खेल: रोहित और हार्दिक अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज खेलेंगे और आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से सिराज बाहर

रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या को अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए फिट घोषित कर दिया गया है। आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरों के लिए सिराज की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया गया है।

रोहित और हार्दिक अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज खेलेंगे
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज खेलेंगे, सीओई से मिली हरी झंडी

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए फिट घोषित कर दिया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) ने दोनों खिलाड़ियों को फिट घोषित किया है।

फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद रोहित और हार्दिक का अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज खेलना तय हो गया है। पांड्या पीठ में ऐंठन से जूझ रहे थे। इस वजह से आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए कुछ मैच नहीं खेल पाए थे। उन्हें उनके फिटनेस रूटीन के लिए बैंगलोर में सीओई भेजा गया था। रोहित शर्मा को भी आईपीएल 2026 के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। दोनों सीओई में रिकवरी की प्रक्रिया से गुजर रहे थे, जहां मंगलवार को उन्हें फिट घोषित किया गया।

रोहित और पांड्या दोनों ही अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा थे, लेकिन इनका खेलना फिटनेस टेस्ट पास करने पर निर्भर था। दोनों दिग्गज खिलाड़ी अब अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज में खेलते दिखेंगे।

मोहम्मद सिराज को आराम की सलाह, आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए कृष्णा टीम में शामिल

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को बताया कि मोहम्मद सिराज को काम के बोझ के प्रबंधन के तहत आराम दिया गया है और आयरलैंड तथा इंग्लैंड के दौरों के लिए उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया गया है।

बीसीसीआई ने इस कदम को ‘एहतियाती उपाय’ बताया है जिससे कि लंबे अंतरराष्ट्रीय सत्र से पहले वह पूरी तरह से उबर सकें।

सिराज को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ क्रमशः दो और पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में चुना गया था लेकिन जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए वह टीम का हिस्सा नहीं थे।

बीसीसीआई ने बयान में कहा, ‘‘तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली आगामी टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए भारत की टीम से हटा दिया गया है।’’

बयान के अनुसार, ‘‘बीसीसीआई की मेडिकल टीम और टीम प्रबंधन के बीच चर्चा के बाद सिराज को उनके काम के बोझ के प्रबंधन के तहत आराम करने की सलाह दी गई है।’’

बीसीसीआई ने कहा, ‘‘यह फैसला एहतियाती उपाय के तौर पर लिया गया है जिससे कि लंबे अंतरराष्ट्रीय सत्र से पहले उन्हें ठीक होने का पूरा समय मिल सके। पुरुष चयन समिति ने दोनों टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए सिराज की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया है।’’


वनडे विश्व कप जीत से बढ़ा आत्मविश्वास, टी20 खिताब के लिए हैं तैयार हैं: जेमिमा

भारत की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स का मानना है कि पिछले वर्ष महिला एकदिवसीय विश्व कप जीतने के बाद भारतीय टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है और इसी वजह से आगामी महिला टी20 विश्व कप में भारत खिताब जीतने का प्रबल दावेदार है।

महिला टी20 विश्व कप 12 जून से इंग्लैंड में शुरू हो रहा है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत रविवार को बर्मिंघम में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से करेगी। पिछली बार 2024 में संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित विश्व कप के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर न्यूजीलैंड चैंपियन बना था।

भारत को ग्रुप-ए में ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स के साथ रखा गया है। इस ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।

जेमिमा ने ‘जियोस्टार’ के ‘चैंपियंस हडल’ कार्यक्रम में कहा, ‘‘हर कोई उसकी (एकदिवसीय विश्व कप जीत) सफलता का हिस्सा था। सभी जानते हैं कि दबाव कैसा होता है और हर कोई यह भी जानता है कि हमने एक बार यह कर दिखाया है और दोबारा भी कर सकते हैं। सभी में यह भरोसा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एक बार खिताब जीतने के बाद टीम की भूख और बढ़ जाती है तथा अब लक्ष्य सिर्फ एक नहीं, बल्कि कई ट्रॉफियां जीतना है। हम जहां भी जाते हैं, हमारे प्रशंसक हमारा भरपूर समर्थन करते हैं और खिलाड़ियों को हमेशा घर जैसा माहौल मिलता है। इसी वजह से मुझे पूरा विश्वास है कि भारत इस विश्व कप का मजबूत दावेदार है।’’

आईसीसी रैंकिंग: 'नंबर-1' ऑलराउंडर बनीं अमेलिया केर, टॉप-10 में हरमनप्रीत कौर की वापसी

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने मंगलवार को महिलाओं की ताजा रैंकिंग जारी की है, जिसमें न्यूजीलैंड की स्टार अमेलिया केर ने टी20 ऑलराउंडर्स की लिस्ट में एक बार फिर शीर्ष स्थान अपने नाम कर लिया है। 

अमेलिया टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने से कुछ दिन पहले ही केर टॉप पोजीशन पर लौटी हैं, जबकि वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज दूसरे नंबर पर खिसक गई हैं, जो आयरलैंड में हाल ही में हुई ट्राई-सीरीज के आखिरी मैच में नहीं खेली थीं।

न्यूजीलैंड की कप्तान के टॉप पर पहुंचने के बावजूद, ऑलराउंडर चार्ट में टॉप पर रहने की होड़ कड़ी बनी हुई है। केर के पास सिर्फ 5 रेटिंग प्वाइंट्स की बढ़त है। दोनों प्रभावशाली कप्तान 12 जून से शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में अपनी-अपनी पोजीशन के लिए मुकाबला करेंगी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की जॉर्जिया वोल और बेथ मूनी बल्लेबाजों की रैंकिंग में टॉप-2 में बनी हुई हैं।

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अपनी रैंकिंग में एक स्थान का सुधार किया है। टॉनटन में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के निर्णायक मैच में नाबाद अर्धशतक लगाने के बाद कौर ने टॉप 10 में वापसी की है। सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाली इंग्लैंड की खिलाड़ियों को भी फायदा हुआ है। एलिस कैप्सी, जो सीरीज के निर्णायक मैच में 82 रनों की शानदार पारी खेलकर 'प्लेयर ऑफ द मैच' बनी थीं, टी20 बल्लेबाजों की लिस्ट में 13 स्थान ऊपर चढ़कर 30वें नंबर पर पहुंच गई हैं।


कोहली से प्रेरित अर्जेंटीना की योगासन स्टार नाबिला स्वदेश में इस खेल के चमकने की उम्मीद कर रही

 लियोनेल मेस्सी के फुटबॉल के दीवाने देश से हजारों किलोमीटर दूर पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप में अर्जेंटीना की एकमात्र खिलाड़ी नाबिला ने एक दिग्गज भारतीय खिलाड़ी से प्रेरणा ली और प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया।

अहमदाबाद में हुई चैंपियनशिप में पांच पदक जीतने वाली नाबिला ने कहा कि भारत के क्रिकेट सुपरस्टार विराट कोहली उनके लिए प्रेरणा का स्रोत रहे हैं क्योंकि उन्होंने अपने देश का नाम दुनिया भर में रोशन किया है।

नाबिला ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘वह (कोहली) यहां भारत में एक स्टार हैं और उन्होंने दुनिया भर में हर जगह देश का नाम सुर्खियों में ला दिया है। मैं उनके करियर के बारे में सोचती हूं क्योंकि वह सच में बहुत मेहनती हैं और उन्होंने आपके देश को इस मुकाम पर पहुंचाया है। यह बहुत मायने रखता है इसलिए मैं उनसे प्रेरणा लेने की कोशिश करती हूं।’’

जिस देश में योगासन का जन्म हुआ वहां मुकाबला करते हुए नाबिला ने माना कि वह बिना किसी बड़ी उम्मीद के आई थीं जिससे उनका पांच पदक जीतना और भी खास हो गया।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए यह सच में हैरानी की बात थी क्योंकि यहां आते समय मुझे इतने सारे पदक जीतने की उम्मीद नहीं थी। बेशक, भारत ही वह जगह है जहां से इस खेल की शुरुआत हुई। मुझे उम्मीद थी कि वे ही पहला स्थान हासिल करेंगे। लेकिन उनके इतने करीब पहुंचना मेरे लिए बहुत खुशी की बात है।’’

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia