खेल: मुकुल ने पूरा किया धोनी की तरह छक्के जड़कर मैच का अंत करने का सपना और रोवमन ने दिग्वेश राठी के कैच पर उठाए सवाल
युवा बल्लेबाज मुकुल चौधरी का बचपन से ही सपना था कि वह महेंद्र सिंह धोनी की तरह छक्के जड़कर मैच का समापन करें। मैच के बाद रोवमन पॉवेल ने कहा कि इसे तीसरे अंपायर को भेजा जाना चाहिए था।

मुकुल ने पूरा किया धोनी की तरह छक्के जड़कर मैच का अंत करने का सपना
युवा बल्लेबाज मुकुल चौधरी का बचपन से ही सपना था कि वह महेंद्र सिंह धोनी की तरह छक्के जड़कर मैच का समापन करें और गुरुवार को यहां लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में तीन विकेट से जीत दिलाकर उन्होंने अपना यह सपना पूरा कर दिया।
इस 21 वर्षीय बल्लेबाज ने 27 गेंद पर नाबाद 54 रन बनाए जिसमें दो चौके और सात छक्के शामिल हैं।
मुकुल ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं यह पारी अपने पिता को समर्पित करता हूं। शादी से पहले से ही उनका सपना था कि उनका बेटा क्रिकेटर बने। मैं एमएस (धोनी) सर को भी देखता रहा हूं कि किस तरह से वह पारी समाप्त करते हैं। मैं भी उसी नंबर पर खेलता हूं, इसलिए मैं यह पारी उन्हें भी समर्पित करता हूं।’’
मुकुल ने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की और वह हर दिन लगभग 150 छक्के लगाने का अभ्यास करते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे ‘जीन्स’ ऐसे हैं और मेरी शारीरिक बनावट ऐसी है कि मेरे शॉट्स में ताकत होती है। मैं खूब अभ्यास भी करता हूं। मैं हर दिन लगभग 100-150 छक्के लगाता हूं। पिछले पांच-छह महीनों से मैंने बहुत अभ्यास किया और इसका असर अब मेरी बल्लेबाजी में देखने को मिल रहा है।’’
थर्ड अंपायर के पास जाना चाहिए था फैसला, रोवमन पॉवेल ने दिग्वेश राठी के कैच पर उठाए सवाल
आईपीएल 2026 में गुरुवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के बीच ईडन गार्डेन्स में एक रोमांचक मुकाबला खेला गया जिसे एलएसजी ने मुकुल चौधरी की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर 3 विकेट से जीता। केकेआर की पारी के दौरान सलामी बल्लेबाज फिन एलन का कैच एलएसजी के स्पिनर दिग्वेश राठी ने पकड़ा था जिस पर विवाद हुआ था। मैच के बाद रोवमन पॉवेल ने कहा कि इसे तीसरे अंपायर को भेजा जाना चाहिए था।
रोवमैन ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रिपोर्टर्स से कहा, "यह उनकी तरफ से एक बड़ी गलती थी, लेकिन हम इस पर गौर नहीं करेंगे और यह नहीं कहेंगे कि आज रात हमें दो पॉइंट्स का नुकसान हुआ, लेकिन मैदान पर मौजूद अंपायरों को फैसला थर्ड अंपायर को भेजना चाहिए था।"
केकेआर की पारी का दूसरा ओवर प्रिंस यादव कर रहे थे। ओवर की चौथी गेंद प्रिंस ने बैक-ऑफ-ए-लेंथ डिलीवरी फेंकी, और फिन एलन ने उसे लाइन के पार मारा, लेकिन टॉप एज लग गया। बॉल थर्ड मैन पर खड़े दिग्वेश के पास गई। ऐसा लगा कि बॉल दूर तक जाएगी, लेकिन राठी ने खुद को बाउंड्री लाइन के किनारे पर संभाला और दोनों हाथों से कैच लेने के लिए अपनी बाईं ओर खड़े हो गए। राठी बाउंड्री लाइन के बहुत करीब थे, और अंपायर जो कुछ भी हुआ उससे खुश लग रहे थे। एलन को आउट दिया गया। फैसला थर्ड अंपायर को नहीं भेजा गया, और बाद में रिप्ले से पता चला कि राठी ने शायद कुशन पर पैर रख दिया था। हालांकि, रिप्ले से कुछ भी पक्का पता नहीं चल सका।
फिन एलन 8 गेंदों पर 9 रन बनाकर आउट हुए।
कैफ ने पंत के बारे में कहा, आप जिम्मेदारी नहीं लेंगे तो मैच जीतने में मदद नहीं कर सकते
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के कप्तान ऋषभ पंत की आलोचना करते हुए कहा कि इस विकेटकीपर-बल्लेबाज को अपनी खेल की समझ में सुधार करना होगा और लगातार अच्छे परिणाम के लिए अधिक जिम्मेदारी लेनी होगी।
पंत के प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव रहा है और कैफ ने इसी संदर्भ में उनकी आलोचना की।
कैफ ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, ‘‘‘टीम को जरूरत थी कि वह अंत तक क्रीज पर टिके रहें। वह अनुभवी खिलाड़ी हैं, जो 2016 से आईपीएल में खेल रहे हैं। जब वह बल्लेबाजी करने आए तो स्थिति मुश्किल नहीं थी। एलएसजी ने पहले पांच ओवरों में ही 41 रन बना लिए थे। किसी एक बल्लेबाज को जिम्मेदारी लेनी थी और अंत तक बल्लेबाजी करनी थी। यह भूमिका पंत को निभानी चाहिए थी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कप्तान होने के नाते अगर आप जिम्मेदारी नहीं लेते हैं, तो आप अपनी टीम को मैच जिताने में मदद नहीं कर सकते। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन उन्हें निरंतरता बनाए रखने की जरूरत है। उन्हें मैच की स्थिति को बेहतर ढंग से समझना होगा और यह सीखना होगा कि कब अपनी रणनीति बदलनी है।’’
तेज गेंदबाजी करते समय चोट लगना स्वाभाविक, अनुशासन से ही बचा जा सकता है: अशोक शर्मा
अपनी तेज गेंदबाजी से क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी तरफ खींचने वाले अशोक शर्मा जानते हैं 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने में स्वाभाविक रूप से जोखिम होते हैं, लेकिन उनका मानना है कि समय पर सोने सहित अनुशासित जीवनशैली से इसे बचा जा सकता है।
गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज ने अपने दूसरे आईपीएल मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 154.2 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से एक गेंद फेंकी थी, जिससे क्रिकेट जगत की उनमें दिलचस्पी पैदा हो गई।
इस 23 वर्षीय खिलाड़ी को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में राजस्थान के लिए शानदार प्रदर्शन के बाद गुजरात टाइटंस ने 90 लाख रुपये में खरीदा था। उन्होंने पिछले सत्र में ही लिस्ट ए और प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया था।
उनसे पहले मयंक यादव और उमरान मलिक जैसे तेज गेंदबाजों ने भी इसी तरह की धूम मचाई थी, लेकिन लेकिन बार-बार चोटिल होने के कारण वह निरंतर रूप से नहीं खेल पाए।
अशोक का मजबूत पक्ष उनकी अतिरिक्त गति है और राजस्थान के इस तेज गेंदबाज को चोट के जोखिमों और उनसे निपटने के अपने तरीकों के बारे में पूरी जानकारी है।
आईपीएल एनओसी को लेकर श्रीलंका बोर्ड के साथ टकराव के बाद पीछे हटे नुवान तुषारा
श्रीलंका के तेज गेंदबाज नुवान तुषारा ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में हिस्सा लेने के लिए अनापत्ति पत्र (एनओसी) नहीं देने पर अपने क्रिकेट बोर्ड को अदलात में चुनौती दी थी लेकिन अब चौंकाने वाले घटनाक्रम में उन्होंने अपने देश की संचालन संस्था से माफी मांग ली है और मामला वापस लेने पर विचार कर रहे हैं।
श्रीलंका क्रिकेट के सूत्रों ने बताया कि तुषारा ने ईमेल के जरिए बोर्ड से माफी मांगी और कहा कि उनका इरादा संचालन स्थान को असुविधा पहुंचाना नहीं था।
उन्होंने कहा कि वह ‘निष्पक्षता और न्याय’ की मांग कर रहे थे क्योंकि उन्हें लगा कि उनके साथ अन्याय हुआ है।
यह कदम तब उठाया गया जब श्रीलंका क्रिकेट ने यहां जिला अदालत को बताया कि वह 2026 आईपीएल में भाग लेने के लिए तुषारा द्वारा दायर याचिका पर आपत्ति दर्ज कराएगा।
इकतीस वर्षीय खिलाड़ी ने अदालत में एक आदेश की मांग की थी जिसमें श्रीलंका क्रिकेट को अनापत्ति पत्र जारी करने का निर्देश दिया जाए। श्रीलंका क्रिकेट ने फिटनेस जांच में विफल रहने का हवाला देते हुए उनकी मांग को खारिज कर दिया था।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia