खेल: 'पाकिस्तान की बल्लेबाजी सेकंड डिवीजन काउंटी क्रिकेट की तरह' और थाईलैंड के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करने उतरेगा भारत

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी की आलोचना की है। पिछले एक दशक में महिला टी20 एशिया कप में भारत सबसे दबदबा बनाने वाली टीम रही है।

पाकिस्तान की बल्लेबाजी सेकंड डिवीजन काउंटी क्रिकेट की तरह: माइकल वॉन
i

पाकिस्तान की बल्लेबाजी सेकंड डिवीजन काउंटी क्रिकेट की तरह: माइकल वॉन 

इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान पहली पारी में 110 रन पर सिमट गई। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी की आलोचना की है। वॉन ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी की तुलना 'सेकंड डिवीजन काउंटी क्रिकेट' से की है।

माइकल वॉन ने इंग्लैंड के गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि यह एक अच्छा अटैक है, और इसमें बहुत क्षमता है। मुझे लगता है कि वे सभी बेहतर हो सकते हैं। जब आपके पास चार गेंदबाज अच्छी गेंदबाजी कर रहे हों तो यह इंग्लिश क्रिकेट के लिए बहुत अच्छा संकेत है। अभी और भी बहुत कुछ बाकी है।

 वॉन ने कहा, "मैं पूरी ईमानदारी से कहूंगा। इंग्लैंड के गेंदबाजों को बिल्कुल भी चुनौती नहीं मिल रही है। पाकिस्तान बैटिंग लाइनअप शायद सबसे आसान बैटिंग लाइनअप है। मुझे लगता है कि एक गेंदबाज के तौर पर, वे सभी गेंदबाजी के लिए लाइन में लगे हैं। उन्हें पता है कि वहां विकेट हैं। ओली रॉबिन्सन, जोफ्रा आर्चर और जोश टंग ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी के तहस-नहस कर दिया।"

पाकिस्तानी बल्लेबाजों के लगातार 'फ्लॉप शो' पर भड़के कोच सरफराज, क्रीज पर समय बिताने की दी सलाह

पाकिस्तान के हेड कोच सरफराज अहमद ने टीम के बल्लेबाजों के प्रदर्शन से खासा नाखुश हैं। सरफराज का कहना है कि पाकिस्तानी बल्लेबाज क्रीज पर ज्यादा समय नहीं बिता पा रहे हैं और इसी कारण टीम 30 से 35 ओवरों के अंदर ही ऑलआउट हो जा रही है।

 लीड्स टेस्ट की पहली पारी में 171 और दूसरी में 135 रनों पर सिमटने के बाद पाकिस्तान के बल्लेबाजों का हाल लॉर्ड्स टेस्ट की पहली इनिंग में भी बेहाल रहा। इंग्लिश तेज गेंदबाजों के सामने टीम के बल्लेबाजों ने आसानी से घुटने टेक दिए और पूरी टीम महज 110 रन बनाकर सिमट गई।

 सरफराज ने टीम के बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन को चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा, "आप इस बात से इनकार नहीं कर सकते कि हमारी टीम 30 या 35 ओवर में ही ऑलआउट हो रही है। जाहिर है कि हमने इस पर बात की है और बल्लेबाजों को भी पता है कि हम पिच पर अधिक समय नहीं बिता रहे हैं।"

 उन्होंने आगे कहा, "हां, हालात बल्लेबाजों के लिए निश्चित रूप से मुश्किल हैं, लेकिन जो भी बल्लेबाज क्रीज पर ज्यादा समय बिताएगा और 30 से 40 गेंदें खेलेगा, उसे फायदा होगा। शुरुआती 30-40 गेंदें मुश्किल होती हैं, लेकिन अगर हम उनसे पार पा लें, तो हम बेहतर स्थिति में होंगे।"


गुरनूर बरार को दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल के लिए नॉर्थ जोन टीम में जगह दी गई

तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को रविवार से बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में साउथ जोन के खिलाफ शुरू होने वाले दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल के लिए नॉर्थ जोन की टीम में शामिल किया गया है। गुरनूर श्रीलंका के खिलाफ हुई टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा थे।

 गुरनूर को नॉर्थ जोन की प्लेइंग इलेवन में जगह मिलने की संभावना है। भारतीय टीम मैनेजमेंट अगले दौरों से पूर्व उन्हें रेड बॉल में ज्यादा से ज्यादा मौके देना चाहता है। 

 गुरनूर भारत की पिछली दो टेस्ट टीमों का हिस्सा रहे हैं, लेकिन उनका टेस्ट डेब्यू अभी बाकी है। जुलाई में, वह इंडिया ए के श्रीलंका के शैडो टूर पर गए थे, और दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट में 145 रन देकर 10 विकेट लिए थे।

 गुरनूर के प्रथम श्रेणी करियर के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो वह 19 मैचों में 25.24 की औसत से 62 विकेट ले चुके हैं।

इशान को नहीं पता था कि मैं विकेट लेने वाला गेंदबाज हूं : सूर्यवंशी

वैभव सूर्यवंशी भले ही दलीप ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल में अपनी टीम की एकमात्र पारी में बल्लेबाजी में कुछ खास योगदान नहीं दे पाए लेकिन उन्होंने गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए दो अहम विकेट चटकाए जिसकी मदद से पूर्वी क्षेत्र ने पूर्वोत्तर क्षेत्र को पारी और 210 रन से करारी शिकस्त दी।

पूर्वी क्षेत्र की पहली और एकमात्र पारी में सभी की नजरें युवा बल्लेबाजी सनसनी सूर्यवंशी पर थीं, लेकिन बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने महज आठ रन बनाए। इसके बाद पूर्वी क्षेत्र ने 467 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

यह स्कोर मैच पर दबदबा बनाने के लिए पर्याप्त था, लेकिन पूर्वोत्तर क्षेत्र के बल्लेबाजों के विकेट जल्दी नहीं गिरने पर पूर्वी क्षेत्र के कप्तान इशान किशन ने बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज सूर्यवंशी को गेंद थमा दी।

बीसीसीआई द्वारा साझा किए गए वीडियो में सूर्यवंशी ने कहा, ‘‘अगर आप किसी बल्लेबाज से पूछेंगे तो उसे गेंदबाजी करना भी पसंद होता है और गेंदबाज को बल्लेबाजी करना पसंद होता है। दोनों को एक-दूसरे की भूमिका निभाना काफी पसंद है।’ ’’


थाईलैंड के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करने उतरेगा भारत, निरंतरता और फॉर्म पर होगी नजर

ऐसे समय में जबकि टीम की फॉर्म और निरंतरता पर सवाल उठ रहे हैं तब हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम रविवार को यहां महिला टी20 एशिया कप ग्रुप ए के अपने पहले मैच में थाईलैंड के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करके अपने अभियान की शानदार शुरुआत करना चाहेगी।

पिछले एक दशक में महिला टी20 एशिया कप में भारत सबसे दबदबा बनाने वाली टीम रही है। उसने 2016-17 से इस टूर्नामेंट के टी20 प्रारूप के पांच संस्करणों में तीन बार खिताब जीता है लेकिन हाल में उसका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है।

भारत ने इस साल खेले गए 16 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में से नौ मैच हारे हैं। उसको आखिरी हार हाल में महिला टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया से मिली थी। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट के ग्रुप चरण से बाहर हो गई थी।

ऐसे समय में जबकि कप्तान हरमनप्रीत के खुद की फॉर्म और सबसे छोटे प्रारूप में उनके भविष्य को लेकर सवाल उठ रहे हैं तब भारत एशिया के दो प्रमुख टूर्नामेंट में खेलने की तैयारी कर रहा है। एशिया कप के तुरंत बाद जापान में एशियाई खेल होंगे। इन दोनों प्रतियोगिताओं में भारत खिताब के मजबूत दावेदार के रूप में शुरुआत करेगा।

भारत को आठ टीमों वाली महिला टी20 एशिया कप में थाईलैंड, हांगकांग और पाकिस्तान के साथ ग्रुप ए में रखा गया है।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ