खेल: रन नहीं बनने से बैचेन हो गए थे कोहली और वैभव सूर्यवंशी को मिला 'गोल्डन चांस'
विराट कोहली ने कहा कि प्रदर्शन के दबाव को लेकर बैचेनी उन्हें भी होती है। वैभव सूर्यवंशी को आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है।

लगातार शून्य पर आउट होने से नर्वस था, रन नहीं बनने से बैचेन हो जाता हूं : कोहली
भारत के सुपरस्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने कहा कि प्रदर्शन के दबाव को लेकर बैचेनी उन्हें भी होती है और आईपीएल में पिछले दो मैचों में शून्य पर आउट होने से वह नर्वस हो गए थे ।
37 वर्ष के कोहली ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के लिये 60 गेंद में नाबाद 105 रन बनाकर फॉर्म में वापसी की । आरसीबी छह विकेट से जीत दर्ज करके आईपीएल की अंकतालिका में शीर्ष पर पहुंच गई ।
प्लेयर आफ द मैच कोहली ने बाद में प्रसारक से कहा ,‘‘ पिछले दो मैचों में रन नहीं बना पाने से मैं काफी बेचैन था । मुझे पता था कि मैं अच्छा खेल सकता हूं और रन बना सकता हूं ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ऐसे में जब आप रन नहीं बना सके और टीम के लिये योगदान नहीं दे सके तो बेचैनी होती है । मेरा हमेशा से लक्ष्य टीम के लिये योगदान देने का रहा है । मैं लगातार बेहतर प्रदर्शन की कोशिश करता हूं ताकि अपना सर्वश्रेष्ठ टीम को देकर छाप छोड़ सकूं ।’’
कोहली ने स्वीकार किया कि पिछले दो मैचों में खाता नहीं खोल पाने से वह नर्वस थे लेकिन यह भी कहा कि नाकामी खिलाड़ी के विकास में भूमिका निभाती है ।
कोहली ने शतक के साथ आलोचकों को जवाब दे दिया है : गावस्कर
भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने विराट कोहली की तारीफ करते हुए कहा कि इस चैम्पियन बल्लेबाज ने साबित कर दिया है कि पुरानी पीढी अभी भी सर्वश्रेष्ठ है ।
पिछले दो मैचों में शून्य पर आउट हुए कोहली के 60 गेंदों में नाबाद 105 रन की मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने आईपीएल के मैच में केकेआर को छह विकेट से हराकर अंकतालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया ।
गावस्कर ने ‘स्टार स्पोटर्स’ पर ‘अमूल क्रिकेट लाइव’ में कहा ,‘‘ विराट कोहली ने केकेआर के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया । लक्ष्य का पीछा करने में उसका कोई सानी नहीं है ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ हर कोई बात कर रहा है कि यह सत्र अगली पीढी का है लेकिन कोहली ने दिखा दिया कि वह अभी भी है। उसने आलोचकों को शतक से जवाब दिया और आरेंज कैप की दौड़ में तीसरे नंबर पर पहुंच गया । उसने साबित कर दिया कि पुरानी पीढी अभी भी सर्वश्रेष्ठ है ।’’
वनडे 'ट्राई सीरीज' के लिए 'भारत-ए' टीम घोषित, तिलक को कमान, वैभव को 'गोल्डन चांस'
पुरुष चयन समिति ने श्रीलंका में होने वाली आगामी वनडे ट्राई-सीरीज के लिए इंडिया 'ए' टीम का चयन किया है। 15 सदस्यीय टीम की कमान तिलक वर्मा को सौंपी गई है, जिसमें 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को भी मौका दिया गया है। श्रीलंका 'ए', इंडिया 'ए' और अफगानिस्तान 'ए' के बीच यह सीरीज 9-21 जून के बीच खेली जाएगी।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के कप्तान रियान पराग को इस ट्राई सीरीज के लिए उप-कप्तान नियुक्त किया गया है। इस टीम में प्रियांश आर्य, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, विपराज निगम, सूर्यांश शेडगे, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज जैसे उभरते होनहार खिलाड़ी भी शामिल हैं।
लिमिटेड-ओवर्स की इस ट्राई-सीरीज के बाद, इंडिया 'ए' की टीम श्रीलंका 'ए' के खिलाफ दो मल्टी-डे मैच भी खेलेगी। इन रेड-बॉल मुकाबलों के लिए टीम की घोषणा बाद में होगी। व्हाइट-बॉल सीरीज दांबुला में खेली जाएगी, जबकि मल्टी-डे मैच गाले में आयोजित होंगे।
वैभव सूर्यवंशी को आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। पिछले सीजन 7 मुकाबलों में 36 की औसत के साथ 252 रन बनाने वाले वैभव ने इस सीजन 11 मुकाबलों में 40 की औसत के साथ 440 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 2 अर्धशतक निकले हैं।
सिंधू, लक्ष्य सेन थाईलैंड ओपन के क्वार्टर फाइनल में
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पी वी सिंधू और लक्ष्य सेन पांच लाख डॉलर ईनामी राशि के थाईलैंड ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए ।
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और छठी वरीयता प्राप्त सिंधू ने 28 मिनट के भीतर डेनमार्क की अमेली शूल्ज को 21 . 13, 21 . 15 से हराया।
सातवीं वरीयता प्राप्त सेन ने चीन के झू शुआन चेन को 21 . 12, 21 . 13 से मात दी ।
सिंधू का सामना अब शीर्ष वरीयता प्राप्त तीसरी रैंकिंग वाली जापान की अकाने यामागुची से होगा । वहीं सेन चीनी ताइपै के ली चिया हाओ और दूसरी वरीयता प्राप्त थाईलैंड के कुंलावुत वितिदसर्न के बीच होने वाले मैच के विजेता से खेलेंगे ।
पुरूष युगल में सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी भी अंतिम आठ में पहुंच गए । उन्होंने मलेशिया के ब्रायन जेरेमी और मुहम्मद हाइकल को 21 . 12, 21 . 19 से मात दी ।
अब उनका सामना छठी वरीयता प्राप्त जापान के ताकुमी नोमूरा और युइची शिमोगामी से होगा।
आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ: लौरा वोल्वार्ड्ट ने महिला और नाहिद राणा ने पुरुष वर्ग का खिताब जीता
आईसीसी ने अप्रैल महीने के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के नाम की घोषणा कर दी है। पुरुषों की श्रेणी में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज नाहिद राणा, तो महिलाओं की श्रेणी में यह पुरस्कार दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने जीता है।
नाहिद राणा ने पहली बार यह पुरस्कार जीता है। राणा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में बांग्लादेश को 2-1 से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। इस युवा तेज गेंदबाज ने 4.46 की इकॉनमी रेट से आठ विकेट लिए थे और 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का खिताब जीता था। राणा ने सीरीज के दूसरे मैच में 32 रन देकर 5 विकेट लिए थे और बांग्लादेश को 55 रनों से जीत दिलायी थी।
राणा ने ओमान के कप्तान जतिंदर सिंह और यूएई के तेज गेंदबाज अजय कुमार को पीछे छोड़ते हुए यह सम्मान जीता।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
