खेल: 'शायद अब रवींद्र जडेजा को वनडे टीम में न चुना जाए' और वेस्टइंडीज की जीत से भारत को पहुंचा फायदा

टीम से बाहर किए जाने पर चेतेश्वर पुजारा ने कहा कि शायद रवींद्र जडेजा के लिए अब आगे का रास्ता बंद हो गया है। वेस्टइंडीज की जीत से टीम इंडिया को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की प्वाइंट्स टेबल में फायदा पहुंचा है।

फोटो: IANS
i

'शायद अब उन्हें वनडे टीम में न चुना जाए', रवींद्र जडेजा की वापसी को लेकर बोले पुजारा

टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के भविष्य पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। जडेजा को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम में नहीं चुना गया है। भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि जडेजा के लिए अब टीम में वापसी काफी मुश्किल होगी।

पुजारा और अभिषेक नायर ने जडेजा के भविष्य को लेकर चर्चा की। भारतीय टीम के लिए अक्षर पटेल पहली पसंद के लेफ्ट-आर्म स्पिनर बन गए हैं। वनडे वर्ल्ड कप में अब बस एक साल बचा है, और विदेशी परिस्थितियों में भी भारतीय वनडे टीम में जडेजा को जगह न मिलना, उनके वर्ल्ड कप भविष्य को लेकर सवाल खड़े करता है।

टीम से बाहर किए जाने पर पुजारा ने कहा कि शायद जडेजा के लिए अब आगे का रास्ता बंद हो गया है, क्योंकि प्राथमिकता के क्रम में अक्षर पटेल उनसे आगे निकल गए हैं। पुजारा ने 'जियोस्टार' पर कहा, "मुझे ऐसा ही लगता है, क्योंकि अगर आप रवींद्र जडेजा को वनडे क्रिकेट में बनाए रखना चाहते थे, तो उनका चयन होना चाहिए था। मुझे यकीन है कि उन्हें बता दिया गया होगा कि उनका चयन शायद न हो, क्योंकि अक्षर पटेल वनडे क्रिकेट में मुख्य ऑलराउंडर बन गए हैं और उन्हें ज्यादा मौके दिए जा रहे हैं।"

पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने आगे कहा, "उनकी उम्र को देखते हुए मुझे लगता है कि टीम मैनेजमेंट ने शायद उनसे कह दिया होगा कि अब वह केवल टेस्ट क्रिकेट का हिस्सा हैं, इसलिए उन्हें उसी पर ध्यान देना चाहिए। वह उन्हें व्हाइट-बॉल क्रिकेट (वनडे और टी20) के लिए नहीं देख रहे हैं। इसी कारण यह उनके लिए अंत हो सकता है, क्योंकि जाहिर है कि वह टी20 इंटरनेशनल से पहले ही संन्यास ले चुके हैं। मुझे लगता है कि शायद अब उन्हें वनडे के लिए भी न चुना जाए।"

कगिसो रबाडा ने रचा इतिहास, टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 350 विकेट पूरे करने वाले बने गेंदबाज

साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे केपटाउन के न्यूलैंड्स में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में इतिहास रच दिया है। रबाडा टेस्ट में गेंदों के लिहाज से सबसे तेज 350 विकेट लेने वाले बॉलर बन गए हैं। 

रबाडा ने यह मुकाम 13,808 गेंद फेंककर हासिल किया है। उन्होंने इस मामले में डेल स्टेन को पीछे छोड़ा है। स्टेन ने यह उपलब्धि 14,719 गेंद फेंककर हासिल की थी। रबाडा साउथ अफ्रीका की ओर से टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट लेने वाले चौथे गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले टीम की तरफ से यह मुकाम डेल स्टेन, शॉन पोलॉक और मखाया एंटिनी ही हासिल कर सके हैं।

रबाडा ने यह मुकाम अपने 75वें टेस्ट में हासिल करते हुए वेस्टइंडीज के पूर्व गेंदबाज मैल्कम मार्शल के रिकॉर्ड की बराबरी की। मार्शल ने भी अपने टेस्ट करियर के 75वें मुकाबले में 350 विकेट पूरे किए थे। रबाडा मैचों के लिहाज से टेस्ट में सबसे तेज 350 विकेट पूरे करने वाले संयुक्त रूप से तीसरे गेंदबाज बने हैं।

रबाडा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 600 विकेट भी पूरे कर लिए हैं। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले साउथ अफ्रीका के पांचवें गेंदबाज बने हैं। उन्होंने अपने करियर के 260वें मैच में यह मुकाम हासिल किया।


डब्ल्यूटीसी प्वाइंट्स टेबल: वेस्टइंडीज की जीत से भारत को पहुंचा फायदा, बांग्लादेश का हुआ नुकसान

वेस्टइंडीज ने ढाका के शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट मैच में बांग्लादेश को 8 विकेट से हराया। वेस्टइंडीज की जीत से टीम इंडिया को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की प्वाइंट्स टेबल में फायदा पहुंचा है।  

पहले टेस्ट में हार के साथ ही बांग्लादेश अब डब्ल्यूटीसी की प्वाइंट्स टेबल में पांचवें नंबर पर खिसक गया है। टीम को एक पायदान का नुकसान झेलना पड़ा है। वहीं, बांग्लादेश की हार के बाद भारतीय टीम एक स्थान ऊपर चढ़कर पांचवें से चौथे नंबर पर आ गया है। भारत का जीत प्रतिशत 51.52 है। बांग्लादेश का जीत प्रतिशत अब 47.62 हो गया है। वहीं, जीत के बावजूद वेस्टइंडीज आठवें पायदान पर बना हुआ है।

कैरेबियाई टीम का जीत प्रतिशत 26.92 हो गया है। ऑस्ट्रेलिया की डब्ल्यूटीसी की प्वाइंट्स टेबल में बादशाहत बरकरार है। कंगारू टीम का जीत प्रतिशत 75 है जबकि न्यूजीलैंड 72.22 के जीत प्रतिशत के साथ टेबल में दूसरे स्थान पर काबिज है। साउथ अफ्रीका 66.67 के जीत प्रतिशत के साथ तीसरे नंबर पर मौजूद है।

जुरेल के 99, पडिक्कल के 80 से भारत ए के सात विकेट पर 291 रन

 कप्तान ध्रुव जुरेल के नाबाद 99 रन और देवदत्त पडिक्कल के 80 रन की मदद से भारत ए ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ चार दिवसीय मैच के पहले दिन शनिवार को सात विकेट पर 291 रन बनाये । जुरेल 155 गेंद में 99 रन बनाकर और आकाश दीप 25 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं । दोनों अभी तक आठवें विकेट की साझेदारी में 69 रन जोड़ चुके हैं ।

लंच के समय भारत ए का स्कोर एक विकेट पर 87 रन था । यशस्वी जायसवाल को पहले ओवर की चौथी गेंद पर तेज गेंदबाज फ्रेजर शीट ने पगबाधा आउट किया । लंच के बाद पहले ओवर में साइ सुदर्शन (41) आउट हो गए जिन्हें तेज गेंदबाज जेरोड मैकी ने विकेट के पीछे मिचेल हे के हाथों लपकवाया ।

पडिक्कल ने दूसरा छोर संभालकर 101 गेंद में अर्धशतक पूरा किया । भारत का स्कोर एक समय दो विकेट पर 131 रन था लेकिन न्यूजीलैंड ने सात रन के भीतर तीन विकेट चटकाये ।

यश राठौड़ (13) पहले आउट हुए और उनके बाद पडिक्कल का विकेट गिरा । रविचंद्रन स्मरण को शीट ने पगबाधा आउट किया । वॉशिंगटन सुंदर को भी शीट ने ही पवेलियन भेजा ।

जुरेल और मानव सुतार (22) ने सातवें विकेट के लिये 62 रन की साझेदारी की । जुरेल ने 93 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया ।


किंग की नाबाद अर्धशतकीय पारी से वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश को आठ विकेट से हराया

 सलामी बल्लेबाज ब्रैंडन किंग के नाबाद 81 रन की मदद से वेस्टइंडीज ने शनिवार को पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में बांग्लादेश को आठ विकेट से शिकस्त देकर दो मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली।

बांग्लादेश की दूसरी पारी 142 रन पर सिमट गई जिससे वेस्टइंडीज को जीत के लिए 170 रन का लक्ष्य मिला जिसे उसने दो विकेट गंवाकर हासिल कर ली।

कैरेबियाई स्पिनरों के सामने बांग्लादेश के बल्लेबाज टिक नहीं सके और उसने अपने आखिरी नौ विकेट गंवाकर केवल 169 रन की बढ़त हासिल की।

कप्तान रोस्टन चेज ने अपनी चतुराई भरी ऑफ स्पिन गेंदबाजी से 36 रन देकर पांच विकेट झटके। पहली पारी में 53 रन देकर पांच विकेट लेने वाले बाएं हाथ के स्पिनर जोमेल वारिकन ने दूसरी पारी में भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 63 रन देकर चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।

चौथे दिन खराब होती पिच पर खराब रोशनी, बारिश और बिजली चमकने के कारण खेल कई बार बाधित हुआ। इसके बावजूद वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज जॉन कैंपबेल और किंग ने स्पिनरों के खिलाफ रक्षात्मक रवैया अपनाने के बजाय आक्रामक बल्लेबाजी की।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ