मुंबई इंडियंस की कप्तानी से पीछे हटना चाहते थे रोहित शर्मा, फिर ऐसे बदला मन

रोहित ने मुंबई इंडियंस की ओर से जारी एक वीडियो में कहा, ‘‘शुरुआत में मेरा ईमानदारी से यही विचार था कि मैं अभी इसके लिए तैयार नहीं हूं। मुझे इस बारे में दोबारा सोचने की जरूरत थी क्योंकि पिछले कुछ समय में काफी कुछ हुआ था।’’

रोहित शर्मा की होस्टिंग के मुरीद हुए सितारें
i

रोहित शर्मा ने खुलासा किया है कि आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद फ्रेंचाइजी ने उनसे कप्तानी संभालने के लिए संपर्क किया था और काफी सोच-विचार के बाद उन्होंने पांच बार की चैंपियन टीम को जरूरी दिशा देने की जिम्मेदारी स्वीकार की।

मुंबई इंडियंस ने आखिरी बार 2020 में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) खिताब जीता था। तब रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम ने पांचवीं बार यह ट्रॉफी अपने नाम की थी।

2024 सत्र से पहले हार्दिक पंड्या को रोहित की जगह टीम का कप्तान बनाया गया था, लेकिन यह फैसला कारगर साबित नहीं हुआ।

रोहित ने मुंबई इंडियंस की ओर से जारी एक वीडियो में कहा, ‘‘शुरुआत में मेरा ईमानदारी से यही विचार था कि मैं अभी इसके लिए तैयार नहीं हूं। मुझे इस बारे में दोबारा सोचने की जरूरत थी क्योंकि पिछले कुछ समय में काफी कुछ हुआ था।’’

वह आईपीएल 2026 में टीम के नौवें स्थान पर रहने के बाद टीम के मालिक आकाश अंबानी के साथ हुई बातचीत का जिक्र कर रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं यह नहीं कह रहा कि इस टीम को कप्तान के रूप में मेरी जरूरत है। लेकिन इस समय टीम को एक दिशा की जरूरत है। अगर वह दिशा मैं दे सकता हूं तो मुझे टीम को आगे ले जाने में खुशी होगी। मैं घर गया और इस बारे में सोचा। मैंने समझने की कोशिश की कि मैं क्या कर सकता हूं और क्या नहीं। क्या मैं दोबारा इस टीम की कप्तानी कर सकता हूं या नहीं। मैंने इन सभी पहलुओं पर विचार किया।’’


रोहित ने कहा, ‘‘कई चीजों पर सोचने के बाद मुझे अहसास हुआ कि यह वही टीम है, जिसे मैंने बनाया है। आपने 10 साल तक इसकी कप्तानी की है। मुझे लगा कि अब इस चुनौती को दोबारा स्वीकार करने का समय आ गया है। ’’

रोहित को फिलहाल अगले सत्र के लिए टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। विश्व कप विजेता कप्तान ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए मैदान पर अपने खेल का आनंद लेना जरूरी है।

उन्होंने कहा, ‘‘निराशा इस बात की नहीं थी कि हम प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए। निराशा इस बात की थी कि हम अच्छा क्रिकेट नहीं खेल रहे थे। खिलाड़ियों को जो जिम्मेदारियां दी गई थीं, वे उन्हें ठीक से नहीं निभा पा रहे थे। ’’

रोहित ने कहा, ‘‘जब आप हार रहे होते हैं और टीम के पक्ष में लय नहीं होती तो ऐसा होना स्वाभाविक है। दूसरी टीम अच्छा खेल रही होती हैं और आप पर ज्यादा दबाव बनाकर उसका फायदा उठाती हैं। हम उस दबाव का जवाब नहीं दे पा रहे थे। इसमें एक या दो खिलाड़ी नहीं, बल्कि पूरी मुंबई इंडियंस टीम नाकाम रही। ’’

रोहित लंबे समय से अपने साथी रहे कीरोन पोलार्ड के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं जिन्हें टीम का मुख्य कोच बनाया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘पोलार्ड मुंबई इंडियंस के दिग्गज खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने कई वर्षों तक मुश्किल परिस्थितियों में टीम को संभाला है। वह पिछले कुछ वर्षों से बल्लेबाजी कोच के रूप में भी काम कर रहे हैं इसलिए उन्हें टीम की परिस्थितियों, इसकी संस्कृति और मुंबई इंडियंस के लिए खेलने के महत्व की अच्छी समझ है। ’’


रोहित ने कहा, ‘‘जब मैं कप्तान था तो वह उपकप्तान थे। मैं कई बार उनसे सलाह लेता था और हमने इन मुद्दों पर काफी बातचीत की है। मैं उन्हें मुख्य कोच या किसी खास पद पर बैठे व्यक्ति के रूप में देखने के बजाय एक दोस्त के रूप में देखना चाहूंगा। ’’

अगला साल रोहित के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर का आखिरी साल हो सकता है। वहीं, 2027 आईपीएल के बाद मेगा नीलामी भी होनी है। हालांकि, 39 वर्षीय रोहित फिलहाल भविष्य को लेकर ज्यादा दूर की नहीं सोच रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘यह निश्चित रूप से काफी रोमांचक साल होने वाला है। लेकिन मैं अभी बहुत आगे के बारे में नहीं सोचना चाहता। मेरे सामने जो भी चुनौती आएगी, मैं पहले उस पर ध्यान दूंगा और फिर आगे बढ़ता रहूंगा। मैंने अपनी जिंदगी में हमेशा यही किया है।’’

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए