खेल: ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट पीते हुए पकड़े गए रियान पराग और दिग्गज भारतीय गोल्फर विजय कुमार का निधन
रियान पराग पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के सीधा प्रसारण के दौरान ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट का सेवन करते हुए देखे गए।अपने जमाने के दिग्गज भारतीय गोल्फर विजय कुमार का उनके गृह नगर लखनऊ में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 57 वर्ष के थे।
ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट पीते हुए पकड़े जाने पर रियान पराग विवादों से घिरे
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग मंगलवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुल्लांपुर में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में ‘वेपिंग’ (ई-सिगरेट का इस्तेमाल करना) करते हुए टीवी कैमरों में कैद होने के बाद विवादों में घिर गए हैं।
भारत सरकार ने 2019 में ई-सिगरेट पर प्रतिबंध लगा दिया था, जिसमें इसका उत्पादन, बिक्री और वितरण शामिल था। इस संबंध में कानून के अनुसार पहली बार अपराध करने पर दोषी को एक साल तक की कैद हो सकती है या/और उस पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया सकता है।
आईपीएल के मौजूदा सत्र में रन बनाने के लिए जूझ रहे पराग पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के सीधा प्रसारण के दौरान ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट का सेवन करते हुए देखे गए।
कैमरे में कैद हुई इस घटना पर सोशल मीडिया पर तुरंत ही प्रतिक्रिया होने लगी। पराग ने अपनी टीम की जीत में 16 गेंदों में 29 रन बनाए थे।
इस प्रतियोगिता के संचालन से जुड़े आईपीएल और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अधिकारियों ने इसे सोशल मीडिया और टीवी कैमरों की निगरानी के युग में बेहद लापरवाही वाला कृत्य करार दिया।
हमने वास्तविकता का सामना किया, लेकिन पहली हार के बाद हताश नहीं हैं: होप्स
पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाजी कोच जेम्स होप्स ने कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मौजूदा सत्र में उनकी टीम की पहली हार से उसे वास्तविकता का पता चला लेकिन स्पष्ट किया कि इससे टीम के अंदर किसी तरह की निराशा नहीं है।
तालिका में शीर्ष पर काबिज पंजाब किंग्स को मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स से छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच से पहले वह प्रतियोगिता की एकमात्र अजेय टीम थी।
होप्स ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘यह वास्तविकता का सामना करने जैसा है। हम शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। हम मैच जीत रहे हैं और यह बहुत अच्छा है। हर कोई खुश है और माहौल अब भी बहुत अच्छा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह हमारा आठवां मैच था और यह हमारी पहली हार है। हमारे ड्रेसिंग रूम में किसी तरह की निराशा का माहौल नहीं है।’’
पंजाब किंग्स का अगला मैच रविवार को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस से होगा और होप्स ने कहा कि उनका ध्यान छोटी-मोटी कमियों को दूर करने पर होगा।
श्रीलंका क्रिकेट के अध्यक्ष और कार्यकारी समिति के सदस्यों ने इस्तीफा दिया
श्रीलंका क्रिकेट के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने बोर्ड की एग्जीक्यूटिव कमेटी (कार्यकारी समिति) के सदस्यों के साथ तुरंत प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके को आधिकारिक रूप से इस्तीफों की जानकारी दे दी गई है।
बुधवार को श्रीलंका क्रिकेट की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, "यह फैसला औपचारिक रूप से राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके और युवा मामले और खेल मंत्री, सुनील कुमारा गमागे को बता दिया गया है।"
65 साल के सिल्वा 2019 से श्रीलंका क्रिकेट के अध्यक्ष थे। उन्हें 2021, 2023 और 2025 में बिना किसी विरोध के श्रीलंका क्रिकेट के अध्यक्ष के रूप में चुना गया था। सिल्वा का इस्तीफा राष्ट्रीय पुरुष टीम के प्रदर्शन में गिरावट और कुप्रबंधन के आरोपों की बढ़ती आलोचना के बीच आया है। श्रीलंका इस साल के टी20 विश्व कप के सुपर आठ स्टेज तक पहुंचने में नाकाम रहा था।
दिग्गज भारतीय गोल्फर विजय कुमार का निधन
अपने जमाने के दिग्गज भारतीय गोल्फर विजय कुमार का उनके गृह नगर लखनऊ में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 57 वर्ष के थे।
इंडियन ओपन 2002 के विजेता और चार बार के ‘ऑर्डर ऑफ मेरिट’ चैंपियन विजय भारतीय पेशेवर गोल्फ के सबसे सफल और सम्मानित खिलाड़ियों में से एक थे।
विजय ने 1988 में पेशेवर गोल्फर के रूप में करियर शुरू किया। उन्होंने एक दशक से भी अधिक समय तक भारतीय घरेलू गोल्फ पर अपना दबदबा बनाए रखा और इस दौरान कई खिताब जीते।
इंडियन ओपन 2002 में उनकी जीत विशेष रूप से उल्लेखनीय है। वह इंडियन ओपन जीतने वाले नौ भारतीय गोल्फरों में से एक हैं। विजय ने 1999 में स्कॉटलैंड के सेंट एंड्रयूज में अल्फ्रेड डनहिल कप में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
‘डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया’ के अध्यक्ष कपिल देव ने विजय कुमार के निधन को भारतीय गोल्फ के लिए बड़ी क्षति बताया।
कोठारी ने आडवाणी को हराकर विश्व बिलियर्ड्स खिताब बरकरार रखा
भारत के सौरव कोठारी ने यहां एकतरफा फाइनल में हमवतन पंकज आडवाणी को हराकर आईबीएसएफ विश्व बिलियर्ड्स चैंपियनशिप का खिताब बरकरार रखा।
कोलकाता के खिलाड़ी ने तीन घंटे तक चले फाइनल में 19 बार के चैंपियन आडवाणी को 1133-477 से हराया।
कोठारी ने लगातार अच्छे ब्रेक बनाए। उन्होंने 485, 121, 90, 241 और 155 के ब्रेक बनाकर अपनी जीत सुनिश्चित की।
कोठारी ने फाइनल के बाद अपनी जीत को अपने पिताजी मनोज कोठारी को समर्पित किया जिनका इस साल के शुरू में निधन हो गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने पिताजी के लिए इस प्रतियोगिता को दोबारा जीतना चाहता था। यह जीत मैं अपने पिताजी को समर्पित करता हूं।’’
कोठारी ने कहा, ‘‘विश्व खिताब जीतना वाकई अविश्वसनीय लगता है और उसका बचाव करना तो और भी खास है।’’
आडवाणी ने शुरू में 141 का ब्रेक बनाया लेकिन कोठारी ने 485 के साथ उसका करारा जवाब दिया। इसके बाद उन्होंने 121 और 90 के ब्रेक बनाकर आडवाणी को मुकाबले से बाहर कर दिया।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia