खेल: IPL में हुई थी 'काला जादू' जैसी हरकत, ललित मोदी का दावा और सभी फॉर्मेट में भारत के लिए खेलना रसिख सलाम लक्ष्य
ललित मोदी ने लिखा, "इस बार मामला फर्जी लगता है, लेकिन एक टीम मालिक पहले इस तरह की प्रथा में शामिल रहा है।" तेज गेंदबाज रसिख सलाम डार ने कहा कि उनका सबसे बड़ा मकसद सभी फॉर्मेट में भारत के लिए खेलना है।

जानलेवा बीमारी से जूझ रहे अफगानिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शापूर जादरान दिल्ली के अस्पताल में भर्ती
अफगानिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शापूर जादरान अपनी जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे हैं क्योंकि उन्हें एक दुर्लभ और जानलेवा बीमारी हेमोफैगोसिटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस (एचएलएच) होने का पता चला है।
बाएं हाथ के इस 38 वर्षीय तेज गेंदबाज को फिलहाल नयी दिल्ली के एक अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया है जहां जनवरी से उनका इलाज चल रहा था।
मुख्य रूप से बच्चों को प्रभावित करने वाला ‘एचएलएच’ एक ऐसी बीमारी है जिसमें शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली काफी कमजोर हो जाती है। मरीज को प्रतिरक्षा प्रणाली की अत्यधिक सक्रिय प्रतिक्रिया के कारण शरीर में बहुत अधिक सूजन का सामना करना पड़ता है जिससे शरीर के ऊतकों को नुकसान पहुंचता है जिसमें बोन मैरो, यकृत, स्प्लीन और लिम्फ नोड्स शामिल हैं।
शापूर के छोटे भाई गमार जादरान ने बताया कि उनके भाई को सबसे पहले पिछले साल अक्टूबर में अस्वस्थ महसूस हुआ था और बाद में अफगानिस्तान के डॉक्टरों ने उन्हें इलाज के लिए भारत जाने की सलाह दी थी।
'एक टीम के मालिक ने 'काला जादू' जैसी हरकत की थी', ललित मोदी का दावा
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने एक वायरल चिट्ठी को फर्जी बताया है, जिसमें आरोप लगाया गया था कि चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबले के दौरान 'काला जादू' किया गया था।
यह विवाद राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में हुए मैच के एक वीडियो से शुरू हुआ, जिसमें एक फैन को 'नींबू का टोटका' करते हुए दिखाया गया था। यह तब हुआ जब चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाज शिवम दुबे, सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज साकिब हुसैन का सामना करने की तैयारी कर रहे थे।
इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से कथित शिकायत पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसकी पुष्टि नहीं हुई है। ललित मोदी ने सोमवार को अपने 'एक्स' अकाउंट पर लिखा, "इस बार मामला फर्जी लगता है, लेकिन एक टीम मालिक पहले इस तरह की प्रथा में शामिल रहा है।"
उन्होंने कहा, "मुझे याद है कि मैंने एक बार किसी टीम के मालिक का वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह विरोधी टीम के साथ ऐसा कर रहे थे। वह विरोधी टीम के ड्रेसिंग रूम में जाकर ठीक यही हरकत कर रहा था। मैंने 2011 के सीजन में ही विरोधी टीम के मालिकों को इस बारे में आगाह कर दिया था, जब यह घटना हुई थी और मुझे पक्के सबूतों के साथ इसकी जानकारी मिली थी। मेरी टीम ने तय किया है कि मैं एक फिल्म या टीवी सीरीज के जरिए यह खुलासा करूंगा कि इस तरह की हरकतें किसने की थीं।"
मुंबई के पूर्व क्रिकेटर किरण पोवार बने असम रणजी टीम के मुख्य कोच
मुंबई और बड़ौदा के पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर किरण पोवार को 2026-27 के घरेलू सत्र के लिए असम की पुरुष टीम का नया मुख्य कोच बनाया गया है। उन्होंने सोमवार को यह जानकारी दी।
बाएं हाथ के 50 साल के पूर्व खिलाड़ी किरण मुंबई, बड़ौदा और असम के लिए खेले हैं। वह भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर और महिला टीम के पूर्व मुख्य कोच रमेश पोवार के बड़े भाई हैं। पिछले सत्र में किरण मुंबई की अंडर-23 टीम के प्रभारी थे और यह सीनियर टीम के साथ उनका पहला कार्यकाल होगा जिसमें वह प्रभारी होंगे।
किरण ने पीटीआई से कहा, ‘‘मुझे असम रणजी टीम का कोच नियुक्त किए जाने पर बहुत खुशी है। मैं उनके साथ काम करने के लिए बेहद उत्सुक हूं।’’
किरण ने 71 सीनियर स्तर के मुकाबलों (प्रथम श्रेणी और लिस्ट ए) में लगभग 3500 रन बनाए हैं।
आईपीएल 2026: फाफ डू प्लेसिस ने की पंजाब किंग्स के गेंदबाजी अटैक की तारीफ
साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डू प्लेसिस ने पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के गेंदबाजी अटैक की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि पंजाब किंग्स के पास हर तरह के गेंदबाज मौजूद हैं और वे मैच के अलग-अलग समय पर सही खिलाड़ी का इस्तेमाल करके खेल को अपने पक्ष में कर लेते हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ पंजाब किंग्स को मिली 54 रनों की शानदार जीत के बाद फाफ डू प्लेसिस ने कहा कि पंजाब की टीम सिर्फ एक या दो गेंदबाजों पर निर्भर नहीं है। उनके पास कई विकल्प हैं, जिन्हें कप्तान जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल कर सकते हैं। यही वजह है कि टीम हमेशा विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखती है।
उन्होंने 'ईएसपीएन क्रिकइंफो' से बात करते हुए बताया कि पंजाब की गेंदबाजी में तेज गेंदबाजों और स्पिनरों का अच्छा संतुलन है। टीम में अर्शदीप सिंह जैसे गेंदबाज हैं, जो नई गेंद से विकेट लेने में माहिर हैं और अच्छे यॉर्कर डालते हैं। वहीं, मार्को जानसेन और जेवियर बार्टलेट जैसे गेंदबाज गेंद को स्विंग और बाउंस दोनों करा सकते हैं, जिससे बल्लेबाजों के लिए रन बनाना मुश्किल हो जाता है।
प्लेसिस ने कहा कि यह गेंदबाजी आक्रमण सिर्फ बचाव करने के लिए नहीं, बल्कि विकेट लेने के लिए बनाया गया है। इसका मतलब है कि चाहे कोई भी ओवर हो, पंजाब के गेंदबाज आक्रमण करने की क्षमता रखते हैं। इसी कारण बल्लेबाज हमेशा दबाव में रहते हैं।
मेरा लक्ष्य अब सभी फॉर्मेट में भारत के लिए खेलना है: रसिख सलाम
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के तेज गेंदबाज रसिख सलाम डार ने कहा कि उनका सबसे बड़ा मकसद सभी फॉर्मेट में भारत के लिए खेलना है। उन्होंने कहा कि वह मौका मिलने पर देश के लिए किसी भी फॉर्मेट में योगदान देने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
आईपीएल 2026 में आरसीबी की तरफ से खेल रहे रसिख सलाम का प्रदर्शन गेंद से शानदार रहा है। वह 3 मुकाबलों में अब तक 5 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। इस दौरान उनका इकोनॉमी भी महज 8.03 का रहा है। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में रसिख ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 24 रन देकर चार विकेट निकाले।
रसिख ने सोमवार को आरसीबी द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर शेयर किए गए वीडियो में कहा, "मैंने आईपीएल या भारत के बारे में सोचकर क्रिकेट खेलना शुरू नहीं किया था। मुझे नहीं पता था कि यह सफर मुझे कहां ले जाएगा। हालांकि, अब मेरा लक्ष्य भारत के लिए सभी फॉर्मेट में खेलना है। मुझे किसी भी फॉर्मेट में मौका मिलेगा, तो मैं योगदान देने के लिए तैयार हूं।" मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए इस सीजन के अपने पहले मुकाबले में ऐंठन से जूझने के बावजूद रसिख ने गेंदबाजी की और 23 रन देकर एक विकेट चटकाया।
उन्होंने कहा, "जब मैं गेंदबाजी करने आया, तो मुझे क्रैम्प (ऐंठन) हो गए, ऐसा कुछ जो मैंने पहले कभी महसूस नहीं किया था। लगभग हर बॉल के बाद मुझे क्रैम्प हो रहा था। मैं गेंदबाजी करते समय गिर रहा था और मैं ठीक से झुक भी नहीं पा रहा था। मेरा बस यही ख्याल था कि मुझे ओवर पूरा करना है। अगर मैं ऐसा कर पाया, तो टीम बेहतर स्थिति में होगी।"
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia