FIFA: पहले मैच में ही मेसी ने रचा इतिहास, विश्वकप में पहली हैट्रिक लगाकर बनाए कई बड़े रिकॉर्ड, अल्जीरिया को 3-0 से हराया
केन्सास सिटी में अल्जीरिया के खिलाफ अर्जेंटीना के लिए हैट्रिक लगाने के बाद लियोनेल मेसी ने वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड बराबर कर लिया।

Lionel Messi ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अल्जीरिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक लगाई और अपनी टीम अर्जेंटीना को 3-0 की जीत दिलाई। इस मुकाबले में तीन गोल दागकर मेसी ने वर्ल्ड कप में अपने कुल गोलों की संख्या 16 तक पहुंचा दी, जिसके साथ उन्होंने Miroslav Klose के सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप गोलों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
मेसी ने हैट्रिक लगाकर बनाए कई बड़े रिकॉर्ड
37 वर्षीय मेसी के लिए यह मुकाबला कई मायनों में खास रहा। उन्होंने यह उपलब्धि अर्जेंटीना के लिए अपने 200वें अंतरराष्ट्रीय मैच में हासिल की। साथ ही, यह उनके करियर की 11वीं अंतरराष्ट्रीय हैट्रिक और वर्ल्ड कप इतिहास की पहली हैट्रिक भी रही।
मिरोस्लाव क्लोस ने 2002 से 2014 के बीच चार वर्ल्ड कप में 24 मैच खेलते हुए 16 गोल किए थे। अब मेसी भी इसी आंकड़े तक पहुंच गए हैं और दोनों संयुक्त रूप से टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
इसके अलावा मेसी ने अपने पांचवें वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में भी गोल करने का कारनामा किया। ऐसा करने वाले वह Cristiano Ronaldo के बाद केवल दूसरे खिलाड़ी हैं।
मेसी ने कैसे पूरी की अपनी पहली वर्ल्ड कप हैट्रिक?
अल्जीरिया के खिलाफ मुकाबले में मेसी ने मैच के 17वें मिनट में जादुई गोल दागा। उन्होंने बॉक्स के बाहर से बेहतरीन शूट लिया और अल्जीरिया के गोलकीपर को छकाते हुए गोल दागा। यह फीफा विश्वकप में मेसी का 14वां गोल रहा।
फिर 60वें मिनट में लियोनल मेसी ने अपना दूसरा गोल दागा। गोल की शुरुआत एलेक्सिस मैक एलिस्टर के दमदार दूरदराज के शॉट से हुई, जिसे अल्जीरिया के गोलकीपर लुका जिदान पूरी तरह नियंत्रित नहीं कर सके। रिबाउंड पर सबसे पहले पहुंचे मेसी ने बेहद शांत अंदाज में गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया और अर्जेंटीना की बढ़त 2-0 कर दी।
मेसी ने 76वें मिनट में अपना तीसरा गोल दागते हुए अल्जीरिया के खिलाफ मुकाबले को पूरी तरह अर्जेंटीना के पक्ष में कर दिया। शानदार टीम मूव के बाद मेसी को बॉक्स के बाहर गेंद मिली और उन्होंने अपने पसंदीदा बाएं पैर से सटीक शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया।
विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी
मिरोस्लाव क्लोजे, जर्मनी 16
लियोनल मेसी, अर्जेंटीना 16*
रोनाल्डो, ब्राजील 15
किलियन एमबाप्पे, फ्रांस 14
गेर्ड मुलर, पश्चिम जर्मनी 14
जस्ट फोंटेन, फ्रांस 13
पेले, ब्राजील 12
