खेल: RCB के दूसरी बार चैंपियन बनने पर कोहली का भावुक पोस्ट और 'जी' ने हासिल किए भारत के लिए 'फीफा वर्ल्ड कप' राइट्स

आरसीबी के सफलतापूर्वक खिताब का बचाव करने के बाद कोहली ने अपने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट लिखा। फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 11 जून से होने जा रही है, जिसे भारतीय फैंस 'यूनाइट8 स्पोर्ट्स' चैनल्स और 'जी5' पर देख सकेंगे।

RCB के दूसरी बार चैंपियन बनने पर कोहली का भावुक पोस्ट
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

'हमने पिछले साल खुद से एक सवाल पूछा था', आरसीबी के दूसरी बार चैंपियन बनने पर कोहली का भावुक पोस्ट

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 'आईपीएल- 2026' के खिताब को अपने नाम किया। रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस (जीटी) को 5 विकेट से हराया। विराट कोहली खिताबी मुकाबले में आरसीबी की जीत के नायक रहे। आरसीबी के सफलतापूर्वक खिताब का बचाव करने के बाद कोहली ने अपने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट लिखा। 

कोहली ने सोशल मीडिया प्लेफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "हमने पिछले साल खुद से एक सवाल पूछा था कि क्या हम लगातार दो बार खिताब जीत सकते हैं? और हमने दोबारा कर दिखाया।"

खिताबी मुकाबले में कोहली का बल्ला खूब गरजा। विराट ने वेंकटेश अय्यर के साथ मिलकर आरसीबी को गुजरात टाइटंस के खिलाफ शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 27 गेंदों में 62 रन जोड़े। कोहली बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने अपने आईपीएल करियर का सबसे तेज अर्धशतक लगाया। विराट ने अपने पचास रन महज 25 गेंदों में पूरे किए।

कोहली ने 42 गेंदों का सामना करते हुए 178 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 75 रन बनाए। अपनी इस पारी में विराट ने 9 चौके और 3 छक्के लगाए। वहीं, टिम डेविड ने 17 गेंदों में 24 रनों का योगदान दिया।

'जी' ने हासिल किए भारत के लिए 'फीफा वर्ल्ड कप' राइट्स, 4 नए स्पोर्ट्स चैनल होंगे लॉन्च

फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 11 जून से होने जा रही है, जिसे भारतीय फैंस 'यूनाइट8 स्पोर्ट्स' चैनल्स और 'जी5' पर देख सकेंगे। 'जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड' ने इस बड़े इवेंट के साथ फीफा वर्ल्ड कप 2030 के एडिशन, फीफा विमेंस वर्ल्ड कप 2027 और 2034 के अन्य अहम फीफा इवेंट्स के लिए भारत के मीडिया राइट्स हासिल कर लिए हैं।

स्पोर्ट्स फैंस को एक शानदार अनुभव देने के लिए 'जी' ने 4 स्पोर्ट्स चैनल (यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1, यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1 एचडी, यूनाइट8 स्पोर्ट्स 2 और यूनाइट8 स्पोर्ट्स 2 एचडी) लॉन्च करने की घोषणा कर दी है।

'जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड' ने बताया है कि उसका डिजिटल एंटरटेनमेंट प्लेटफॉर्म 'जी5' भी यह सुनिश्चित करेगा कि फुटबॉल के दीवाने सभी रोमांचक एक्शन से जुड़े रहें, उन्हें अपनी पसंद की भाषा में लाइव मैच देखने का अनुभव मिले।

कंपनी ने कहा, "फेडरेशन इंटरनेशनेल डी फुटबॉल एसोसिएशन (फीफा) के साथ साझेदारी करके, कंपनी हमारे देश के युवाओं के लिए सबसे ताकतवर स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन में से एक बनकर उभरी है। इस साझेदारी के जरिए कंपनी भारत के बाजार के लिए दुनिया की सबसे बड़ी फुटबॉल प्रॉपर्टीज- फीफा वर्ल्ड कप 2026 और फीफा वर्ल्ड कप 2030 के एडिशन, फीफा विमेंस वर्ल्ड कप 2027 और 2034 तक के अन्य अहम फीफा इवेंट्स और डॉक्यू-सीरीज कंटेंट लेकर आई है।"

'जी' फुटबॉल का घर होगा, जहां फीफा के बड़े इवेंट्स दिखाए जाएंगे। इनमें फीफा मेंस अंडर-17 वर्ल्ड कप (2026-2034), फीफा विमेंस अंडर-17 वर्ल्ड कप (2026-2034), फीफा अंडर-20 मेंस वर्ल्ड कप (2027, 2029, 2031 और 2033), फीफा अंडर-20 विमेंस वर्ल्ड कप (2026, 2028, 2030, 2032 और 2034), फीफा फुटसाल मेंस वर्ल्ड कप (2028 और 2032), फीफा फुटसाल विमेंस वर्ल्ड कप (2029 और 2033), फीफा विमेंस वर्ल्ड कप (2027) और फीफा इंटरकॉन्टिनेंटल कप (2026-2030) शामिल हैं। इनके अलावा, फीफा वर्ल्ड कप 2026 और फीफा वर्ल्ड कप 2030 भी यहां दिखाए जाएंगे।


सूर्यवंशी को आयरलैंड श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में होना चाहिए: एमएसके प्रसाद

भारत के पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने वैभव सूर्यवंशी को ‘अति प्रतिभाशाली’ और ‘टी20 क्रिकेट में दुनिया का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’ करार देते हुए कहा कि इस महीने के आखिर में आयरलैंड के खिलाफ होने वाली श्रृंखला के लिए उन्हें राष्ट्रीय टीम में शामिल किया जाना चाहिए।

प्रसाद ने पीटीआई से कहा, ‘‘वह केवल असाधारण प्रतिभा ही नहीं हैं। वह टी20 क्रिकेट में विश्व के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में शामिल हैं। उन्हें तुरंत ही भारतीय टीम में शामिल किया जाना चाहिए। भारत ए के साथ श्रीलंका दौरे के बाद उन्हें आयरलैंड के खिलाफ श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में चुना जाना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उन्हें भारत की सीनियर टीम में चुना जा सकता है। मुझे पूरा विश्वास है कि वह श्रीलंका में भारत ए की तरफ से अच्छा प्रदर्शन करेंगे। उन्हें इंतजार करवाने का कोई मतलब नहीं होगा। वह जल्द ही भारत के लिए खेलेंगे और लंबे समय तक खेलते रहेंगे।’’

कोहली ने फिर साबित किया कि टी20 क्रिकेट में तकनीक और धैर्य का कोई सानी नहीं है: शर्मा

विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा का मानना ​​है कि आईपीएल फाइनल में इस स्टार बल्लेबाज के शानदार प्रदर्शन से यह साबित हो गया है कि सबसे छोटे प्रारूप में पावर-हिटिंग के साथ-साथ तकनीक और धैर्य भी समान रूप से महत्वपूर्ण होते हैं।

कोहली ने आईपीएल फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु की गुजरात टाइटंस पर पांच विकेट से जीत में 42 गेंदों पर नाबाद 75 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और तीन छक्के शामिल हैं।

शर्मा ने पीटीआई वीडियो से कहा, ‘‘युवा खिलाड़ियों के लिए यह एक सबक है कि यह प्रारूप केवल पावर हिटिंग या छक्के मारने तक सीमित नहीं है। अगर आपकी तकनीक अच्छी है तो आप बड़ा स्कोर बना सकते हैं और विराट ने आज यही साबित किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर आपके पास अच्छी तकनीक और जज्बा है और आप धैर्य बनाए रख सकते हैं तो आपको सफलता मिलेगी। यही वह चीज है जो विराट इतने लंबे समय से अपनी फ्रेंचाइजी के साथ-साथ भारतीय क्रिकेट के लिए करते आ रहे हैं। वह युवा खिलाड़ियों के लिए एक उदाहरण हैं कि टी20 क्रिकेट कैसे खेला जाता है।’’


श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए वेस्टइंडीज टीम का ऐलान, हेटमायर की वापसी

क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। शिमरोन हेटमायर की वनडे टीम में वापसी हुई है। 

माना जा रहा है कि अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए ही हेटमायर को वनडे टीम में जगह दी गई है। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने कहा कि हेटमायर तीसरे और आखिरी मैच से पहले टीम में शामिल होंगे। टीम में तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ की भी वापसी हुई है, जो जुलाई 2025 से पीठ की चोट के कारण बाहर थे। इसके साथ ही गुडाकेश मोती को भी जगह दी गई है, जो नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज़ में नहीं खेल पाए थे।

जोसेफ पीठ की चोट से उबरने के बाद पिछले साल ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेलने मैदान पर उतरेंगे। यह सीरीज 3-8 जून को जमैका के सबीना पार्क में होगी। इस मुकाबले के साथ वेस्टइंडीज 2027 वनडे विश्व कप के लिए सीधे क्वालिफाई करने के अपने अभियान की अहम शुरुआत करेगा।

वेस्टइंडीज की वनडे टीम: शाई होप (कप्तान/विकेटकीपर), एकीम ऑगस्टे, जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टी, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, जस्टिन ग्रीव्स, शिमरोन हेटमायर, आमिर जंगू, अल्जारी जोसेफ, शमर जोसेफ, गुडाकेश मोती, शेरफेन रदरफोर्ड, जेडन सील्स और शमर स्प्रिंगर।

आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ 

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia