगी।

चौधरी बेल्जियम में यूरो टी20 प्रतियोगिता में जेबी ब्रग्स की ओर से खेल रहे हैं जबकि हाल में आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े थे। वह शुक्रवार को ढाका में ऑस्ट्रेलिया की सीमित ओवरों की टीम से जुड़ेंगे।

चयनकर्ता टोनी डोडेमेड के हवाले से ‘क्रिकेट.कॉम.एयू’ ने कहा, ‘‘चयन समिति बीबीएल में उनकी फॉर्म से प्रभावित थी विशेषकर पिछले सत्र में जिसके कारण उन्हें टीम में शामिल किया गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘निखिल को बांग्लादेश में बहुमूल्य अनुभव मिलेगा और वह ऑस्ट्रेलिया के लिए अपना पहला मैच खेलने के दावेदार हैं।’’

सिंधू और तन्वी ऑस्ट्रेलियाई ओपन के क्वार्टर फाइनल में

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू और युवा खिलाड़ी तन्वी शर्मा ने बृहस्पतिवार को यहां ऑस्ट्रेलियाई ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में अपने प्रतिद्वंद्वियों को सीधे गेम में हराकर महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

तीसरी वरीयता प्राप्त सिंधू ने राउंड ऑफ 16 मैच में हमवतन ईशारानी बरुआ को 42 मिनट में 22-20, 21-12 से शिकस्त दी।

बुधवार को चीनी ताइपे की पांचवीं वरीय और दुनिया की 11वें नंबर की खिलाड़ी च्यू पिन चियान को हराकर उलटफेर करने वाली तन्वी ने हमवतन मालविका बंसोड़ को 21-13, 21-15 से हराकर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा।

अब सिंधू चीनी ताइपे की चेन सु यू से भिड़ेंगी जबकि तन्वी का सामना जापान की शीर्ष वरीय अकाने यामागुची से होगा।


'मैंने यही चाहा था': फीफा वर्ल्ड कप वॉर्म-अप में इंग्लैंड की कोस्टा रिका पर जीत से खुश ट्यूशेल

इंग्लैंड के कोच थॉमस ट्यूशेल अपनी टीम से खुश हैं, क्योंकि उनकी टीम ने ऑरलैंडो में कोस्टा रिका को मात देकर फीफा वर्ल्ड कप 2026 की ओर एक और कदम बढ़ाया है।

ऑरलैंडो में भारी तूफान के कारण मैदान पर पानी भर जाने से मैच शुरू होने में एक घंटे की देरी हुई, जिसके बाद इंग्लैंड ने शनिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार और आक्रामक खेल दिखाते हुए 3-0 से जीत हासिल की।

 डेक्लान राइस के शुरुआती गोल ने 'थ्री लायंस' (इंग्लैंड टीम) को अच्छी शुरुआत दिलाई, जिसके बाद दूसरे हाफ में एंथनी गॉर्डन की पेनाल्टी और ओली वॉटकिंस के देर से किए गए हेडर ने जीत पक्की कर दी।

'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, ट्यूशेल ने कहा, "मैंने यही चाहा था, मैंने यही मांग की थी; मैंने मैच से पहले कहा था कि हम तीव्रता, प्रतिबद्धता और आपसी तालमेल के मामले में खेल को अगले स्तर पर ले जाना चाहते हैं। हमने ऐसा किया। हम गर्मी के हिसाब से ढलने की प्रक्रिया देख रहे हैं और चीजें सही दिशा में आगे बढ़ रही हैं, लेकिन आज हमने खिलाड़ियों से अगले कदम की उम्मीद की थी और उन्होंने वैसा ही किया। नतीजा तो अपने आप मिल जाता है, लेकिन हमने बहुत ऊंचे स्तर का खेल दिखाया।"

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia