खेल: प्रज्ञान ओझा बने चीफ सेलेक्टर, रमेश पवार सीनियर पुरुष चयन समिति में शामिल

बीसीसीआई ने सोमवार को बताया कि प्रज्ञान ओझा को उनकी वरिष्ठता के आधार पर चयन पैनल का अध्यक्ष बनाया गया है। पवार के नाम की सिफारिश क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) ने सर्वसम्मति से की थी।

प्रज्ञान ओझा बने चीफ सेलेक्टर, रमेश पवार सीनियर पुरुष चयन समिति में शामिल (फोटो: IANS)
i

प्रज्ञान ओझा बने चीफ सेलेक्टर, रमेश पवार सीनियर पुरुष चयन समिति में शामिल

भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रमेश पोवार को सीनियर पुरुष चयन समिति में शामिल किया गया है, जबकि पूर्व बाएं हाथ के स्पिनर प्रज्ञान ओझा को नया चीफ सेलेक्टर नियुक्त किया गया।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार को बताया कि ओझा को उनकी वरिष्ठता के आधार पर चयन पैनल का अध्यक्ष बनाया गया है। अब इस चयन समिति में प्रज्ञान ओझा, रमेश पवार, शिव सुंदर दास, आरपी सिंह और अजय रात्रा शामिल हैं।

पवार के नाम की सिफारिश क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) ने सर्वसम्मति से की थी। इस समिति में अशोक मल्होत्रा ​​और जतिन परांजपे शामिल थे, जिन्होंने पिछले हफ्ते बीसीसीआई मुख्यालय में आवेदकों की स्क्रीनिंग और इंटरव्यू लिया था। आईएएनएस को मिली जानकारी के अनुसार, पवार का इंटरव्यू जूनियर चयन समिति के सदस्य के पद के लिए भी लिया गया था।

48 वर्षीय पवार ने साल 2004 से 2007 के बीच भारत के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले हैं और उनके पास इस भूमिका के लिए काफी अनुभव है। उन्होंने वसीम जाफर, सलिल अंकोला, जैकब मार्टिन और कॉनर विलियम्स जैसे पूर्व भारतीय और वेस्ट जोन के खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए यह जगह हासिल की।

चिनमय सुतार प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 400 रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने

 मिजोरम के चिन्मय सुतार ने सोमवार को प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 400 रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बनकर इतिहास रच दिया। सुतार ने यह दुर्लभ उपलब्धि यहां नागालैंड के खिलाफ रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप मैच के दूसरे दिन हासिल की।

इस मुकाम पर पहुंचने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज भाऊसाहेब बाबासाहेब निंबालकर थे, जिन्होंने 1948 में महाराष्ट्र की तरफ से खेलते हुए काठियावाड़ के खिलाफ नाबाद 443 रन बनाए थे।

मिजोरम की टीम से जुड़ने से पहले मुंबई की तरफ से विजय हजारे ट्रॉफी खेल चुके सुतार 400 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 517 गेंद का सामना करके 46 चौके और सात छक्के लगाए।

मिजोरम ने अपनी पहली पारी नौ विकेट 581 रन पर समाप्त घोषित की। जब सुतार 231 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे, तभी आखिरी बल्लेबाज लालरेमपुइया छकछुआक उनके साथ बल्लेबाजी करने के लिए क्रीज पर आए। उस समय मिजोरम का स्कोर 392 था। सुतार ने उनके साथ दसवें विकेट के लिए 189 रन की साझेदारी की। इसमें सुतार का योगदान 169 रन का रहा। लालरेमपुइया 14 रन बनाकर नाबाद रहे।


भारत के लिए खेलने का सपना अब भी जिंदा है: अभिमन्यु ईश्वरन  

बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले अभिमन्यु ईश्वरन 31 साल के हो चुके हैं। ईश्वरन घरेलू क्रिकेट का दिग्गज नाम हैं और लगातार रन बनाते हैं, इसके बावजूद भारतीय टीम के लिए डेब्यू करने का उनका सपना अब भी पूरा नहीं हो सका है। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कहा है कि टीम इंडिया के लिए डेब्यू का उनका सपना अब भी जिंदा है।

अभिमन्यु ईश्वरन अपना 118वां फर्स्ट-क्लास गेम खेल रहे हैं। इनमें से 32 जुलाई 2018 से इंडिया A के लिए आए हैं, और टेस्ट टीम में भी कॉल-अप हुए हैं, लेकिन इंटरनेशनल डेब्यू अभी बाकी है। 31 साल के अभिमन्यु का कहना है कि इंडिया के लिए खेलने का उनका सपना अभी भी है, क्योंकि वह घरेलू सर्किट पर रन बना रहे हैं।

 रणजी ट्रॉफी के दूसरे राउंड में सर्विसेज के खिलाफ बंगाल के लिए 56 रन बनाने के बाद उन्होंने कहा, "जब मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया, तो सपना हमेशा देश के लिए खेलना था, और वह सपना अभी भी है। जब आप टीम में होते हैं और फिर आपको ड्रॉप कर दिया जाता है, तो आपके दिमाग में हमेशा कुछ बातें चलती रहती हैं, 'मैं फिर से क्यों नहीं?' ऐसे मामले हुए हैं, लेकिन कोई बात नहीं, आपको इसकी आदत हो जाती है। ऐसा होता है, यह जिंदगी का हिस्सा है। इसके बारे में कहने के लिए ज्यादा कुछ नहीं है। समय के साथ, आप सीखते हैं।"

अभिमन्यु ने कहा, "आपका काम हमेशा यह होता है कि आप जिस भी टीम के लिए खेल रहे हों, उसके लिए अच्छा करें। एक प्लेयर के लिए सबसे बड़ा चैलेंज यह होता है कि वह हर दिन खेले और टीम को जो चाहिए वह करे। मुझे लगता है कि मैं इस समय इसका और अपने क्रिकेट का मजा ले रहा हूं।"

डब्ल्यूबीबीएल से बाहर हुईं तेज गेंदबाज डार्सी ब्राउन, भारत दौरे पर हुई थी इंजरी

ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज डार्सी ब्राउन पीठ में डिस्क की समस्या के कारण आगामी महिला बिग बैश लीग से बाहर हो गई हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने सोमवार को इसकी पुष्टि की। ब्राउन हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ए टीम के साथ भारत दौरे पर थीं, जहां उन्होंने दो टी20 और एक वनडे मैच खेला था।

भारत दौरे के दौरान ही 23 साल की इस खिलाड़ी की पीठ की पुरानी दिक्कत फिर उभर आई और उन्हें बीच दौरे से ही घर लौटना पड़ा। इस चोट के कारण वह बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में जगह नहीं बना पाईं।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपने बयान में कहा, "पिछले महीने भारत से घर लौटने के बाद ब्राउन की जांच की गई थी, और कुछ समय तक डी-लोडिंग के बाद भी उनकी चोट इतनी ठीक नहीं हुई है कि वह ट्रेनिंग फिर से शुरू कर सकें। इस वजह से वह आने वाले डब्ल्यूबीबीएल सीजन के लिए समय पर पूरी तरह से फिट नहीं हो पाएंगी।"

 ऑस्ट्रेलियाई टीम मैनेजमेंट ब्राउन को लंबी अवधि के लिए संभालना चाहता है और जल्दबाजी में वापसी कराकर जोखिम नहीं लेना चाहता।

 पिछले महीने नेशनल सिलेक्टर शॉन फ्लेगलर ने कहा था कि मेडिकल स्टाफ को उम्मीद है कि ब्राउन डब्ल्यूबीबीएल के दूसरे हाफ तक फिट होकर वापसी कर सकती हैं। एडिलेड स्ट्राइकर्स को भी उम्मीद थी कि वे टूर्नामेंट में वापसी करेगी, लेकिन अब उन उम्मीदों को अब झटका लगा है।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए