खेल: मार्श को ऑस्ट्रेलिया के अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण पर भरोसा और जानें भारत के खिलाफ मैच से क्या बोले नामीबिया कोच

यह 2016 के बाद पहला बड़ा आईसीसी टूर्नामेंट होगा जिसमें ऑस्ट्रेलिया की प्रसिद्ध तेज गेंदबाजी तिकड़ी का एक भी सदस्य टीम में शामिल नहीं होगा। नीदरलैंड ने नामीबिया को टी20 विश्व कप ग्रुप ए के मुकाबले में मंगलवार को सात विकेट से हराया।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

मार्श ने ऑस्ट्रेलिया के अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण पर जताया भरोसा

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श को भरोसा है कि टी20 विश्व कप में पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड जैसे प्रमुख तेज गेंदबाजों की अनुपस्थिति के बावजूद उनकी टीम का अपेक्षाकृत अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण चुनौती पर खरा उतरेगा।

यह 2016 के बाद पहला बड़ा आईसीसी टूर्नामेंट होगा जिसमें ऑस्ट्रेलिया की प्रसिद्ध तेज गेंदबाजी तिकड़ी का एक भी सदस्य टीम में शामिल नहीं होगा।

इसमें से स्टार्क ने पिछले साल इस प्रारूप से संन्यास ले लिया था तो वहीं कमिंस और हेजलवुड चोट के कारण इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए। उनकी गैरमौजूदगी में नाथन एलिस, बेन ड्वार्शुइस और जेवियर बार्टलेट तेज गेंदबाजी विभाग की अगुवाई करेंगे।

आयरलैंड के खिलाफ अपने शुरुआती मैच से पहले मार्श ने कहा, ‘‘पैटी (कमिंस) जैसे खिलाड़ी पिछले कुछ वर्षों में हमारे लिए काफी खेले हैं। पिछले 12 महीनों में बेनी ड्वार्शुइस और ज़ेवियर बार्टलेट ने लगभग हमारे सभी मैच खेले हैं। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें पूरा भरोसा है कि वे हमारे लिए अपनी भूमिका निभाने में सक्षम रहे हैं और कई मैचों में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। इसलिए हमें इस ग्रुप पर विश्वास है। पिछले 12 महीनों में हमने इसे तैयार किया है। ’’

पाकिस्तान विवाद के सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए आईसीसी को धन्यवाद: राजीव शुक्ला

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की प्रशंसा करते हुए कहा कि उसने ‘बहुत अच्छा समाधान निकाला’ जिसके कारण पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच का बहिष्कार वापस ले लिया।

बांग्लादेश और श्रीलंका के आग्रह के बाद पाकिस्तान सरकार ने बहिष्कार की अपील वापस लेने का फैसला किया जिसका मतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच मैच निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगा।

शुक्ला ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं बीसीसीआई की तरफ से आईसीसी अध्यक्ष (जय शाह) और उसके पदाधिकारियों का बहुत अच्छा समाधान निकालने के लिए आभार व्यक्त करना चाहता हूं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के साथ चर्चा के बाद और सभी पक्षों की बात सुनने के बाद यह निर्णय लिया गया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह फैसला क्रिकेट के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। क्रिकेट जारी रहना चाहिए और अब विश्व कप को बड़ी सफलता मिलेगी। जहां तक आईसीसी का सवाल है तो यह एक बड़ी उपलब्धि है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भी आईसीसी की प्रशंसा की है। उसने सभी पक्षों की बात सुनी और सभी के हितों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला किया।’’

शुक्ला ने आगे कहा, ‘‘आखिर में क्रिकेट सभी के लिए सबसे महत्वपूर्ण है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सभी के लिए महत्वपूर्ण है।’’


डि लीडे के हरफनमौला प्रदर्शन से नीदरलैंड ने नामीबिया को सात विकेट से हराया

बास डि लीडे के 48 गेंद में नाबाद 72 रन और दो विकेट की मदद से नीदरलैंड ने टी20 विश्व कप के ग्रुप ए के मैच में मंगलवार को यहां नामीबिया को सात विकेट से हराया ।

टॉस जीतकर नामीबिया को बल्लेबाजी के लिये भेजने वाली नीदरलैंड की टीम ने अपने गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के दम पर उसे आठ विकेट पर 156 रन पर रोक दिया ।

डि लीडे ने तीन ओवर में 20 रन देकर और लोगान वान बीक ने तीन ओवर में 13 रन देकर दो दो विकेट लिये ।

जवाब में डि लीडे ने 48 गेंद में नाबाद 72 रन की पारी के दम पर नीदरलैंड ने 18 ओवर में तीन विकेट पर 159 रन बनाये । डि लीडे ने अपनी पारी में पांच चौके और चार छक्के जड़े और कोलिन एकेरमैन (28 गेंद में 32 ) के साथ तीसरे विकेट के लिये 70 रन की साझेदारी भी की । उन्हें हरफनमौला प्रदर्शन के लिये प्लेयर आफ द मैच चुना गया ।

टी20 विश्व कप का अरूण जेटली स्टेडियम पर यह पहला मैच था लेकिन स्कूल की परीक्षा का समय और सप्ताह के बीच में होने से मैदान खाली ही पड़ा रहा । इसी मैदान पर 12 फरवरी को भारतीय टीम नामीबिया से खेलेगी ।

भारत के खिलाफ भारत में विश्व कप मैच पूरी टीम के लिये यादगार अनुभव होगा : नामीबिया कोच विलियम्स

मेजबान भारत के खिलाफ विश्व कप मुकाबले को कठिन चुनौती बताते हुए नामीबिया के कोच क्रेग विलियम्स ने कहा कि 12 फरवरी को होने वाले इस मैच में उनकी टीम अपनी अपनी रणनीति पर अडिग रहकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की कोशिश करेगी चूंकि उनकी टीम और पूरे देश के लिये यह मैच एक यादगार अनुभव होगा ।

नीदरलैंड ने नामीबिया को टी20 विश्व कप ग्रुप ए के मुकाबले में मंगलवार को सात विकेट से हराया। अब नामीबिया को 12 फरवरी को अरूण जेटली स्टेडियम पर गत चैम्पियन और खिताब की प्रबल दावेदार भारतीय टीम से खेलना है ।

मैच के बाद विलियम्स ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,‘‘भारत के खिलाफ मैच आसान नहीं होगा लेकिन अगर हम अपनी रणनीति पर अडिग रहे और एक समय पर एक गेंद पर फोकस करके खेले तो अच्छे नतीजे की उम्मीद कर सकते हैं । हम पेशेवर टीम हैं और विरोधी टीम कोई भी हो, हमे अपने खेल पर फोकस करना है ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ हर कोई भारत के खिलाफ मैच की बात कर रहा है । हमारे लिये यह यादगार मैच होगा और घर पर भी सभी इसकी बात कर रहे हैं । हम भारत के खिलाफ पहले खेल चुके हैं और वह मैच भी हमारे लिये काफी कठिन था । दूधिया रोशनी में चुनौती और भी कठिन होगी ।’’

नीदरलैंड के खिलाफ मिली हार के बारे में उन्होंने कहा कि उनकी टीम 20 रन पीछे रह गई ।


आंध्र के खिलाफ पारी की जीत से बंगाल रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में

सुदीप कुमार घरामी के 299 रन की बड़ी पारी की मदद से पहली पारी में विशाल स्कोर बनाने वाले बंगाल ने मंगलवार को यहां आंध्र को पारी और 90 रन से करारी शिकस्त देकर रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

आंध्र की पहली पारी के 295 रन के जवाब में बंगाल ने अपनी पहली पारी में 629 रन बनाकर 334 रन की बड़ी बढ़त हासिल की थी। आंध्र की टीम दूसरी पारी में केवल 244 रन ही बना सकी।

बंगाल 15 फरवरी को होने वाले सेमीफाइनल में जम्मू कश्मीर से भिड़ेगा जबकि दूसरा सेमीफाइनल कर्नाटक और उत्तराखंड के बीच खेला जाएगा।

आंध्र ने खेल के पांचवें और अंतिम दिन अपनी दूसरी पारी तीन विकेट पर 64 रन से आगे बढ़ाई। यह पहले ही तय हो चुका था कि वह सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाएगा लेकिन उसका लक्ष्य सीधी हार से बचना था जिसमें वह नाकाम रहा।

बंगाल के गेंदबाजों ने बाएं हाथ के स्पिनर शाहबाज अहमद की अगुवाई में आंध्र के बल्लेबाजों को नहीं चलने दिया। शाहबाज ने 72 रन देकर चार विकेट जबकि सूरज सिंधु जायसवाल ने दो विकेट लिए। आकाश दीप, सुमंता गुप्ता और अनुस्तुप मजूमदार ने एक-एक विकेट हासिल किया।

भारतीय टीम से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने आंध्र की दूसरी पारी में केवल तीन ओवर ही किए। शमी ने 53 रन बनाकर बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया था।

पीटीआई के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia