खेल: ड्रग टेस्ट पॉजिटिव पाए गए पाक क्रिकेटर मोहम्मद नवाज और 'हेनरिक क्लासेन ने अपनी क्लास दिखाई'
पीसीबी ने डोप टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद कथित तौर पर ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। तारे ने कहा, "क्लासेन ने अपनी क्लास दिखाई। अगर वह बीच के ओवरों में बल्लेबाजी करने आते हैं, तो वह पारी के आखिर तक बल्लेबाजी कर सकते हैं।"

ड्रग टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद मुश्किल में पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद नवाज, पीसीबी करेगा जांच
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने डोप टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद कथित तौर पर ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, यह सैंपल इसी साल हुए टी20 वर्ल्ड कप के दौरान लिया गया था, जिसमें रिक्रिएशनल ड्रग्स पाए गए।
'ईएसपीएनक्रिकइन्फो' के मुताबिक, इस मामले के सामने आने के बाद इंग्लैंड की काउंटी टीम सरे के साथ टी20 ब्लास्ट के लिए उनका प्रस्तावित करार भी रद्द हो गया है।
पीसीबी के एक प्रवक्ता के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया, "इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को इस मामले की जानकारी दी है। पीसीबी ने उचित प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस प्रक्रिया के नतीजे आज आईसीसी को बता दिए जाएंगे।"
मोहम्मद नवाज टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तानी टीम का हिस्सा थे। उन्होंने वर्ल्ड कप में 7 मैच खेले, लेकिन सिर्फ 15 रन बनाने के साथ 7 विकेट अपने नाम कर सके।
'हेनरिक क्लासेन ने अपनी क्लास दिखाई, एसआरएच का बल्लेबाजी क्रम बेहतरीन': आदित्य तारे
आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) की बल्लेबाजी का मध्यक्रम विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन के आसपास सिमटा हुआ है। क्लासेन ने सीजन में अब तक शानदार बल्लेबाजी की है और नियमित रूप से रन बनाते हुए टीम की सफलता में बड़ी भूमिका निभाई है। मंगलवार को हैदराबाद में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हुए मैच में क्लासेन ने 13 गेंदों पर 37 रनों की विस्फोटक पारी खेली। मुंबई क्रिकेट के दिग्गज आदित्य तारे ने हेनरिक क्लासेन की तारीफ की है।
स्टार स्पोर्ट्स के 'अमूल क्रिकेट लाइव' पर जियोस्टार एक्सपर्ट आदित्य तारे ने कहा, "हेनरिक क्लासेन ने फिर से बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन किया। इस सीजन में उन्होंने जितनी भी पारियां खेली हैं, उनमें से ज्यादातर में 30 से अधिक रन बनाए हैं। दिल्ली के खिलाफ बल्लेबाजी के लिए उनके पास ज्यादा समय नहीं था, लेकिन फिर भी 13 गेंदों पर 37 रन की पारी उनके बल्ले से आई। यह पारी कमाल की थी और असरदार थी।"
तारे ने कहा, "क्लासेन ने अपनी क्लास दिखाई। अगर वह बीच के ओवरों में बल्लेबाजी करने आते हैं, तो वह पारी के आखिर तक बल्लेबाजी कर सकते हैं। जब वह डेथ ओवरों में आते हैं, तब भी उनमें मैच को विपक्षी टीम से छीन लेने की काबिलियत होती है। अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन की बैटिंग इकाई एसआरएच की मदद करती है। जब वे हिट करना शुरू करते हैं, तो गेंदबाज कुछ समझ नहीं पाते। यह बल्लेबाजी क्रम लीग की सर्वश्रेष्ठ में से एक है।"
अभिषेक शर्मा शतक को आसान बना देते हैं, पुजारा ने कहा
भारत के पूर्व क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा ने अभिषेक शर्मा की तारीफ करते हुए उन्हें एक खास प्रतिभा बताया है। सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज के आईपीएल मैच में दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाकर अपनी टीम को आसान जीत दिलाने के बाद पुजारा ने उनकी तारीफ की।
अभिषेक ने तूफानी पारी खेलते हुए 68 गेंद में नाबाद 135 रन बनाए जिससे सनराइजर्स ने दो विकेट पर 242 रन बनाए और फिर 47 रन से जीत दर्ज की।
पुजारा ने कहा, ‘‘अभिषेक शर्मा ने शानदार पारी खेली और अपना दूसरा आईपीएल शतक (इस सत्र का पहला) बनाया। वह शतक बनाना बहुत आसान कर देते हैं।’’
उन्होंने आगे कहा, ‘‘उनके रन सनराइजर्स के लिए बहुत अहम होते हैं क्योंकि अक्सर उन्हीं की वजह से टीम जीतती है। वह एक खास प्रतिभा हैं। जब वह इस तरह का प्रदर्शन करते हैं तो उनका स्तर हर किसी को साफ दिखाई देता है। बहुत कम बल्लेबाजों में अभिषेक शर्मा जैसी प्रतिभा और स्तर होता है।’’
कमिंस की वापसी के बाद भी किशन ही करें सनराइजर्स की कप्तानी: बांगड़
पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय बांगड़ ने कहा कि पैट कमिंस की चोट से उबरकर वापसी करने के बाद भी ईशान किशन को ही सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करनी चाहिए।
कमिंस अपनी पीठ के निचले हिस्से में दर्द के कारण टी20 विश्व कप में नहीं खेल पाए थे और उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मौजूदा सत्र के शुरुआती मैचों से भी बाहर रहना पड़ा था। वह राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शनिवार को जयपुर में होने वाले मैच में वापसी कर सकते हैं।
भारत के पूर्व बल्लेबाजी कोच बांगड़ ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, ‘‘एक कप्तान के तौर पर ईशान किशन ने दिखाया कि वह अपने गेंदबाजों का इस्तेमाल करने के मामले में रणनीतिक रूप से बहुत कुशल हैं। उन्हें पता है कि किस बल्लेबाज के खिलाफ किस गेंदबाज का इस्तेमाल करना है। इससे स्पष्ट होता है वह खेल की कितनी अच्छी समझ रखते हैं। वह दबाव में नहीं आते, जल्दबाजी नहीं करते और मैदान पर सही फैसले ले रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली के खिलाफ जिस तरह से उन्होंने अपने स्पिनरों का इस्तेमाल किया, वह प्रभावशाली था। इसलिए मेरा मानना है कि भले ही पैट कमिंस वापसी कर लें, ईशान किशन को ही सनराइजर्स की कप्तानी करनी चाहिए।’’
एमबाप्पे और विनीसियस ने रियाल मैड्रिड को जीत का स्वाद चखाया
काइलियन एमबाप्पे और विनीसियस जूनियर ने एक-एक गोल किया, जिससे रियाल मैड्रिड ने अलावेस को 2-1 से हराकर चार मैचों के बाद पहली जीत का स्वाद चखा। इस जीत से वह स्पेनिश लीग फुटबाल टूर्नामेंट लालीगा में शीर्ष पर मौजूद बार्सिलोना के करीब पहुंच गया है।
सैंटियागो बर्नाबेउ स्टेडियम में मिली जीत के बाद रियाल मैड्रिड अब बार्सिलोना से छह अंक पीछे रह गया है। बार्सिलोना के 31 मैच में 79 और रियाल मैड्रिड के 32 मैच में 73 अंक हैं।
बायर्न म्यूनिख से हारने के कारण चैंपियंस लीग के क्वार्टर फाइनल में बाहर होने के बाद रियाल मैड्रिड का यह पहला मैच था। रियाल मैड्रिड को बायर्न से अपने घरेलू मैदान पर 2-1 से और दूसरे चरण में जर्मनी में 4-3 से हार का सामना करना पड़ा था। उसे लालीगा में पिछले दो मैच में जीत नहीं मिली थी। उसने गिरोना के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला था जबकि मालोर्का से 2-1 से हार गय था।
आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia