खेल: रहाणे और गांगुली ने प्रिंस विलियम के साथ मैच खेला और न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे टीम में चुने जा सकते हैं सूर्यांश शेडगे

भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और अजिंक्य रहाणे ने प्रिंस विलियम के साथ एक दोस्ताना टेनिस बॉल क्रिकेट मैच में भाग लिया। मुंबई के तेज गेंदबाजी हरफनमौला सूर्यांश शेडगे को न्यूजीलैंड दौरे के लिये भारत की वनडे टीम में चुना जा सकता है।

फोटो: IANS
i

'एक ऐसा अनुभव जो हमेशा याद रहेगा', प्रिंस विलियम के साथ क्रिकेट खेलने पर बोले अजिंक्य रहाणे

भारत के पूर्व टेस्ट कप्तान अजिंक्य रहाणे ने लंदन में बकिंघम पैलेस के सामने ब्रिटेन के प्रिंस विलियम के साथ टेनिस-बॉल क्रिकेट खेलने को एक ऐसा अनुभव बताया है, जो उन्हें लंबे समय तक याद रहेगा।

रहाणे उन मशहूर क्रिकेटरों में शामिल थे, जिन्हें प्रिंस विलियम ने 'द मॉल' (बकिंघम पैलेस के बाहर एक खास सड़क) पर एक फ्रेंडली मैच खेलने के लिए बुलाया था। यह मैच 'अर्थशॉट प्राइज' अवॉर्ड सेरेमनी से पहले आयोजित किया गया था, जो 17 नवंबर को मुंबई में होगी।

इस इवेंट में खेल जगत के कई बड़े नाम शामिल हुए, जिनमें भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली, वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा और इंग्लैंड के खिलाड़ी जो रूट और हैरी ब्रूक शामिल थे। बुधवार को लिंक्डइन पर एक पोस्ट में इस मौके को याद करते हुए रहाणे ने कहा कि इस अनोखी जगह ने अनुभव को खास बना दिया।

उन्होंने कहा, "क्रिकेट मुझे दुनिया भर की कई शानदार जगहों पर ले गया है, लेकिन लंदन में 'द मॉल' पर, बैकग्राउंड में बकिंघम पैलेस के साथ टेनिस-बॉल क्रिकेट खेलना एक ऐसा अनुभव है, जो मुझे लंबे समय तक याद रहेगा।" रहाणे ने कहा कि इस जमावड़े ने भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच क्रिकेट के प्रति साझा जुनून का जश्न मनाया और साथ ही पर्यावरण से जुड़े एक अहम मुद्दे को भी उजागर किया।

रहाणे और गांगुली ने प्रिंस विलियम के साथ प्रदर्शनी क्रिकेट मैच खेला

भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और अजिंक्य रहाणे ने प्रिंस विलियम के साथ एक दोस्ताना टेनिस बॉल क्रिकेट मैच में भाग लिया।

इस मैच का आयोजन ब्रिटिश राजघराने की पर्यावरण पहल, अर्थशॉट पुरस्कार समारोह के प्रचार के लिए किया गया था। यह पुरस्कार समारोह अगले महीने मुंबई में होगा।

हाल ही में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने वाले 38 वर्षीय रहाणे और गांगुली के अलावा इस मैच में वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज ब्रायन लारा तथा इंग्लैंड के जो रूट और हैरी ब्रूक ने भी भाग लिया।

इन सभी ने प्रिंस विलियम के निमंत्रण पर मंगलवार को बकिंघम पैलेस के बाहर द मॉल में मैच खेला।


न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे टीम में चुने जा सकते हैं सूर्यांश शेडगे

 मुंबई के तेज गेंदबाजी हरफनमौला सूर्यांश शेडगे को न्यूजीलैंड दौरे के लिये भारत की वनडे टीम में चुना जा सकता है जिन्होंने हाल ही में आस्ट्रेलिया ए के खिलाफ लिस्ट ए टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है ।

23 वर्ष के शेडगे ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन टी20 मैच खेले थे और हाल ही में हैमस्ट्रिंग चोट से उबरने के बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में लौटे हैं । उन्होंने पुडुचेरी में आस्ट्रेलिया ए के खिलाफ अनौपचारिक वनडे श्रृंखला में बल्ले और गेंद से प्रभावित किया ।

बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया ,‘‘ वनडे टीम में शेडगे के चुने जाने की प्रबल संभावना है क्योंकि टेस्ट श्रृंखला में चौथे तेज गेंदबाज और निचले क्रम के बल्लेबाज के तौर पर नीतिश कुमार रेड्डी की अहम भूमिका होगी । रेड्डी सारे वनडे नहीं खेलेंगे क्योंकि उन्हें टेस्ट श्रृंखला की तैयारी करनी है ।’’

धवन ने वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप में भाग लेने से इनकार किया, कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने उनकी अनुमति के बिना उनका नाम प्रतिभागी खिलाड़ियों की सूची में शामिल करने पर वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप के आयोजकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

धवन ने कहा कि उन्होंने न तो अपने नाम के इस्तेमाल की अनुमति दी है और न ही टूर्नामेंट में भाग लेने पर सहमति जताई है। उन्होंने मीडिया संगठनों और प्रशंसकों से उनकी भागीदारी को लेकर उनकी अनुमति के बिना जारी की गई किसी भी घोषणा को नजरअंदाज करने आग्रह किया है।

धवन ने एक्स पर लिखा, ‘‘मुझे पता चला है कि वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप में प्रतिभागी के रूप में मेरा नाम शामिल किया गया है। आयोजकों ने मेरी जानकारी या अनुमति के बिना मेरे नाम का इस्तेमाल किया है। मेरी टीम इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करेगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं मीडिया और अपने प्रशंसकों से अनुरोध करता हूं कि वे किसी भी अनधिकृत घोषणा पर भरोसा न करें और न ही उसे प्रकाशित करें। आपके स्नेह और समर्थन के लिए आभार।’’


रिटायरमेंट से पहले घर में वर्ल्ड कप खेलने का मौका मिलना 'वरदान' जैसा: सिकंदर रजा

जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर होने से पहले अपने देश में वनडे वर्ल्ड कप खेलने के मौके को वरदान बताया है। उन्होंने कहा कि 2027 का टूर्नामेंट दुनिया को उनके देश की खूबसूरती और मेहमाननवाजी का अनुभव भी कराएगा।

 जिम्बाब्वे, साउथ अफ्रीका और नामीबिया के साथ मिलकर वनडे वर्ल्ड कप 2027 की मेजबानी करेगा। रजा की टीम अपने लीग मैच हरारे, बुलावायो और विक्टोरिया फॉल्स में खेलेगी। अपने करियर के आखिरी पड़ाव पर 40 वर्षीय रजा ने कहा कि घरेलू वर्ल्ड कप में खेलना उनके लिए व्यक्तिगत रूप से खास होगा।

 'क्रिकइन्फो' की रिपोर्ट के अनुसार, एक इवेंट में रजा ने कहा, "हर क्रिकेटर का सपना होता है कि वह वर्ल्ड कप के बाद रिटायर हो। चूंकि मैं भी अपने करियर के अंत के करीब हूं, इसलिए घर में वर्ल्ड कप खेलने का मौका मिलना निश्चित रूप से मेरे लिए व्यक्तिगत नजरिए से एक वरदान है।"

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए