खेल: रिंकू सिंह ने विराट-रोहित को लेकर किया बड़ा दावा और जसपाल राणा को याद करके भावुक हुई मनु भाकर

रिंकू सिंह ने कहा, "विराट और रोहित दोनों ही दिग्गज हैं।" पदक नहीं जीत पाने के बावजूद मनु भाकर ने खुद को संभाले रखा था लेकिन जैसे ही जसपाल राणा का नाम सामने आया, वह अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाईं।

फोटो: IANS
i

पूरे देश को उम्मीद है कि विराट-रोहित भारत के लिए वनडे विश्व कप 2027 जीतेंगे : रिंकू सिंह

रिंकू सिंह ने उम्मीद जताई है कि अनुभवी दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा वनडे विश्व कप 2027 में खेलेंगे और भारत को यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी जिताने में मदद करेंगे। इसके साथ ही रिंकू ने कहा कि वह टेस्ट कैप हासिल करके सिर्फ एक फॉर्मेट का खिलाड़ी होने की अपनी छवि को बदलना चाहते हैं। 

भारत के लिए अब दो वनडे और 48 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके रिंकू इस साल की शुरुआत में घरेलू मैदान पर भारत की टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। 'जियोस्टार' से बात करते हुए रिंकू ने कहा, "विराट और रोहित दोनों ही दिग्गज हैं। सिर्फ मुझे ही नहीं बल्कि पूरे देश को उम्मीद है कि वह वर्ल्ड कप में खेलेंगे और उस टीम का हिस्सा होंगे जो इसे जीतेगी।"

रिंकू ने कहा, "यह पूरे देश के लिए एक बहुत बड़ा पल होगा, क्योंकि कौन जानता है, यह उनका आखिरी वर्ल्ड कप हो सकता है। इसी वजह से अगर वह भारत के लिए इसे जीत सकें तो यह बहुत बड़ी बात होगी। यह उनके लिए भी बहुत बड़ी बात होगी, क्योंकि हमने लंबे समय से वर्ल्ड कप नहीं जीता है। हमने आखिरी बार इसे 2011 में जीता था। हमें उम्मीद है कि वह दोनों टीम के साथ होंगे और वे ट्रॉफी उठाएंगे।"

पदक चूकने के बाद जसपाल राणा को याद करके भावुक हुई मनु भाकर

पदक नहीं जीत पाने के बावजूद मनु भाकर ने खुद को संभाले रखा था लेकिन जैसे ही जसपाल राणा का नाम सामने आया, वह अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाई और उन्हें उस दिग्गज से मिली करियर और जिंदगी से जुड़ी सीखें याद आ गईं ।

महान निशानेबाज और कोच जसपाल राणा का कुछ महीने पहले दिल की बीमारी से निधन हो गया था।

मनु एशियाई खेलों में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में बुधवार को पांचवें स्थान पर रही । पिछले कुछ महीने उनके लिये कठिन थे जिसमें उन्होंने अपने कोच राणा को खोया ।

पदक चूकने के बाद राणा के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा ,‘‘अगर बीता पूरा सफर याद करूं तो आप एक या दो चीजें याद नहीं रखते । वह सदैव आपकी यादों में रहते हैं । जब कोई व्यक्ति आपके जीवन का अहम हिस्सा हो तो आप भुला नहीं सकते ।’’

राणा के कोच रहते मनु ने पेरिस ओलंपिक 2024 में दो कांस्य पदक जीते थे ।


एशियाई खेल: चीन से 1-3 से हारकर भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम को कांस्य

लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी अपने से बेहतर रैंकिंग वाले प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके जिससे भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम को बुधवार को यहां एशियाई खेलों के सेमीफाइनल में चीन के हाथों 1-3 से हार के बाद कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

भारत ने 2023 में हांगझोउ में हुए पिछले एशियाई खेलों में रजत पदक जीता था। तब भी भारतीय टीम को फाइनल में चीन के खिलाफ ही हार का सामना करना पड़ा था।

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ही भारत की ओर से एकमात्र जीत दर्ज कर सकी।

भारत के सेमीफाइनल तक के सफर के दौरान शानदार प्रदर्शन करने वाले दुनिया के 14वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सके और पहले एकल मुकाबले में दुनिया के छठे नंबर के खिलाड़ी शी यू कि के खिलाफ 16-21, 18-21 से हार गए जिससे भारत 0-1 से पिछड़ गया।

अंडर-19 वनडे सीरीज: तीसरे मुकाबले में कप्तान लक्ष्य का शतक, ऑस्ट्रेलिया की 6 विकेट से हार, भारत ने 3-0 से 'क्लीन स्वीप' किया  

भारत की अंडर-19 टीम ने बुधवार को निरंजन शाह स्टेडियम में खेले गए तीसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ 6 विकेट से जीत हासिल की। इसी के साथ मेजबान टीम ने अनाधिकारिक सीरीज में 3-0 से 'क्लीन स्वीप' कर लिया है।

भारतीय टीम ने सीरीज का पहला मैच 7 रन से जीता था। बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में 30-30 ओवरों की कटौती हुई थी। इसके बाद भारत की अंडर-19 टीम ने सीरीज का दूसरा मैच 103 रन से अपने नाम किया। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया खेमे के पास अंतिम मैच जीतकर सम्मान बचाने का मौका था, लेकिन मेहमान टीम इसमें नाकाम रही।


एशियन गेम्स 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम का दमदार प्रदर्शन जारी, थाईलैंड को 20-1 से रौंदा  

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। बुधवार को गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में पूल बी के मैच में भारत ने थाईलैंड को 20-1 से रौंदते हुए एक और बड़ी जीत हासिल की।

इस जीत के साथ ही भारत का टूर्नामेंट में अजेय रिकॉर्ड बरकरार है और स्योर्ड मारिजने की कोचिंग वाली टीम पूल स्टैंडिंग में मजबूती से शीर्ष पर बनी हुई है। यह भारत की लगातार तीसरी जीत है। इससे पहले भारतीय टीम ने उज्बेकिस्तान को 19-0 और फिर इंडोनेशिया को 17-1 के बड़े अंतर से शिकस्त दी थी।

थाईलैंड के खिलाफ दीपिका का प्रदर्शन शानदार रहा और उन्होंने मैच में कुल 9 गोल दागे। फॉरवर्ड और ड्रैग-फ्लिक स्पेशलिस्ट दीपिका ने अपने सभी 9 गोल पेनल्टी कॉर्नर से किए, जिससे बार-बार यह साफ हुआ कि थाईलैंड को भारत के सेट-पीस अटैक का सामना करने में कितनी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए