खेल: भारतीय बल्लेबाजों को रहाणे ने दी ये खास सलाह और तीरंदाज जाधव ने शेन वॉटसन की किताब से दबाव से निपटना सीखा

अजिंक्य रहाणे ने भारतीय बल्लेबाजों को श्रीलंका के खिलाफ आक्रामक खेलने की सलाह दी है। जाधव ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैंने लगभग एक महीने पहले शेन वॉटसन की किताब ‘द विनर्स माइंडसेट’ पढ़ना शुरू की थी।

फोटो: Getty Images
i

श्रीलंकाई स्पिनरों के खिलाफ रक्षात्मक नहीं हो सकते भारतीय बल्लेबाज : रहाणे

पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे ने भारतीय बल्लेबाजों को श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से गॉल में शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला में आक्रामक खेलने की सलाह दी है ।

श्रीलंका के 2017 के दौरे पर 3 . 0 से मिली जीत में रहाणे ने अहम भूमिका निभाते हुए एक शतक और एक अर्धशतक लगाया था ।

उन्होंने ईटीपीएल द्वारा कराये गए इंटरव्यू में पीटीआई से कहा ,‘‘मेरा मानना है कि श्रीलंका में पहले दिन का विकेट अच्छा होता है लेकिन गेंदबाज पर हावी होना जरूरी है । मैने श्रीलंका में यही सीखा है कि आप रक्षात्मक नहीं खेल सकते ।’’

उन्होंने कहा ,‘आपको अधिक आक्रामक होना होगा क्योंकि उनके विकेट स्पिनरों के मददगार है । श्रीलंका के पास बेहतरीन स्पिनर भी हैं और मेजबान टीम को हराना हमेशा कठिन होता है । इतने साल के अपने अनुभव पर मैं इतना ही कह सकता हूं कि किसी को हलके में नहीं लिया जा सकता ।’’

किसी समय भारत के लिये सभी प्रारूपों में खेलने वाले रहाणे ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजी पिछले कुछ साल में पूरी तरह से बदल गई है , खासकर जबकि टी20 प्रारूप इतना लोकप्रिय हो रहा है ।

उन्होंने कहा ,‘‘ खेल बहुत बदल गया है । टेस्ट क्रिकेट की बात करें तो आप देखेंगे कि कितने टी20 क्रिकेटर भी टेस्ट खेल रहे हैं । स्कूप, लैप, स्विच हिट, रिवर्स स्वीप शॉट लगाये जा रहे हैं जो अच्छी बात है । खिलाड़ियों को आधुनिक क्रिकेट में हर प्रारूप की जरूरत के मुताबिक तेजी से ढलना होता है ।’’

क्रिकेटर शेन वॉटसन की किताब से दबाव से निपटना सीखा तीरंदाज जाधव ने

जब तीरंदाज साहिल जाधव ने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर शेन वॉटसन की पुस्तक ‘द विनर्स माइंडसेट’ पढ़नी शुरू की तो उनका उद्देश्य मोबाइल पर बिताए जा रहे समय को कम करना था लेकिन इससे उन्होंने दबाव की परिस्थितियों से निपटने के लिए भी उपयोगी जानकारी हासिल की।

यह पुस्तक ‘‘हर खेल और जीवन में आपका सर्वश्रेष्ठ रूप सामने लाने’’ का वादा करती है और जाधव का कहना है कि उन्हें इससे सितंबर-अक्टूबर में जापान में होने वाले एशियाई खेलों को ध्यान में रखते हुए दबाव से पार पाने की उपयोगी जानकारी मिली है।

जाधव ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैंने लगभग एक महीने पहले शेन वॉटसन की किताब ‘द विनर्स माइंडसेट’ पढ़ना शुरू की थी। मेरा शुरुआती इरादा फोन पर बिताए जाने वाले समय को कम करना था। लेकिन मुझे इस किताब से बड़ी प्रतियोगिताओं में दबाव से निपटने और एकाग्रता बनाए रखने का भी बहुमूल्य ज्ञान मिला।’’

मानसिक दृढ़ता और धैर्य ऐसे गुण हैं जिनकी जाधव को अपने पूरे करियर में जरूरत पड़ी है। इस 25 वर्षीय खिलाड़ी का अभी तक करियर उतार चढ़ाव वाला रहा है।


एक खिलाड़ी के तौर पर पहचान तभी बनती है, जब आप एक फ्रेंचाइजी से ही जुड़े रहें: इरफान पठान

भारत के पूर्व बाएं हाथ के तेज गेंदबाज इरफान पठान का मानना ​​है कि एक क्रिकेटर तभी अपनी एक मजबूत पहचान या विरासत बना सकता है जब वह एक ही आईपीएल फ्रेंचाइजी के साथ लंबे समय तक जुड़ा रहे। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि रिटेंशन के नियमों और नीलामी की प्रक्रियाओं के कारण खिलाड़ियों का अपनी टीम के साथ लंबे समय तक जुड़े रहने पर कोई जोर नहीं होता है। 

पठान का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब मुंबई इंडियंस (एमआई) में हार्दिक पांड्या के भविष्य को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं। पठान ने जियोहॉटस्टार की सीरीज 'चीकी सिंगल्स' में कहा, "अगर आप एक खिलाड़ी के तौर पर अपनी एक पहचान बनाना चाहते हैं, तो ऐसा तभी हो सकता है जब आपको एक ही फ्रेंचाइजी के साथ बने रहने का मौका मिले। हालांकि, अक्सर ऐसा नहीं होता। मेरी पहली टीम पंजाब थी और मैंने वहां तीन साल तक खेला।"

पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने आगे कहा, "चौथे साल में पंजाब मुझे टीम में बनाए रखना चाहती थी, लेकिन रिटेंशन के नियमों और ऐसी ही दूसरी वजहों से वे किसी भी खिलाड़ी को रिटेन नहीं कर पाए। किसी को भी रिटेन नहीं किया गया। इसी वजह से कभी-कभी ये चीजें खिलाड़ियों के हाथ में भी नहीं होतीं। फ्रेंचाइजी भी यही चाहती है।"

टेस्ट कप्तान के तौर पर हैरी ब्रूक का भी समय आएगा, बतौर हेड कोच फ्लेमिंग करेंगे अच्छा काम: ब्रेंडन मैकुलम

इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम का मानना है कि वनडे और टी20 में इंग्लिश टीम की कमान संभाल रहे हैरी ब्रूक का टेस्ट कप्तान के तौर पर भी समय आएगा। बेन स्टोक्स के कप्तान रहते हुए ब्रूक टेस्ट में उपकप्तान की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। हालांकि, स्टोक्स के संन्यास के बाद जो रूट को इंग्लैंड टीम का टेस्ट कप्तान नियुक्त किया गया है। 

गौरतलब है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मिली हार और विवादों में घिरने के बाद बेन स्टोक्स ने अचानक से इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया था। इसके बाद माना जा रहा था कि हैरी ब्रूक को वनडे और टी20 के साथ-साथ टेस्ट की कप्तानी भी सौंपी जाएगी। हालांकि, इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने ब्रूक के बजाय रूट को दोबारा कप्तानी सौंपना बेहतर समझा।

ब्रूक को लेकर 'स्काई स्पोर्ट्स' के साथ बात करते हुए मैकुलम ने कहा, "हर कोई जानता है कि हैरी ब्रूक के लिए मेरे मन में कितना लगाव है। वह एक शानदार खिलाड़ी हैं और व्हाइट-बॉल टीम के कप्तान के तौर पर बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। मुझे लगता है कि टेस्ट टीम की कप्तानी के लिए भी उनका समय जरूर आएगा। मैं उनके साथ काम करने और उन्हें उस लीडर के तौर पर विकसित करने के लिए उत्सुक हूं, जो वह बन सकते हैं। भविष्य में किसी समय में उस रोल में उनकी भूमिका काफी अहम होगी। हालांकि, अभी के लिए, जो रूट बहुत बढ़िया काम करेंगे।"


विनिसियस जूनियर ने रियल मैड्रिड के साथ बढ़ाया कॉन्ट्रैक्ट, जून 2032 तक क्लब के लिए खेलेंगे

स्टार खिलाड़ी विनिसियस जूनियर ने रियल मैड्रिड फुटबॉल क्लब के साथ अपना कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाने का फैसला किया है। वह अब जून 2032 तक क्लब के लिए खेलते नजर आएंगे।

फुटबॉल क्लब ने एक बयान में कहा, "रियल मैड्रिड और विनिसियस जूनियर कॉन्ट्रैक्ट को बढ़ाने पर सहमत हो गए हैं, जो उन्हें 30 जून 2032 तक क्लब से जोड़े रखेगा।" इस कॉन्ट्रैक्ट के बढ़ने से विनिसियस के भविष्य को लेकर महीनों से चल रही अटकलें खत्म हो गईं। स्पेनिश मीडिया ने 26 वर्षीय खिलाड़ी के मैड्रिड छोड़ने की संभावना जताई थी और प्रीमियर लीग चैंपियन आर्सेनल की उनमें दिलचस्पी की खबरें भी आई थीं।

उम्मीद है कि नए सीजन की तैयारी के दौरान विनिसियस, किलियन एम्बाप्पे, बर्नार्डो सिल्वा और डियोमांडे के साथ मैड्रिड के अटैक का अहम हिस्सा बने रहेंगे, हालांकि मजबूत फॉरवर्ड लाइन के कारण ट्रांसफर विंडो बंद होने से पहले एंड्रिक और ब्राहिम डियाज के भविष्य को लेकर अटकलें बढ़ सकती हैं।

ब्राजील के इस फॉरवर्ड खिलाड़ी ने जुलाई 2018 में 18 साल की उम्र में रियल मैड्रिड जॉइन किया था। क्लब की जर्सी पहनकर अपने आठ सीजन में उन्होंने 375 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 128 गोल करने के साथ-साथ 14 खिताब जीते हैं, जिसमें 2 चैंपियंस लीग, 3 क्लब वर्ल्ड कप, 2 यूईएफए सुपर कप, 3 ला लीगा खिताब, 1 कोपा डेल रे और 3 स्पेनिश सुपर कप हैं। रियल मैड्रिड को यह सभी खिताब जिताने में विनिसियस का रोल काफी अहम रहा है। उन्होंने गोल करने के साथ-साथ कई अहम असिस्ट भी किए हैं। पिछले दो चैंपियंस लीग के फाइनल में भी विनिसियस ने गोल किया था।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए