खेल: भारत-पाक एशियाड फाइनल में उपस्थित नहीं होंगे मोहसिन नकवी और युवराज बोले-भारतीय टीम में वर्ल्ड कप जीतने की क्षमता

एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) अध्यक्ष मोहसिन नकवी जापान के निशिन शहर के कोरोगी पार्क में शनिवार को होने वाले भारत और पाकिस्तान के बीच एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक मुकाबले के दौरान उपस्थित नहीं होंगे।

फोटो:IANS
i

सुजीत ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता, ओलंपिक चैंपियन को भी हराया

 सुजीत कलकल ने पुरुषों के 65 किलोग्राम वर्ग में अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए शुक्रवार को यहां एशियाई खेलों की कुश्ती प्रतियोगिता में 2-9 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए स्वर्ण पदक जीता और इस दौरान ओलंपिक चैंपियन को भी हराया।

सुजीत ने फाइनल की राह में ईरान और जापान के मजबूत प्रतिद्वंद्वियों को हराया। इससे यह लगने लग गया था कि 23 वर्षीय सुजीत एशियाई खेलों में अपना पहला स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहेंगे, लेकिन ताजिकिस्तान के अब्दुलमजीद कुदिएव ने भारतीय खिलाड़ी के लिए चुनौती खड़ी कर दी।

सुजीत एक समय 2-9 से पीछे चल रहे थे लेकिन इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए लगातार आठ अंक बनाकर 10-9 से जीत हासिल की।

कुदिएव ने पहले पीरियड में ‘आर्म लॉक‘ का इस्तेमाल करके सुजीत को हमला करने का मौका नहीं दिया। एक बार जब सुजीत ने अपने प्रतिद्वंद्वी की शैली को समझ लिया तो उन्होंने उसे कोई आक्रामक चाल चलने नहीं दी।

जहां कुदिएव ने ताकत के मामले में भारतीय पहलवान की बराबरी की, वहीं सुजीत ने अपनी फुर्ती से अपने प्रतिद्वंद्वी को पछाड़ दिया और बार-बार ताजिकिस्तान के पहलवान के पीछे जाकर ‘टेक-डाउन’ मूव किए।

एशियाई खेलों के समापन समारोह में ध्वजवाहक होंगी नीरू ढांडा

ट्रैप निशानेबाज नीरू ढांडा रविवार को एशियाई खेलों के समापन समारोह में भारत की महिला ध्वजवाहक होंगी।

नीरू ने एशियाई खेलों में दो स्वर्ण पदक और एक टीम रजत पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। यह 27 वर्षीय खिलाड़ी अपना तीसरा पदक जीतने के एक दिन बाद भारत लौट गई थी। अब वह समापन समारोह में भारतीय दल का नेतृत्व करने के लिए शनिवार सुबह नागोया वापस जाएंगी।

भारत की उपमाशन प्रमुख अंजलि भागवत ने शुक्रवार को बताया, ‘‘नीरू समापन समारोह में महिला ध्वजवाहक होगी। वह कल सुबह नागोया लौट रही हैं। पुरुष ध्वजवाहक के बारे में फैसला कल किया जाएगा।’’

नीरू ने महिलाओं की व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के बाद मनीषा कीर और आशिमा अहलावत के साथ मिलकर महिलाओं की टीम स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया।

इसके बाद उन्होंने काइनन चेनाई के साथ जोड़ी बनाकर ट्रैप मिश्रित टीम में स्वर्ण पदक जीता।


भारत-पाक एशियाड फाइनल में उपस्थित नहीं होंगे एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी

एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) अध्यक्ष मोहसिन नकवी जापान के निशिन शहर के कोरोगी पार्क में शनिवार को होने वाले भारत और पाकिस्तान के बीच एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक मुकाबले के दौरान उपस्थित नहीं होंगे।

एसीसी ने आधिकारिक मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी पूर्व निर्धारित प्रतिबद्धताओं के कारण एशियाई खेल 2026 के फाइनल में शामिल नहीं हो पाएंगे, लेकिन स्वर्ण और कांस्य पदक मुकाबलों से पहले सभी चार टीम को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं भेजते हैं। ‘‘

नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष और देश के गृह मंत्री भी हैं। वह बीसीसीआई के लिए परेशानी का सबब रहे हैं।

पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले में निर्दोष भारतीय नागरिकों के मारे जाने के बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में शामिल भारतीय रक्षा बलों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करते हुए भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीम ने विरोध के तौर पर उनसे अपनी-अपनी एशिया कप ट्रॉफियां लेने से इनकार कर दिया है।

नकवी ने इस पोस्ट में कहा, ‘‘एशियाई खेल 2026 में स्वर्ण और कांस्य पदक मुकाबलों से पहले सभी प्रतिभागियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। प्रतिबद्धताओं के कारण मैं नागोया से दूर रहूंगा। लेकिन मैं कुछ रोमांचक मुकाबलों का बेसब्री से इंतजार करूंगा। ’’

भारतीय पुरूष हॉकी टीम की नजरें ऐतिहासिक लगातार दूसरे स्वर्ण पर

 भारतीय पुरूष हॉकी टीम को मलेशिया के खिलाफ एशियाई खेलों के फाइनल में शनिवार को अपना खिताब बरकरार रखने और लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 का टिकट कटाने के लिये गलतियों से सबक लेकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा ।

भारतीय टीम ने कभी लगातार दो एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक नहीं जीता है और उसके पास शनिवार को यह कामयाबी हासिल करके भारतीय हॉकी का सुनहरा अध्याय लिखने का मौका है ।

सेमीफाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ लचर प्रदर्शन के बाद अब मलेशिया के खिलाफ उन गलतियों को दोहराने से बचना होगा । पाकिस्तान के खिलाफ 23वें मिनट तक तीन गोल की बढत बनाने के बाद भारत ने दूसरे हाफ में तीन गोल गंवा दिये और आखिरी सीटी बजने से 45 सेकंड पहले अभिषेक के गोल के दम पर 4 . 3 से मिली जीत से फाइनल में जगह बनाई ।

पिछली बार की चैम्पियन भारतीय टीम को डिफेंस मजबूत रखना होगा । डिफेंस के चरमराने से ही पाकिस्तानी टीम का वापसी का मौका मिला था ।

सेमीफाइनल और फाइनल के बीच एक ही दिन का अंतर होने से रिकवरी भी अहम होगी ।


इस भारतीय टीम में वर्ल्ड कप जीतने की क्षमता है, बहुत ज्यादा बदलाव से बचना होगा : युवराज सिंह

भारत के पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह का मानना है कि भारतीय टीम में आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 जीतने की पूरी क्षमता है। उन्होंने कहा कि अगर टीम मैनेजमेंट बहुत ज्यादा बदलाव करने से बचे और टूर्नामेंट से कम से कम एक साल पहले 16 से 20 खिलाड़ियों का एक मजबूत कोर ग्रुप तैयार कर ले, तो भारत के खिताब जीतने की संभावना काफी बढ़ जाएगी।

इस बड़े टूर्नामेंट का शेड्यूल गुरुवार को केपटाउन में जारी किया गया। साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले इस टूर्नामेंट में अब ठीक एक साल का समय बचा है। दो बार की चैंपियन भारतीय टीम ग्रुप ए में अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को केपटाउन में मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी। इसके बाद 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में टीम का सामना अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा।

भारत को अफगानिस्तान, क्वालीफायर ए टीम और सह-मेजबान जिम्बाब्वे के खिलाफ भी खेलना है। टूर्नामेंट का फाइनल 21 नवंबर को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा। युवराज ने 'जियोस्टार' से कहा, "मेरी राय में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं होने चाहिए, क्योंकि मुझे लगता है कि आपको वर्ल्ड कप में जाने से कम से कम एक साल पहले ही टीम तैयार कर लेनी चाहिए, क्योंकि हर पोजीशन पर अनुभव की जरूरत होती है। चाहे टॉप ऑर्डर हो या मिडिल ऑर्डर, आपके नंबर चार, पांच और छह पर खेलने वाले खिलाड़ियों को गेम टाइम मिलना चाहिए। बहुत आगे की न सोचें, क्योंकि अगर आप अभी से वर्ल्ड कप जीतने के बारे में सोचेंगे, तो आप खुद पर बहुत अधिक दबाव डालेंगे।"

पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने आगे कहा, "बस सहजता से आगे बढ़ें और पक्का करें कि आपके 16 से 20 खिलाड़ी खेलने के लिए तैयार हों। वर्ल्ड कप से पहले, टीम को तैयारी के लिए एक महीने पहले ही साउथ अफ्रीका पहुंच जाना चाहिए। इस टीम को देखते हुए मुझे पूरा यकीन है कि उनमें वर्ल्ड कप जीतने की क्षमता है।"

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए