खेल: मेस्सी ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ में सबसे आगे और भारत बनाम इंग्लैंड के दूसरे T20 पर भी बारिश का साया

इस साल टूर्नामेंट में उनका यह सातवां गोल था और ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ में एमबाप्पे उनसे एक गोल पीछे हैं। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, मैनचेस्टर में शनिवार को बारिश होने की आशंका 57 प्रतिशत तक है।

 मेस्सी ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ में सबसे आगे
i

मेस्सी के विश्व कप कैरियर में अब 20 गोल, इस बार ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ में आगे

लियोनेल मेस्सी का गोल करने का सिलसिला जारी है और वह इतनी सहजता से गोल करते हैं कि यह आसान सा लगता है ।

इसके साथ ही अर्जेंटीना की लगातार दूसरा विश्व कप जीतने की उम्मीदें भी कायम है हालांकि केप वर्दे ने एकबारगी उसके लिये खतरे की घंटी बजा दी थी । विश्व कप में अपने प्रदर्शन से फुटबॉलप्रेमियों का दिल जीतने वाले केप वर्दे को अतिरिक्त समय में 3 . 2 से हराकर अर्जेंटीना ने अंतिम 16 में जगह बनाई।

मेस्सी ने केप वर्दे के खिलाफ 29वें मिनट में विश्व कप के अपने कैरियर का 20वां गोल किया । वह विश्व कप के इतिहास में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में 20 गोल के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं जबकि फ्रांस के काइलियान एमबाप्पे उनसे दो गोल पीछे हैं।

बाद में मीडिया कॉन्फ्रेंस में मेस्सी की तस्वीर देखी गई, जिसमें उनके सिर पर एक बड़ा सा निशान था । केप वर्दे के एक खिलाड़ी से टक्कर के दौरान उन्हें घुटने से चोट लगी थी।

उन्होंने स्पेनिश में कहा ,‘‘इसमें दर्द हो रहा है लेकिन मैं ठीक हूं ।’’

इस साल टूर्नामेंट में उनका यह सातवां गोल था और ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ में एमबाप्पे उनसे एक गोल पीछे हैं । पिछले आठ विश्व कप मैचों में मेस्सी 12 गोल कर चुके हैं ।

एक ही विश्व कप में दो आत्मघाती गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बने मिस्र के डिफेंडर हानी

मिस्र के डिफेंडर मोहम्मद हानी एक ही टूर्नामेंट में दो आत्मघाती गोल करने वाले विश्व कप के इतिहास के पहले खिलाड़ी बन गए ।

आस्ट्रेलिया के मिडफील्डर एडेन ओ नील की 55वें मिनट में लगाई गई फ्रीकिक पर गेंद हानी के सिर से टकराकर मिस्र के गोल के भीतर ही चली गई ।

इससे पहले आस्ट्रेलियाई मिडफील्डर कोनोर मेटकाफे से टकराने के कारण हानी को चिकित्सा सहायता लेनी पड़ी थी ।

बेल्जियम के खिलाफ ग्रुप चरण में 1 . 1 से ड्रॉ रहे मैच में भी उन्होंने आत्मघाती गोल किया था ।


सूर्यवंशी की बेखौफ बल्लेबाजी जादुई, लेकिन उसकी नकल हर युवा खिलाड़ी के लिए सही नहीं: मैथ्यू हेडन

ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज मैथ्यू हेडन का मानना है कि 15 वर्षीय भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की बेखौफ और आक्रामक बल्लेबाजी देखने में जितनी रोमांचक और जादुई लगती है, उतनी ही चुनौतीपूर्ण भी है।

उन्होंने युवा खिलाड़ियों को आगाह किया कि सूर्यवंशी की शैली की नकल करने से पहले यह जरूर सोचना चाहिए कि क्या इस तरह का खेल लंबे समय तक लगातार सफल रह सकता है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने बहुप्रतीक्षित पदार्पण को लेकर चर्चा के केंद्र में बने सूर्यवंशी ने कम उम्र में ही आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। टी20 क्रिकेट में उनका हर गेंद पर हमला करने का अंदाज नई शैली का प्रतीक बनकर उभरा है।

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में हाल में गुजरात टाइटंस के डगआउट से सूर्यवंशी का खेल देखने वाले हेडन से जब पूछा गया कि क्या शुभमन गिल की पारंपरिक और तकनीकी रूप से मजबूत बल्लेबाजी तथा सूर्यवंशी की विस्फोटक शैली टी20 क्रिकेट में साथ-साथ सफल हो सकती हैं, तो उन्होंने सकारात्मक जवाब दिया।

हेडन ने ‘पीटीआई’ से कहा, ‘‘हम दो बिल्कुल अलग व्यक्तित्वों की बात कर रहे हैं। क्या शुभमन गिल और वैभव सूर्यवंशी, दोनों की बल्लेबाजी शैली साथ-साथ सफल हो सकती है? बिल्कुल। ऐसा अभी भी हो रहा है। लेकिन किसी भी युवा खिलाड़ी के सामने असली सवाल यह है कि क्या वैभव जैसी शैली को लंबे समय तक कायम रखा जा सकता है।’’

भारत बनाम इंग्लैंड: दूसरे टी20 पर भी बारिश का साया, जानें मैनचेस्टर में कैसा रहेगा मौसम का हाल

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की सीरीज का दूसरा टी20 इंटरनेशल मुकाबले शनिवार को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला जाएगा। पहले टी20 के बारिश से रद्द होने के बाद दूसरे मुकाबले पर भी बारिश का साया मंडर रहा है।

एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, मैनचेस्टर में शनिवार को बारिश होने की आशंका 57 प्रतिशत तक है। इसके साथ ही पूरे दिन काले बादल भी छाए रहेंगे। मैच के समय पर बारिश होने के 55 प्रतिशत चांस हैं। शाम के समय में तकरीबन 2 घंटे बारिश होने का अनुमान है। यानी पहले मैच की तरह ही दूसरे मुकाबले में भी बारिश विलेन साबित हो सकती है।

ओल्ड ट्रैफर्ड के मैदान पर भारत ने अब तक कुल 2 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। इसमें से टीम इंडिया को एक में जीत मिली है, जबकि एक मुकाबले में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय टीम ने इस ग्राउंड पर अपना आखिरी टी20 मुकाबला साल 2018 में खेला था, जहां भारत ने 8 विकेट से बाजी मारी थी। भारतीय टीम की ओर से इस मुकाबले में केएल राहुल ने नाबाद शतकीय पारी खेली थी।


बांग्लादेश से भिड़ने के लिए जिम्बाब्वे की वनडे टीम का ऐलान, रिचर्ड नगारवा बने कप्तान

जिम्बाब्वे क्रिकेट ने बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। रिचर्ड नगारवा को पहली बार इस फॉर्मेट में टीम की कप्तानी सौंपी गई है। 

बांग्लादेश के खिलाफ हाल ही में खत्म हुए एकमात्र टेस्ट मैच में शतकीय पारी खेलने वाले इनोसेंट काइया की टीम में वापसी हुई है। वनडे सीरीज का आगाज 6 जुलाई से होना है, जबकि सीरीज का दूसरा मुकाबला 9 जुलाई और अंतिम मैच 11 जुलाई को खेला जाना है। सीरीज के सभी मैचों की मेजबानी हरारे स्पोर्ट्स क्लब करेगा। काइया के साथ-साथ बेन कुरेन और ब्रायन बेनेट की भी वनडे टीम में वापसी हुई है।

 नगरावा एक अनुभवी टीम की अगुवाई करेंगे, जिसमें क्रेस एर्विन और सिकंदर रजा जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं, गेंदबाजी में ब्लेसिंग मुजारबानी, ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामहुरी और अर्नेस्ट मसुकु बल्लेबाजों की अग्निपरीक्षा लेते हुए नजर आएंगे। स्पिन विभाग की जिम्मेदारी रयान बर्ल, वेस्ली मधेवेरे और वेलिंगटन मसाकाद्जा मिलकर संभालते हुए नजर आएंगे। तदिवानाशे मारुमानी और क्लाइव मडांडे को विकेटकीपर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ