खेल: पांचवें T20 मैच पर बारिश का साया और जायसवाल को वनडे टीम से बाहर करने पर भड़के अश्विन

एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को बेंगलुरु में भारी बारिश की आशंका है। रविचंद्रन अश्विन ने यशस्वी जायसवाल को न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे श्रृंखला के लिए टीम से बाहर किए जाने पर सवाल उठाए हैं।

फोटो: IANS
i

हांगकांग सिक्सेस में कृणाल संभालेंगे भारतीय टीम की कमान, भुवनेश्वर की जगह खेजरोलिया शामिल

अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को न्यूजीलैंड दौरे के लिए राष्ट्रीय टीम में वापस बुलाए जाने के भारतीय हरफनमौला कृणाल पंड्या को शनिवार को हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट के लिए सात सदस्यीय भारतीय टीम का कप्तान नियुक्त किया गया।

गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कुलवंत खेजरोलिया टूर्नामेंट के लिए टीम में भुवनेश्वर की जगह लेंगे। हांगकांग सिक्सेस का आयोजन 30 अक्टूबर से एक नवंबर तक होगा। कृणाल पहले से ही टीम का हिस्सा थे।

भारतीय टीम के अन्य सदस्यों में शशांक सिंह, राहुल तेवतिया, नितीश राणा, राहुल त्रिपाठी और टी. नटराजन शामिल हैं।

भारत बनाम वेस्टइंडीज: पांचवें टी20 मैच पर बारिश का साया, जानिए  बेंगलुरु में कैसा रहेगा मौसम का हाल

भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला शनिवार को बेंगलुरु के एम.चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। 2-2 से बराबर सीरीज का नतीजा इसी मुकाबले से निकलना है। हालांकि, पांचवें टी20 पर बारिश का साया मंडरा रहा है। 

दरअसल, एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को बेंगलुरु में भारी बारिश की आशंका है। मैच के दिन बारिश होने के 90 प्रतिशत चांस हैं। खासतौर पर शाम के समय तेज बारिश हो सकती है। इसके साथ ही पूरे समय मैदान पर काले बादल छाए रहने की भी उम्मीद है। यानी पांचवें टी20 में बारिश खलल डाल सकती है। हालांकि, चिन्नास्वामी स्टेडियम का ड्रेनेज सिस्टम (मैदान पर पानी को सुखाने की व्यवस्था) काफी अच्छा है, जिसे देखते हुए कुछ ओवरों का मैच होने की आस लगाई जा सकती है।

पांच मैचों की टी20 सीरीज अभी 2-2 की बराबरी पर है। चौथे टी20 में वेस्टइंडीज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को 24 रनों से हराया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 247 रन लगाए थे। टीम की ओर से शाई होप ने एक बार फिर शानादर बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली थी।


वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए जेक फ्रेजर-मैकगर्क

ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज जेक फ्रेजर-मैकगर्क ने शनिवार को कैरेन रोल्टन ओवल में क्वींसलैंड के खिलाफ दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे तेज वन-डे कप फिफ्टी लगाकर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। हालांकि, वह वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए।

फ्रेजर-मैकगर्क ने 63 गेंदों में 122 रन की पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 10 चौके और नौ छक्के लगाए। मैकगर्क ने कप्तान नाथन मैकस्वीनी (103 गेंदों में 106) के साथ मिलकर दक्षिण ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 7 विकेट पर 397 तक पहुंचाया।

मैकगर्क ने अपनी पारी के दौरान 14 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। वह लिस्ट ए क्रिकेट में वैभव सूर्यवंशी के सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। सूर्यवंशी के नाम 11 गेंदों पर लिस्ट ए अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड है। मैकगर्क का अर्धशतक लिस्ट ए क्रिकेट का चौथा सबसे तेज अर्धशतक है।

मैकगर्क अपनी पारी में शुरुआत से ही आक्रामक थे। उन्होंने टॉम स्ट्रैकर के दूसरे ओवर में 22 रन लिए और चौथे ओवर में टॉम व्हिटनी को दो छक्के और एक चौका लगाया। छठे ओवर में हेडन केर की गेंद पर चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 49 गेंदों पर शतक पूरा किया।

लिस्ट ए क्रिकेट में 29 गेंदों पर बनाया गया सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड मैकगर्क के नाम ही है।

जायसवाल को वनडे टीम से बाहर करने से उनका आत्मविश्वास टूट सकता है: अश्विन

भारत के पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने यशस्वी जायसवाल को न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे श्रृंखला के लिए टीम से बाहर किए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे इस सलामी बल्लेबाज के आत्मविश्वास पर असर पड़ता है।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की वनडे और टेस्ट टीम की घोषणा की। जायसवाल को वनडे टीम में नहीं चुना गया जो अश्विन को नागवार गुजरा।

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘‘अगर शुभमन गिल आखिरी दो वनडे नहीं खेल रहे हैं, तो निश्चित रूप से उनकी जगह यशस्वी जायसवाल को चुना जाना चाहिए था। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि इससे उनका आत्मविश्वास टूट सकता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं शुभमन गिल और केएल राहुल की स्थिति को समझ सकता हूं। लेकिन यशस्वी जायसवाल को तो खेलने का बिल्कुल भी मौका नहीं मिल रहा है। मुझे लग रहा है कि इससे उसका आत्मविश्वास टूट रहा है। अगर आप उसकी बल्लेबाजी देखें तो वह दो-तीन साल पहले की तरह बल्लेबाजी नहीं कर रहा है।’’


अब काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं नीरज चोपड़ा, अगले साल दमदार वापसी का लक्ष्य

 दो बार के ओलंपिक पदक विजेता और विश्व चैंपियन भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने कहा कि उनके टखने की चोट अब काफी बेहतर है और वह अच्छा महसूस कर रहे हैं।

चोपड़ा ने तोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक और 2024 के पेरिस ओलंपिक में रजत पदक जीता था। इस साल अगस्त में ट्रेनिंग के दौरान टखने में चोट लगने के कारण उन्हें प्रतियोगिताओं से बाहर होना पड़ा।

इस चोट के चलते उनका मौजूदा सत्र समय से पहले समाप्त हो गया। इसके कारण उन्हें आइची-नागोया एशियाई खेलों के साथ-साथ डायमंड लीग फाइनल से भी बाहर रहना पड़ा। लेकिन अब उन्हें उम्मीद है कि वह अगले साल दमदार वापसी करेंगे।

यहां एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए चोपड़ा ने कहा, ‘‘2028 के ओलंपिक में अभी काफी समय बाकी है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘जैसा कि आप जानते हैं, मैं वापसी की राह पर हूं और टखने की चोट अब काफी हद तक ठीक है और मैं बेहतर महसूस कर रहा हूं। ’’

चोपड़ा ने कहा, ‘‘अब मेरा ध्यान अगले साल दमदार वापसी करने पर है। चोट के कारण मैं जो प्रदर्शन नहीं कर सका, वो दिखाना चाहता हूं। ’’

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए