खेल: कोटक ने सैमसन और अभिषेक के ‘निडर रवैये’ की सराहना की और परविंदर अवाना बने जूनियर पुरुष चयन समिति के नए चेयरमैन
भारतीय बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जमकर तारीफ की है। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज परविंदर अवाना को शुक्रवार को बीसीसीआई की जूनियर पुरुष चयन समिति का चेयरमैन नियुक्त किया गया।

कोटक ने सैमसन और अभिषेक के ‘निडर रवैये’ की सराहना की
भारतीय बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जमकर तारीफ करते हुए शुक्रवार को यहां कहा कि ‘ताकत, प्रतिभा और इरादे’ के अलावा इन दोनों खिलाड़ियों का अपने दिमाग पर भी जबरदस्त नियंत्रण है।
कोटक ने कहा कि 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को अंतिम एकादश में शामिल करने की सोशल मीडिया पर चल रही मांग के बावजूद टीम प्रबंधन ने जिस तरह से सैमसन और अभिषेक का समर्थन किया उसके लिए उसकी सराहना की जानी चाहिए।
सूर्यवंशी को एशियाई खेलों के बाद खेलने का मौका नहीं मिला है लेकिन ईशान किशन के चोटिल होने के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच से बाहर हो जाने के बाद अब उन्हें मौका मिल सकता है।
कोटक ने कहा, ‘‘इन तीनों सलामी बल्लेबाजों को लेकर सोशल मीडिया पर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं। लोगों को समझना चाहिए कि टीम प्रबंधन के फैसले टीम के हित में होते हैं। लोगों की मर्जी के हिसाब से अंतिम एकादश का चयन नहीं किया जा सकता।’’
कोटक ने सैमसन की विशेष रूप से प्रशंसा की, जिन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है।
न्यूजीलैंड के क्रिकेट फैंस के बीच रोहित और विराट को देखने का आकर्षण है: जेम्स पैमेंट
भारतीय क्रिकेट टीम 5 टी20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए न्यूजीलैंड के दौरे पर है। रोहित शर्मा और विराट कोहली वनडे सीरीज का हिस्सा हैं। ऐसे में वनडे सीरीज को लेकर न्यूजीलैंड क्रिकेट फैंस के बीच उत्साह ज्यादा है।
न्यूजीलैंड के पूर्व सहायक कोच और मुंबई इंडियंस के फील्डिंग कोच रह चुके जेम्स पैमेंट ने कहा है कि रोहित और विराट का आकर्षण बहुत ज्यादा है। इस वजह से वनडे सीरीज को लेकर फैंस के बीच रोमांच ज्यादा है।
जेम्स पैमेंट ने आईएएनएस से खास बातचीत में कहा, "मुझे ऐसा लगता है कि न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका की कंडीशन काफी समान हैं। डरबन, पोर्ट एलिजाबेथ (अब गकेबरहा) और न्यूलैंड्स जैसे मैदान न्यूजीलैंड की कंडीशन से काफी मिलते-जुलते हैं। ऐसे मैदान ही भारतीय खिलाड़ियों को पांच वनडे मैचों की सीरीज में मिलेंगे।"
उन्होंने कहा, "न्यूजीलैंड के क्रिकेट फैंस और दुनियाभर के क्रिकेट फैंस शायद रोहित और विराट को न्यूजीलैंड में आखिरी बार देखने जा रहे हैं। यह अविश्वसनीय है। वनडे सीरीज के दौरान स्टेडियम हाउसफुल होगा। यह उन दोनों जैसे वर्ल्ड-क्लास खिलाड़ियों को देखने का आकर्षण है। देखना होगा कि न्यूजीलैंड में हमारे लड़के इन खिलाड़ियों का कैसे मुकाबला करते हैं। हमने घर पर बहुत अच्छा वनडे क्रिकेट खेला है।"
'हम अपनी गलती जानते हैं', श्रीलंका से रिकॉर्ड हार के बाद बोले इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक
पाकिस्तान में खेली जा रही वनडे त्रिकोणीय सीरीज में गुरुवार को खेले गए एक हाईस्कोरिंग मैच में इंग्लैंड को श्रीलंका के खिलाफ एक बड़ी और ऐतिहासिक हार का सामना करना पड़ा। हार के बाद इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने कहा कि हमें अपनी गलती पता है।
हार के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान हैरी ब्रूक ने कहा, "यह एक शानदार क्रिकेट मैच था। मुझे लगा कि दोनों टीमें बहुत बढ़िया थीं। बदकिस्मती से, श्रीलंका ने हमें हरा दिया। हम गेंद से ठीक से खेल नहीं पाए और उनकी ताकत के हिसाब से थोड़ा खेले, और फिर उन्होंने 400 रन बनाकर जबरदस्त क्रिकेट खेला।"
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि 20 साल में पहली बार यह एक जबरदस्त उपलब्धि है। अब हारने वाली टीम का कोई मतलब नहीं है। हमें ड्रॉइंग बोर्ड पर वापस जाना होगा। हम जानते हैं कि हमसे कहां गलती हुई है। बदकिस्मती से, हमने गेंद से अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। अगले कुछ मैचों में हमारे पास फाइनल में जगह पक्की करने का शानदार मौका है। हमें चीजों को सिंपल रखना होगा और खुद को सपोर्ट करना होगा और अगले गेम में फिर से बेहतर खेलना होगा।"
ब्रूक ने हार की वजह टीम की कमजोर गेंदबाजी को बताया, जो निश्चित रूप से सही है।
परविंदर अवाना बने जूनियर पुरुष चयन समिति के नए चेयरमैन, कृष्ण-राकेश और अर्जुन भी पैनल सदस्य के रूप में शामिल
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज परविंदर अवाना को शुक्रवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की जूनियर पुरुष चयन समिति का चेयरमैन नियुक्त किया गया। इस पैनल में कृष्ण दास, राकेश पटेल और एन. अर्जुन यादव को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
बीसीसीआई ने एक मीडिया एडवाइजरी में बताया कि ये नियुक्तियां क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) की सिफारिश पर की गई हैं। सीएसी ने नामों को अंतिम रूप देने से पहले आवेदकों की जांच की और उनके इंटरव्यू लिए। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, समिति के पांचवें सदस्य की नियुक्ति जल्द ही की जाएगी।
भारत के लिए दो टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले अवाना का दिल्ली के लिए फर्स्ट-क्लास करियर काफी शानदार रहा। उन्होंने 62 मैचों में 191 विकेट लिए। यह पूर्व तेज गेंदबाज दिल्ली, भारत ए और रेस्ट ऑफ इंडिया की टीमों के लिए खेल चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब (जिसे अब पंजाब किंग्स के नाम से जाना जाता है) के लिए भी खेला है।
एशियन पैरा गेम्स: नितेश, थुलसिमथी ने बैडमिंटन मिक्स्ड डबल्स में सिल्वर जीता
भारत के नितेश कुमार और थुलसिमथी मुरुगेसन ने शुक्रवार को मिक्स्ड डबल्स एसएल3-एसयू5 कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीता।
भारतीय जोड़ी को फाइनल में इंडोनेशिया की लीनी रात्री ओक्टिला और हिकमत रामदानी से 21-11, 19-21, 14-21 से हार के बाद सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। भारतीय जोड़ी ने शुरुआती गेम में 21-11 से दबदबा बनाया, लेकिन दूसरा गेम 19-21 से हार गई और फिर आखिरी गेम में 14-21 से हार गई।
इससे पहले, थुलसिमथी मुरुगेसन ने विमेंस सिंगल्स एसयू5 फाइनल में चीन की यांग से 21-18, 21-11 से हारने के बाद सिल्वर मेडल जीता था। नितेश ने हमवतन प्रमोद भगत को हराकर गोल्ड मेडल जीता था। प्रमोद ने 2018 और 2022 एडिशन में गोल्ड जीता था। दो पैरालंपिक चैंपियनों के बीच खेला गया फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। मुकाबला 21-18, 21-16 से नितेश के पक्ष में रहा।
एक अन्य मैच में नित्या श्री सुमति सिवन ने महिला एकल एसएच6 फाइनल में चीन की ली फेंगमेई से 12-21, 13-21 से हारने के बाद सिल्वर मेडल जीता।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
