खेल: 'पंत को बदलना होगा खेल का तरीका' और दक्षिण अफ्रीका ने जीती टी20 सीरीज

आकाश चोपड़ा ने कहा, "ऋषभ पंत हमेशा जोखिम भरा शॉट खेलते हैं, जो अक्सर उनके खिलाफ काम करती है।" दक्षिण अफ्रीका ने हेग्ले ओवल में खेले गए पांचवें टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को 33 रन से हराकर न सिर्फ मैच जीता है, बल्कि 3-2 से सीरीज अपने नाम कर ली है।

LSG के कप्तान ऋषभ पंत
i
user

नवजीवन डेस्क

पंत को बदलना होगा खेल का तरीका, युवराज के पास जाना अच्छा संकेत: आकाश चोपड़ा

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने आईपीएल 2026 की शुरुआत से ठीक पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के कप्तान ऋषभ पंत को लेकर बड़ा बयान दिया है। चोपड़ा ने कहा है कि पंत अपनी प्रतिष्ठा के कैदी हो गए हैं और बेहतर परिणाम के लिए उन्हें अपने खेल पर फिर से सोचने की जरुरत है।

आकाश चोपड़ा ने जियोहॉटस्टार पर कहा, "ऋषभ पंत हमेशा जोखिम भरा शॉट खेलते हैं, जो अक्सर उनके खिलाफ काम करती है। अगर पंत को भारतीय टी20 टीम में अपनी जगह बनानी है तो उन्हें फिर से खेल की आधारभूत तकनीक पर लौटना चाहिए।"

 चोपड़ा ने कहा, "ऋषभ पंत पर नजर रखना सही है। वह अलग तरह के शॉट खेलने की अपनी ही रेप्युटेशन का कैदी है और जब हालात की जरूरत होती है तो वह शायद ही कभी रन बनाता है। पिछले सीजन में, समय लेने और अपनी फॉर्म को फिर से बनाने के मौकों के बावजूद, उसने रिस्की शॉट खेलना जारी रखा, जिसका उसे नुकसान हुआ।"

 दिग्गज कमेंटेटर ने कहा, "बारबाडोस में भारत की टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा होने के बाद, वह अब नेशनल टीम में वापसी की रेस से बाहर हैं। चयनकर्ताओं ने ओपनर कीपर और तीसरे नंबर पर बैटिंग कर सकने वाले कीपर को चुना। हालांकि आईपीएल बहुत बड़ा है, लेकिन भारत का प्रतिनिधित्व करना सबसे बड़ी प्राथमिकता है।"

दक्षिण अफ्रीका ने जीती टी20 सीरीज, पांचवें मैच में न्यूजीलैंड को 33 रन से हराया

दक्षिण अफ्रीका ने हेग्ले ओवल में खेले गए पांचवें टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को 33 रन से हराकर न सिर्फ मैच जीता है, बल्कि 3-2 से सीरीज अपने नाम कर ली है।

न्यूजीलैंड को इस मैच और सीरीज को जीतने के लिए 188 रन का लक्ष्य मिला था। बड़े लक्ष्य के दबाव और दक्षिण अफ्रीका की कसी हुई गेंदबाजी के सामने न्यूजीलैंड का टॉप ऑर्डर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सका। अच्छी शुरुआत नहीं मिलने की वजह से न्यूजीलैंड कभी भी जीत की तरफ जाती नहीं दिखी और 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 154 रन बना सकी।

 कीवी टीम के लिए बेवोन जैकब्स ने 19 गेंदों पर 3 छक्कों और 2 चौकों की मदद से सर्वाधिक 36 रन की पारी खेली। इसके अलावा, टॉम रॉबिनसन ने 25 और डेन क्लिवर ने 22 रन की पारी खेली। कप्तान जिमी निशम ने 24 रन बनाए।

दक्षिण अफ्रीका के लिए गेराल्ड कोएट्जी, ओटनिल बार्टमैन, और वियान मुल्डर ने 2-2, जबकि कप्तान केशव महाराज ने 1 विकेट लिया।


राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने तकनीकी स्टार्टअप प्रॉक्सजी में दो करोड़ रूपये निवेश किया

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने देश की सबसे तेजी से बढ़ती, नवीन पहल पर आधारित ‘मेक इन इंडिया’ उत्पाद और तकनीकी कंपनियों में से एक प्रॉक्सजी में दो करोड़ रूपये निवेश किये हैं ।

इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे भी इस कंपनी में निवेश कर चुके हैं ।

प्रॉक्सजी ने ग्राहम बेल पुरस्कार, सीईएस इनोवेशन पुरस्कार, यूरोपीय प्रोडक्ट डिजाइन पुरस्कार समेत कई पुरस्कार जीते हैं ।

शाकिब को लंबे समय तक टीम में रखना चाहते हैं बांग्लादेश की नई चयन समिति के प्रमुख

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की चयन समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष हबीबुल बशर ने कहा है कि वह चाहते हैं कि अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन वापस वतन लौटकर कम से कम दो और वर्ष तक देश की तरफ से खेलें, जिसमें 2027 का वनडे विश्व कप भी शामिल है।

शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग पार्टी के सदस्य रहे 38 वर्षीय शाकिब अपनी सरकार के पतन के बाद अमेरिका चले गए थे और अंतरिम सरकार ने उन्हें देश का प्रतिनिधित्व करने से रोक दिया था।

लेकिन इस साल की शुरुआत में नई सरकार के गठन के बाद पद संभालने वाले बशर चाहते हैं कि शाकिब वापस वतन लौटकर फिर से देश की तरफ से खेलें।

बशर ने कहा कि शाकिब की वापसी पर विचार किया जा रहा है, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ 17 अप्रैल से शुरू होने वाली सीमित ओवरों की श्रृंखला में उन्हें टीम में रखना संभव नहीं हो पाएगा क्योंकि इसमें अब बहुत कम समय बचा है।


आईसीसी रैंकिंग: न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने लगाई टी20 फॉर्मेट में छलांग

साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन के साथ पुरुषों की आईसीसी टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों को फायदा मिला है। इस लिस्ट में चार कीवी तेज गेंदबाजों ने अपनी रैंकिंग में सुधार किया है।

न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज के शुरुआती चार मुकाबले उतार-चढ़ाव भरे रहे हैं, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों के प्रदर्शन के कारण रैंकिंग में काफी फेरबदल हुआ।

 अनुभवी तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन को इसका सबसे ज्यादा फायदा मिला। फर्ग्यूसन ने ऑकलैंड में मैच जिताऊ स्पेल डाला था। उन्होंने महज 9 रन देकर 1 विकेट हासिल किया था, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। इस प्रदर्शन ने उन्हें 12 पायदान ऊपर चढ़ाकर 39वें स्थान पर पहुंचा दिया है। उनके साथी तेज गेंदबाज बेन सियर्स 20 पायदान ऊपर चढ़कर 59वें स्थान पर पहुंच गए हैं। काइल जैमीसन ने पांच पायदान की छलांग लगाई है। वह 76वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं, जैकरी फॉल्क्स 8 पायदान ऊपर चढ़कर 81वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

 साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों ने भी रैंकिंग में सुधार किया है। केशव महाराज ने 5 पायदान की छलांग लगाकर 47वां स्थान अपने नाम कर लिया है। उनके साथी खिलाड़ी ओटनील बार्टमैन सात पायदान ऊपर चढ़कर 66वें स्थान पर पहुंच गए है। गेराल्ड कोएत्जी 46 पायदान ऊपर चढ़कर 88वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia