खेल: राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच संगकारा हैं परेशान और धोनी की तरह पांच IPL खिताब जीतना चाहते है केएल राहुल
राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने कहा कि मैदान से बाहर की दो घटनाओं से टीम की छवि पर बुरा असर पड़ता है। केएल राहुल ने कहा कि उनकी दिली इच्छा महेंद्र सिंह धोनी के पांच आईपीएल खिताब की बराबरी करना है।

मैदान से इतर के विवाद टीम के लिए सकारात्मक संकेत नहीं: संगकारा
राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने कहा कि मैदान से बाहर की दो घटनाओं के लिए कप्तान रियान पराग और सहयोगी स्टाफ के एक सदस्य पर लगाए गए जुर्माने से टीम की छवि पर बुरा असर पड़ता है।
पराग पर पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान गुरुवार को ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट का सेवन करने के लिए उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। उन्हें खेल की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का दोषी पाया गया।
इससे पहले टीम मैनेजर रोमी भिंडर पर डगआउट में फोन के इस्तेमाल से संबंधित नियमों का उल्लंघन करने के लिए एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच से पहले संगकारा ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि इससे निश्चित रूप से टीम पर सकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता है, फिर चाहे वह किसी भी तरह का विवाद हो।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं बस इतना ही कह सकता हूं कि बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) और फ्रेंचाइजी ने दोनों ही मामलों पर ध्यान दिया है। जहां तक संस्कृति की बात है, हम हमेशा सकारात्मक और स्वस्थ संस्कृति बनाए रखने की कोशिश करते हैं। हमारे अपने मूल्य हैं जिनका हम पालन करते हैं। खिलाड़ियों को लगातार याद दिलाया जाता है कि वे फ्रेंचाइजी और हमारी संस्कृति और मूल्यों के प्रति जिम्मेदार रहें।’’
कंधे की चोट कारण एक महीने तक नहीं खेल पाएंगे सैंटनर
न्यूजीलैंड की सीमित ओवरों की टीम के कप्तान मिशेल सैंटनर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दौरान कंधे में लगी चोट के कारण कम से कम एक महीने तक मैदान से बाहर रहेंगे।
इस 34 वर्षीय खिलाड़ी को मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच 23 अप्रैल को खेले गए मैच के दौरान फील्डिंग करते समय बाएं कंधे में चोट लग गई थी।
न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने शुक्रवार को कहा, ‘‘सैंटनर इस सप्ताह न्यूजीलैंड लौट आए हैं और आज सुबह एक विशेषज्ञ से मिले, जिन्होंने बताया कि उन्हें कम से कम एक महीने के आराम और ‘रिहैबिलिटेशन’ की जरूरत है।’’
सैंटनर ने आईपीएल मैच के दौरान जसप्रीत बुमराह की गेंद पर सीएसके के कार्तिक शर्मा का डाइव लगाकर कैच लिया, लेकिन इस दौरान उनके कंधे और सिर में चोट लग गई। इस कारण वह आयरलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट और इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
एनजेडसी ने कहा, ‘‘दूसरे और तीसरे टेस्ट मैच के लिए उनकी उपलब्धता पर फैसला बाद में किया जाएगा।’’
धोनी की तरह पांच आईपीएल खिताब जीतना चाहता हूं: राहुल
दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने स्पष्ट किया कि खिताब के बिना व्यक्तिगत उपलब्धियों का कोई महत्व नहीं है और कहा कि उनकी दिली इच्छा महेंद्र सिंह धोनी के पांच आईपीएल खिताब की बराबरी करना है।
आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में हाल में धोनी से आगे निकलने वाले राहुल ने इस उपलब्धि को कम करके आंका और टीम को प्राथमिकता देने वाले अपने दृष्टिकोण को दोहराया।
राहुल ने जिओस्टार से कहा, ‘‘मुझे तो पता भी नहीं चला कि मैं माही भाई से आगे निकल गया हूं। व्यक्तिगत उपलब्धियां अच्छी होती हैं। इनसे भरोसा होता है कि मैं सही दिशा में आगे बढ़ रहा हूं। लेकिन मुझे सबसे ज्यादा खुशी धोनी जितनी ट्रॉफियां जीतने से होगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘क्रिकेट एक टीम खेल है। आप ट्रॉफी जीतना चाहते हैं। आप सफल टीमों का हिस्सा बनना चाहते हैं। यही हमेशा से मेरा लक्ष्य रहा है।’’
इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अपने शानदार रिकॉर्ड के बारे में भी बात की, जिसका श्रेय उन्होंने अपने घरेलू मैदान से भावनात्मक लगाव को दिया।
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में चोटिल मावी की जगह अंबरीश शामिल
सनराइजर्स हैदराबाद ने शुक्रवार को चोटिल खिलाड़ी शिवम माही की जगह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बाकी मैचों के लिए आर एस अंबरीश को अपनी टीम में शामिल किया।
आईपीएल ने एक बयान में कहा, ‘‘दाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज मावी ग्रोइन चोट के कारण इस सत्र से बाहर हो गए हैं। ’’
ऑलराउंडर अंबरीश इस साल की शुरुआत में विश्व कप जीतने वाली भारतीय अंडर-19 टीम का हिस्सा थे। वह इस टूर्नामेंट में भारतीय अंडर-19 के लिए संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी थे जिसमें उनके नाम 11 विकेट थे।
अंबरीश दाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज और बाएं हाथ के बल्लेबाज़ हैं। वह सनराइजर्स हैदराबाद में 30 लाख रुपये में शामिल होंगे।
जेसन होल्डर जीटी में संतुलन और ताकत बढ़ाते हैं: संजय बांगड़
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर संजय बांगड़ ने आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस (जीटी) की तरफ से खेल रहे वेस्टइंडीज के धाकड़ ऑलराउंडर जेसन होल्डर की जमकर तारीफ की है। बांगड़ ने होल्डर को जीटी के लिए एक अहम खिलाड़ी बताया।
बांगर ने जियोस्टार पर कहा, "उनके जैसा ऑल-राउंडर, खासकर विदेशी तेज गेंदबाज, टीम में संतुलन बढ़ाने के साथ ताकत बढ़ाता है। गेम की उनकी समझ लाइन और लेंथ पर उनके नियंत्रण में दिखती है। आपने देखा होगा कि जब कोई बल्लेबाज उन्हें हिट करने की कोशिश करता था, तो वह तुरंत एडजस्ट कर लेते थे। वह बहुत स्मार्ट क्रिकेटर हैं। पहले भी टीमों को लीड कर चुके होने के कारण, वह यह भी जानते हैं कि गेम कैसे खत्म करना है। कुल मिलाकर, जीटी के साथ उनका आना टीम के लिए बेहद फायदेमंद है।"
जेसन होल्डर को आईपीएल 2026 के लिए हुई नीलामी में जीटी ने 7 करोड़ में खरीदा था। होल्डर की गेंदबाजी और बल्लेबाजी क्षमता से टीम को संतुलन की उम्मीद थी और होल्डर पूरी तरह से उस भूमिका को निभाते दिख रहे हैं।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia