पाक PM शरीफ ने T20 विश्व कप को लेकर फिर दिया बड़ा बयान, भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार के फैसले को बताया जायज

आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को चेताया है कि यह ‘हाई प्रोफाइल’ मैच नहीं खेलने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं । प्रसारकों, प्रायोजकों और विज्ञापनदाताओं के लिये यह मैच कमाई का सबसे बड़ा जरिया है ।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

पाकिस्तान की सरकार बांग्लादेश को अपने पक्ष में करने के लिए हर पैंतरा अपना रही है। पहले टी20 विश्व कप से बाहर रहने की धमकी और फिर भारत के खिलाफ मैच न खेलने का ऐलान को इसी कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने इस बात को गुरुवार को एक बार फिर से दोहराते हुए कहा कि भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप के मैच के बहिष्कार का फैसला सही है। शाहबाज शरीफ ने कहा कि बांग्लादेश के समर्थन के लिये यह ‘सोच समझकर’ लिया गया फैसला है ।

पाकिस्तान सरकार ने अपनी क्रिकेट टीम को कोलंबो में भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाला मैच नहीं खेलने के लिये कहा है। इससे पहले सुरक्षा कारणों से भारत में खेलने से इनकार पर बांग्लादेश को विश्व कप से हटाकर स्कॉटलैंड को उसकी जगह शामिल किया गया ।

शरीफ ने कराची सरकार की एक बैठक के बाद कहा ,‘‘ हमने टी20 विश्व कप पर स्पष्ट रूख अपनाया है कि हम भारत के खिलाफ नहीं खेलेंगे क्योंकि खेल के मैदान पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिये ।’’

उन्होंने कहा ,‘ हमने सोच समझकर यह रूख अपनाया है और हम पूरी तरह से बांग्लादेश के साथ हैं । मुझे लगता है कि यह बिल्कुल सही फैसला है।’’


आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को चेताया है कि यह ‘हाई प्रोफाइल’ मैच नहीं खेलने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं । प्रसारकों, प्रायोजकों और विज्ञापनदाताओं के लिये यह मैच कमाई का सबसे बड़ा जरिया है ।

पाकिस्तानी टीम बाकी लीग मैच खेलने कोलंबो पहुंच गई है । पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड कह चुका है कि भारत का सामना अगर नॉकआउट चरण में होता है तो वह सरकार की सलाह पर अमल करेगा ।

पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी ने कहा था कि बांग्लादेश को बाहर करने का फैसला सही नहीं है और सुरक्षा चिंताओं का निवारण किया जाना चाहिये था ।

आईसीसी ने भारत में विश्व कप मैचों के आयोजन स्थलों का सुरक्षा दौरा करके बांग्लादेश के लिये जोखिम को कम से मध्यम श्रेणी में रखा था ।

तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को बीसीसीआई के निर्देश पर आईपीएल से बाहर किये जाने के बाद बांग्लादेश ने भारत में खेलने से इनकार कर दिया था । भारतीय बोर्ड ने कारण नहीं बताया लेकिन बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों के बीच यह फैसला लिया गया ।

पीटीआई के इनपुट के साथ