खेल: पाकिस्तान क्रिकेट शर्मसार, बॉल टैंपरिंग के लिए फखर जमान पर 2 मुकाबलों का बैन और गांगुली ने किया BCCI का समर्थन
पाकिस्तान के दिग्गज खिलाड़ी फखर जमान को बॉल टैंपरिंग के चलते पीएसएल 2026 के दो मैचों के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। गांगुली ने कहा ,‘‘हम सभी चाहते हैं कि ईडन पर ज्यादा मैच हो लेकिन यह समझना भी जरूरी है कि दूसरे मैदानों पर भी मैच होने चाहिये।’’
पीएसएल: पाकिस्तान क्रिकेट शर्मसार, बॉल टैंपरिंग के लिए फखर जमान पर 2 मुकाबलों का बैन
पाकिस्तान के दिग्गज खिलाड़ी फखर जमान को बॉल टैंपरिंग के चलते पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) 2026 के दो मैचों के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की।
उल्लेखनीय है कि 29 मार्च को गद्दाफी स्टेडियम में लाहौर कलंदर्स के खिलाफ कराची किंग्स को अंतिम 6 गेंदों में 14 रन की दरकार थी। आखिरी ओवर की शुरुआत से ठीक पहले लाहौर के कप्तान शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ और फखर जमान एक साथ खड़े होकर गेंद को हाथ में लेकर चर्चा कर रहे थे। इस बीच फखर गेंद को खुरचते नजर आए।
मैदानी अंपायर ने पाया कि गेंद की स्थिति के साथ जानबूझकर छेड़छाड़ की गई है। इसके चलते लाहौर कलंदर्स पर 5 रनों की पेनाल्टी लगाई गई और पुरानी गेंद को बदलकर नई गेंद मैच में शामिल की गई। इसी के साथ मैच का समीकरण बदल गया और अब कराची किंग्स को जीत के लिए 6 गेंदों में महज 9 रन की दरकार थी। अब्बास अफरीदी ने एक चौका और एक छक्का लगाकर टीम को 4 विकेट से जीत दिलाई।
फखर जमान पर यह आरोप आर्टिकल 2.14 के उल्लंघन से जुड़ा है, जो गेंद की स्थिति बदलने से संबंधित है। फखर पर ऑन-फील्ड अंपायर शाहिद सैकत और फैसल खान अफरीदी, टीवी अंपायर आसिफ याकूब और फोर्थ अंपायर तारिक राशिद ने आरोप लगाया था। हालांकि, फखर ने इस अपराध से इनकार करते हुए आरोप को चुनौती देने का फैसला किया, जिसके बाद अनुशासनात्मक सुनवाई हुई।
सूर्यवंशी ने अपने बेखौफ खेल से चार बेहतरीन गेंदबाजों पर दबाव बनाया: बांगड़
भारत के पूर्व बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ का मानना है कि आईपीएल 2026 के पहले मैच में वैभव सूर्यवंशी ने जिस तरह विश्व स्तरीय गेंदबाजों को दबाव में ला दिया, वह उसकी खास प्रतिभा और निडर खेल का परिचायक है ।
पंद्रह वर्ष के सूर्यवंशी ने 15 गेंद में अर्धशतक जमाकर राजस्थान रॉयल्स को चेन्नई सुपर किंग्स पर शानदार जीत दिलाई ।
पिछले साल आईपीएल शतक बनाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने सूर्यवंशी ने मैट हेनरी और नूर अहमद जैसे गेंदबाजों की जमकर धुनाई की ।
बांगड़ ने स्टार स्पोटर्स से कहा ,‘‘ वैभव सूर्यवंशी अलग ही खिलाड़ी है । उसने गेंदबाजी आक्रमण की बखिया उधेड़ दी । मैट हेनरी और खलील अहमद जैसे गेंदबाजों पर दबाव बनाया । वहीं नूर अहमद जैसे गेंदबाज के लिये भी परेशानी का सबब बना ।’’
आरसीबी में आया है ठहराव, खिलाड़ियों को अपनी भूमिका पता है : कृणाल
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के कृणाल पंड्या का कहना है कि टीम में पिछले साल की तुलना में ठहराव आया है और खिलाड़ियों को इस सत्र में अपनी भूमिकाओं के बारे में बखूबी पता है ।
आरसीबी ने 2025 में 18 साल में पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग खिताब जीता था और पंजाब किंग्स के खिलाफ फाइनल में कृणाल प्लेयर आफ द मैच थे जिन्होंने चार ओवर में 17 रन देकर दो विकेट लिये थे । आरसीबी ने मैच छह रन से जीता था ।
कृणाल ने टीम द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा ,‘‘ मेरा मानना है कि इस साल अधिक ठहराव आया है । पिछले साल यह नयी टीम थी और सभी एक दूसरे को समझ रहे थे । इस साल खिलाड़ियों को अपनी भूमिका, एक दूसरे की ताकत और कमजोरी बखूबी पता है ।’’
आईपीएल, आस्ट्रेलिया में ग्रीन से काफी उम्मीदें, उसे संतुलन बनाना होगा: मैकडोनाल्ड
आस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने कहा कि कैमरन ग्रीन से आईपीएल और आस्ट्रेलिया क्रिकेट में काफी उम्मीदें हैं लेकिन इस हरफनमौला में वह काबिलियत है जिससे वे इन उम्मीदों को संतुलित करते हुए अपने कैरियर को लगातार ऊंचाइयों की ओर ले जा सकते हैं।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल के पहले मैच में चोटिल ग्रीन के गेंदबाजी नहीं करने को लेकर पूछे गए सवाल पर कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे की टिप्पणी से विवाद पैदा हो गया था । बाद में क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने कहा कि केकेआर टीम प्रबंधन को उनकी चोट के बारे में पूरी तरह से पता था और वह 10 . 12 दिन और गेंदबाजी नहीं कर सकेंगे ।
मैकडोनाल्ड ने सेन रेडियो से कहा ,‘‘ आईपीएल में काफी अपेक्षायें हैं। आस्ट्रेलियाई टीम में भी उनसे काफी अपेक्षायें हैं । यह अनुचित नहीं है क्योंकि हरफनमौलाओं से हमेशा अपेक्षा रहती है।’’
ग्रीन को केकेआर ने 25 . 20 करोड़ रूपये में खरीदा था और वह आईपीएल में सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने।
गांगुली ने किया बीसीसीआई का समर्थन, पारंपरिक केंद्रों ही नहीं हर जगह खेले जायें टेस्ट
भारत के पूर्व कप्तान और बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सौरव गांगुली चाहते हैं कि ईडन गार्डंस पर ज्यादा से ज्यादा टेस्ट हों लेकिन उन्हें यह देखकर भी खुशी होती है कि पारंपरिक प्रारूप के मैच गुवाहाटी और रांची जैसे केंद्रों पर खेले जा रहे हैं ।
बीसीसीआई ने पिछले सप्ताह भारतीय क्रिकेट टीम के 2026 . 27 के घरेलू सत्र का ऐलान करते हुए आस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के टेस्ट कोलकाता और मुंबई जैसे पारंपरिक केंद्रों पर नहीं कराने का फैसला किया है । ये मैच 21 जनवरी से 25 फरवरी तक नागपुर, चेन्नई, गुवाहाटी, रांची और अहमदाबाद में खेले जायेंगे।
गांगुली ने स्पोटर्सस्टार की किताब ‘मिरेकल एट ईडन’ के विमोचन से इतर कहा ,‘‘ ईडन गार्डंस पर बड़े टेस्ट मैच होते देखना हमेशा अच्छा लगता है। कैब के अध्यक्ष और पूर्व खिलाड़ी होने के नाते मैं चाहता हूं कि यहां टेस्ट मैच हो लेकिन हमने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट की मेजबानी की थी । इसके बाद टी20 विश्व कप के मैच हुए और अब आईपीएल के मैच भी यहां हो रहे हैं।’’
उन्होंने कहा ,‘‘हम सभी चाहते हैं कि ईडन पर ज्यादा मैच हो लेकिन यह समझना भी जरूरी है कि दूसरे मैदानों पर भी मैच होने चाहिये।’’
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia