खेल: मिचेल स्टार्क ने रचा इतिहास और गॉल टेस्ट के लिए भारत बाएं हाथ के तीन स्पिनरों को उतारने पर कर रहा विचार

मिचेल स्टार्क ने टेस्ट के पहले दिन एक विकेट लेने के साथ ही इतिहास रच दिया है। गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने बृहस्पतिवार को संकेत दिया कि श्रीलंका के खिलाफ गॉल में होने वाले पहले टेस्ट में भारत बाएं हाथ के तीन स्पिनरों को उतार सकता है।

मिचेल स्टार्क ने रचा इतिहास
i

स्पिनरों के खिलाफ जमकर अभ्यास किया ध्रुव जुरेल ने, राहुल से लिए टिप्स

 पिछले कुछ समय से अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले ध्रुव जुरेल ने यहां भीषण गर्मी में भी जमकर अभ्यास किया तथा अपने सीनियर साथी केएल राहुल से ‘टिप्स’ भी लिए।

जुरेल का अंतिम एकादश में चयन पक्का नहीं है लेकिन वह अपनी तरफ से किसी तरह की कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। वह तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों लगभग हर गेंद को सही ढंग से खेल रहे थे।

पिछले साल अक्टूबर में अहमदाबाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ आत्मविश्वास से भरी शतकीय पारी खेलने के बाद वह टेस्ट मैचों में 44, 6, 14, 13, 0, 2 और 19 रन ही बना पाए हैं।

इससे भी ज्यादा चिंताजनक बात यह है कि उन सात मैचों में से पांच में उन्हें स्पिनरों ने आउट किया है। यहां पहले टेस्ट में उन्हें श्रीलंकाई स्पिनरों के खिलाफ और भी कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा जिनकी अगुवाई प्रभात जयसूर्या कर रहे हैं।

इसलिए यह देखकर हैरानी नहीं हुई कि जुरेल ने की अभ्यास के दौरान राहुल के साथ कुछ समय बिताया, जिन्हें यहां की परिस्थितियों में खेलने का अनुभव है।

मुझे भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिलने की पूरी उम्मीद थी: नबी

जम्मू कश्मीर के तेज गेंदबाज औकिब नबी ने भारतीय टीम में शामिल होने के लिए देर से बुलावा मिलने के बावजूद कभी भी उम्मीद नहीं छोड़ी और इस विश्वास के साथ प्रदर्शन करना जारी रखा कि उन्हें देश की तरफ से खेलने का मौका जरूर मिलेगा।

आखिरकार वह मौका तब आया जब श्रीलंका के खिलाफ शनिवार से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए चोटिल तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के स्थान पर नबी को भारतीय टीम में शामिल किया गया।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा साझा किए गए वीडियो में नबी ने अपने साथी खिलाड़ी सारांश जैन से कहा, ‘‘मुझे राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने की पूरी उम्मीद थी। लेकिन एक क्रिकेटर की मानसिकता प्रदर्शन करने की होनी चाहिए और यह भी कि बाकी लोग उसे देख रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं जानता था कि मुझे आज या कल बुलावा जरूर आएगा क्योंकि जब आप इतने वर्षों तक अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो आपको अपनी कड़ी मेहनत का फल मिलना ही चाहिए।’’

गॉल टेस्ट के लिए भारत बाएं हाथ के तीन स्पिनरों को उतारने पर विचार कर रहा, मोर्कल ने दिया संकेत 

गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने बृहस्पतिवार को संकेत दिया कि श्रीलंका के खिलाफ यहां होने वाले पहले टेस्ट में भारत बाएं हाथ के तीन स्पिनरों को उतार सकता है क्योंकि कुलदीप यादव, मानव सुथार और रविंद्र जडेजा की गेंदबाजी में अलग-अलग तरह की विविधता और विकेट लेने की क्षमता है।

कुलदीप अपनी बाएं हाथ की कलाई की स्पिन से बल्लेबाजों को चकमा देने की क्षमता रखते हैं, जडेजा की सटीक गेंदबाजी बड़े से बड़े बल्लेबाज को परेशान कर सकती है जबकि सुथार पारंपरिक शैली की बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी की याद दिलाते हैं।

मोर्कल ने यहां मीडिया से कहा, ‘‘कुलदीप हमारे साथ हैं और वह आक्रामक गेंदबाज हैं। उनका अनुभव और स्तर हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है। मेरे ख्याल से ये सभी अपनी-अपनी तरह से अलग हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एक (सुथार) गेंद को थोड़ा ज्यादा टर्न कराता है, एक (जडेजा) थोड़ा अधिक सटीक है और मुझे नहीं लगता कि तीन बाएं हाथ के स्पिनरों का होना हमारे लिए कोई बड़ी चिंता है।’’

मोर्कल ने कहा, ‘‘यह इस बात पर निर्भर करेगा कि (कप्तान) शुभमन गिल निश्चित समय पर इन गेंदबाजों का किस तरह इस्तेमाल करते हैं। लेकिन कौशल की बात करें तो इन सभी में हमारे लिए 20 विकेट लेने की क्षमता है।’’


बांग्लादेश के नाम रहा डार्विन टेस्ट का पहला दिन, ऑस्ट्रेलिया की हालत खस्ता

ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट मुकाबला डार्विन के मरारा क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। टेस्ट का पहला दिन पूरी तरह से बांग्लादेश के नाम रहा। ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 198 रनों पर समेटने के बाद बांग्लादेश ने सिर्फ एक विकेट खोकर 96 रन बना लिए हैं। 

पहली पारी में बांग्लादेश की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और शादमान इस्लाम 30 गेंदों का सामना करने के बाद 20 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तंजीद हसन तमीम और मोमिनुल हक ने मोर्चा संभाला और दिन का खेल खत्म होने तक टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया।

दूसरे विकेट के लिए दोनों मिलकर 60 रनों की अटूट साझेदारी निभा चुके हैं। तंजीद 67 गेंदों का सामना करने के बाद 32 रन बनाकर खेल रहे हैं, जबकि मोमिनुल 49 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 35 रन बना चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एकमात्र विकेट मिचेल स्टार्क ने चटकाया है।

मिचेल स्टार्क ने रचा इतिहास, टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले बने बाएं हाथ के गेंदबाज

ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच दो मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट मुकाबला डार्विन के मरारा क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। मिचेल स्टार्क ने टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म होने से पहले एक विकेट लेने के साथ ही इतिहास रच दिया है। स्टार्क टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बाएं हाथ के गेंदबाज बन गए हैं। 

स्टार्क ने यह उपलब्धि शादमान इस्लाम को पवेलियन भेजने के साथ ही हासिल की। उन्होंने इस मामले में श्रीलंका के पूर्व गेंदबाज रंगना हेराथ को पीछे छोड़ दिया है। स्टार्क के नाम अब टेस्ट क्रिकेट में 434 विकेट हो गए हैं। वहीं, हेराथ ने अपने टेस्ट करियर के दौरान 433 विकेट निकाले थे। स्टार्क वसीम अकरम को पहले ही पीछे छोड़ चुके हैं, जिन्होंने क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में 414 विकेट चटकाए थे।

आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए