खेल: आर अश्विन ने पुडुचेरी पिच की प्रशंसा की और बांग्लादेश के गेंदबाज हसन महमूद ने रचा इतिहास

भारत के पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने वनडे क्रिकेट में बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लिए एक जैसी पिच बनाने के लिए पुडुचेरी की तारीफ की। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज हसन महमूद ने टेस्ट मैच के तीसरे दिन इतिहास रच दिया है।

 रविचंद्रन अश्विन
i

आर अश्विन ने पुडुचेरी पिच की प्रशंसा की, कहा- ऐसे वेन्यू पर ही वनडे खेला जाना चाहिए

भारत के पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने वनडे क्रिकेट में बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लिए एक जैसी पिच बनाने के लिए पुडुचेरी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि ऐसी ही पिचों पर वनडे खेले जाने चाहिए।

क्रिकेट एसोसिएशन पुडुचेरी सीचेम ग्राउंड पर इंडिया ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच चल रहे अनाधिकारिक वनडे को देखते हुए, अश्विन ने कहा कि ऐसी पिचों पर बल्लेबाजों से ज्यादा उम्मीद होगी।

अश्विन ने एक्स पर लिखा, "अभी। ऐसा लग रहा है कि पुडुचेरी ऐसी पिचें बना रहा है जिन पर वनडे खेले जाने चाहिए। 250 रन का पीछा करना मुश्किल लग रहा है। ऐसी पिचें बनाने से बल्लेबाजों से ज्यादा उम्मीद होगी। उनकी रणनीतिक सोच और गेम जागरूकता बढ़ेगी।"

हसन महमूद ने रचा इतिहास, टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले बने बांग्लादेश के पहले तेज गेंदबाज

बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच अबू धाबी के शेख जायद क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज हसन महमूद ने टेस्ट मैच के तीसरे दिन इतिहास रच दिया है। 

हसन महमूद बांग्लादेश की ओर से टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले पहले तेज गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने पारी के 83वें ओवर में लगातार तीन गेंदों पर अफगानिस्तान के बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम किया।

 83वें ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने इस्मत अलाम को एक रन के स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया। इसके बाद अगली ही गेंद पर उन्होंने कैस अहमद को बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। कैस हसन की गेंद पर लिटन दास को कैच देकर आउट हुए। इसके बाद हसन महमूद ने तीसरी गेंद पर जियाउर रहमान को आउट करते हुए अपनी हैट्रिक पूरी की। जियाउर भी जीरो पर आउट हुए।

हसन महमूद से पहले बांग्लादेश के दो अन्य गेंदबाज टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक ले चुके हैं। पूर्व लेग स्पिनर आलोक कपाली बांग्लादेश की तरफ से क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज रहे। उन्होंने साल 2003 में पाकिस्तान के खिलाफ लगातार तीन गेंदों पर 3 बल्लेबाजों को आउट किया था। वहीं, इसके बाद स्पिन गेंदबाज सोहाग गाजी ने साल 2013 में न्यूजीलैंड के खिलाफ हैट्रिक ली थी।


मंधाना यूनिसेफ इंडिया की ‘सेलिब्रिटी एडवोकेट’ नामित, तेंदुलकर ने स्वागत किया

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नवनियुक्त कप्तान स्मृति मंधाना को यूनिसेफ इंडिया ने अपने ‘सेलिब्रिटी एडवोकेट’ के रूप में नामित किया है।

यह घोषणा रविवार को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर की गई, जो लड़कियों के अधिकारों, सुरक्षा, नेतृत्व और क्षमता पर ध्यान आकर्षित करता है। इसके साथ ही उन बाधाओं की भी पहचान करता है जो उनके विकल्पों को सीमित करते हैं।

मंधाना ने कहा, ‘‘यूनिसेफ इंडिया में सेलिब्रिटी एडवोकेट के रूप में शामिल होकर मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रही हूं। मैं क्रिकेट खेलते हुए बड़ी हुई हूं और मुझे यह अच्छी तरह से पता है कि हर सपना एक अवसर से शुरू होता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और प्रोत्साहन से वह अवसर असाधारण बन सकता है। हर बच्चे और युवा को बड़े सपने देखने और अपनी क्षमता का भरपूर इस्तेमाल करने का मौका मिलना चाहिए।’’

लंबे समय से दक्षिण एशिया के यूनिसेफ के क्षेत्रीय दूत के रूप में कार्य कर रहे दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने मंधाना की नियुक्ति का स्वागत किया।

भारतीय बल्लेबाजों की अलग-अलग शैली ने क्रिकेट को बनाया अधिक रचनात्मक : रैना

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना का मानना है कि देश के शीर्ष बल्लेबाजों की अलग-अलग खेल शैली ने क्रिकेट को अधिक रचनात्मक बना दिया है तो वही अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की राष्ट्रीय टीम में वापसी को उन्होंने कड़ी मेहनत, अनुशासन और घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन का परिणाम करार दिया।

‘इंडियन सॉफ्टबॉल क्रिकेट लीग’ के शुभारंभ के मौके पर रैना ने पत्रकारों से कहा, ‘‘भारतीय क्रिकेट में अब कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जो बेखौफ होकर अपनी अलग शैली में खेल रहे हैं और दबाव की परिस्थितियों में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं।’’

इस लीग के ब्रांड दूत बने रैना ने कहा, ‘‘क्रिकेट अब काफी प्रयोग करने वाला और रचनात्मक खेल बन गया है। अभिषेक शर्मा अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं, जबकि शुभमन गिल का अंदाज अलग है। रोहित शर्मा और विराट कोहली भी 50 ओवर के प्रारूप में अपनी-अपनी शैली से खेल रहे हैं। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि आज हमारे पास बड़ी संख्या में कोच हैं।’’

रैना ने भारतीय टीम में वापसी करने पर अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को बधाई देते हुए कहा कि उनकी लगन, अनुशासन और कड़ी मेहनत आखिरकार रंग लाई है।

रैना ने कहा, ‘‘36 साल की उम्र में भी भुवनेश्वर ने अपने दमखम और जुझारूपन का परिचय दिया है। वह बेहद अनुशासित गेंदबाज हैं और खेल की प्रक्रिया तथा उसकी बारीकियों पर विशेष ध्यान देते हैं। उन्होंने अपनी फिटनेस को बेहतर बनाने के लिए भी काफी मेहनत की है। मुझे उम्मीद है कि न्यूजीलैंड दौरे पर वह शानदार प्रदर्शन करेंगे। मेरी उन्हें ढेरों शुभकामनाएं हैं।”


सूर्यवंशी असाधारण प्रतिभा है, उनका भारतीय टीम में चयन से हैरानी नहीं: फर्ग्यूसन

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन भारत के खिलाफ होने वाली टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को गेंदबाजी करने के लिए उत्सुक हैं और उन्होंने कहा कि इस किशोर खिलाड़ी को भारतीय टीम में शामिल किए जाने पर उन्हें किसी तरह की हैरानी नहीं हुई।

सूर्यवंशी को न्यूजीलैंड के खिलाफ 22 अक्टूबर से शुरू होने वाली पांच टी20 मैचों की श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।

फर्ग्यूसन ने रविवार को पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं आईपीएल में उनके खिलाफ खेला था। वह वाकई प्रतिभाशाली हैं। उनकी प्रतिभा बेमिसाल है। उन्हें भारतीय टीम में शामिल किया जाना कोई हैरानी की बात नहीं है। उन्होंने आईपीएल के अब तक जो दो सत्र खेले हैं उनमें उनका प्रदर्शन असाधारण रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं न्यूजीलैंड में उनकी चुनौती का सामना करने के लिए उत्सुक हूं। उनका न्यूजीलैंड में यह पहला अनुभव होगा। मुझे नहीं पता कि उन्होंने पहले यहां क्रिकेट खेली है या नहीं। यह एक शानदार सीरीज होगी।’’

न्यूजीलैंड और भारत के बीच पांच टी20, इतने ही वनडे और दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 11 Oct 2026, 5:57 PM