भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली टेस्ट सीरीज में किसका पलड़ा होगा भारी? माइकल वॉन ने की बड़ी भविष्यवाणी
माइकल वॉन ने कहा कि गुलाबी गेंद टेस्ट मैच इस सीरीज के लिए काफी अहम होगा। अगर एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया जीत हासिल कर लेती है तो इसके बाद अगले तीन मैचों में विराट कोहली नहीं होंगे और फिर आस्ट्रेलिया 4-0 से सीरीज जीत सकती है।

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भारत और ऑस्ट्रेलिया को लेकर खेली जाने वाली चार मैचों की टेस्ट सीरीज को लेकर भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा कि भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जाने वाली चार मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-4 से हार का सामना करना पड़ सकता है। क्रिकबज ने वॉन के हवाले से लिखा, “भारत को मिशेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और पैट कमिंस की तिगड़ी को संभालना होगा। उन्हें नई कुकाबुरा गेंद को खेलना होगा। अगर वह ऐसा नहीं कर पाती है तो ऑस्ट्रेलिया बहुत ज्यादा मजबूत और ताकतवर दिखेगी।”
माइकल वॉन ने आगे कहा, “गुलाबी गेंद टेस्ट मैच इस सीरीज के लिए काफी अहम होगा। अगर एडिलेड में आस्ट्रेलिया जीत हासिल कर लेती है तो इसके बाद अगले तीन मैचों में विराट कोहली नहीं होंगे और फिर आस्ट्रेलिया 4-0 से सीरीज जीत सकती है।”
वॉन ने कहा कि भारत ने जब 2018-19 में आस्ट्रेलिया का दौरा किया था तब से लेकर अब तक आस्ट्रेलिया ने काफी सुधार किया है। वॉन ने हालांकि इससे पहले भी कहा था कि भारत को आस्ट्रेलिया दौरे पर तीनों प्रारूपों में हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन उनकी यह भविष्यवाणी गलत साबित हुई क्योंकि भारत ने टी-20 सीरीज में 2-1 से जीत हासिल की थी।
(आईएएनएस के इनपुट के साथ)
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 13 Dec 2020, 1:51 PM
