खेल: देश के लिए ODI विश्व कप 2027 जीतना चाहते हैं रोहित शर्मा और PSL में नहीं खेलेंगे अफगानी खिलाड़ी!
रोहित शर्मा ने बुधवार को एक आईसीसी इवेंट में कहा, "वह सिर्फ वनडे विश्व कप 2027 खेलना नहीं चाहते हैं, बल्कि ट्रॉफी उठाने के लिए बेताब हैं।" अफगानिस्तान के खिलाड़ियों ने पीएसएल के 11वें चरण से पहले हुई खिलाड़ियों की नीलामी से अपने नाम वापस ले लिए।

वनडे विश्व कप 2027 सिर्फ खेलना नहीं, देश के लिए जीतना चाहता हूं: रोहित शर्मा
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को टी20 विश्व कप 2024 और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब दिलाया, लेकिन उनके दिल में विश्व कप 2023 का खिताब न जीत पाने का गम अभी भी जिंदा है। रोहित उस कसक को मिटाने के लिए अगला वनडे विश्व कप खेलने और जीतने के प्रति दृढ़संकल्पित हैं।
रोहित शर्मा ने बुधवार को एक आईसीसी इवेंट में कहा, "वह सिर्फ वनडे विश्व कप 2027 खेलना नहीं चाहते हैं, बल्कि 2023 में अहमदाबाद में फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हारने वाली ट्रॉफी उठाने के लिए बेताब हैं।"
पूर्व कप्तान ने कहा, "मैं 50-ओवर का विश्व कप देखते हुए बड़ा हुआ हूं। उस समय कोई टी20 विश्व कप नहीं था, कोई आईपीएल नहीं था। वह क्रिकेट का सबसे ऊंचा स्तर था, जो हर चार साल में होता था। इसलिए, बेताबी थी। उस एक ट्रॉफी का इतना ज्यादा बोझ था। मैं सच में वह ट्रॉफी चाहता हूं, इसलिए मैं कड़ी मेहनत करने और उसे पाने के लिए अपनी पूरी ताकत और काबिलियत से सब कुछ करने की कोशिश करूंगा। मैं वहां जाकर अपने देश के लिए विश्व कप जीतना चाहता हूं।"
टी20 और टेस्ट फॉर्मेट से संन्यास ले चुके रोहित शर्मा की उम्र और फिटनेस की वजह से 2027 विश्व कप में खेलने को लेकर सवाल था। पिछले 6 महीने में रोहित ने अपनी फिटनेस पर काम किया और अपना वजन कम किया है। साथ ही उनकी बल्लेबाजी में भी जोरदार बदलाव दिखा है। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में उनका बल्ला बेशक नहीं चला था, लेकिन ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रोहित ने अपनी बल्लेबाजी से रोमांचित किया था। फिटनेस और फॉर्म के प्रति रोहित की सजगता देखते हुए विश्व कप 2027 को लेकर उनके समर्पण का अंदाजा लगाया जा सकता है।
दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान मैच विश्व कप इतिहास के श्रेष्ठ मैचों में से एक था: इरफान पठान
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने बुधवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच हुए मुकाबले को विश्व कप इतिहास के श्रेष्ठ मैचों में से एक बताया।
इरफान पठान ने जियोहॉटस्टार पर कहा, "यह इस विश्व कप के सबसे अच्छे मैचों में से एक था, इसमें कोई शक नहीं। असल में, यह विश्व कप इतिहास के सबसे अच्छे मैचों में से एक था, आसानी से शीर्ष पांच में। दो सुपर ओवर और पूरे समय जबरदस्त ड्रामा। नो-बॉल, फ्री हिट, रन-आउट, मिस्ड यॉर्कर, सब कुछ था जो आप चाह सकते थे।"
पठान ने कहा, "गेंदबाजों ने दबाव में यॉर्कर फेंकने की कोशिश की और चूक गए, जो सबके साथ होता है। जब उन्होंने पेस का इस्तेमाल किया, तो उन्होंने रन बनाए। जब उन्होंने धीमी गेंद फेंकी, तो उन्होंने मुश्किल खड़ी की और विकेट लिए। दूसरे सुपर ओवर में केशव महाराज की आखिरी गेंद बहुत बढ़िया थी। वह गुरबाज से दूर रहे, वाइड लाइन पर गेंदबाजी की, और पहले वाइड गेंद फेंकने के बाद खुद को संभाला। इससे उनकी क्लास का पता चलता है। सच में एक रोमांचक मुकाबला था।"
साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच मैच रोमांचक रहा था। टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 187 रन बनाए थे। अफगानिस्तान भी 19.4 ओवर में 187 रन पर सिमट गई। इसके बाद पहला सुपर ओवर हुआ जिसमें अफगानिस्तान ने 17 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के ट्रिस्टन स्टब्स ने ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर स्कोर 17 कर दिया। इसके बाद दूसरा सुपर ओवर हुआ। इसमें दक्षिण अफ्रीका ने पहले खेलते हुए 23 रन बनाए।
मेंडिस, रत्नायके और शनाका के अर्धशतक, श्रीलंका की बड़ी जीत
कप्तान दासुन शनाका सहित तीन बल्लेबाजों के अर्धशतक और बाद में धारदार गेंदबाजी की मदद से श्रीलंका ने टी20 विश्व कप के ग्रुप बी के मैच में गुरुवार को यहां ओमान को 105 रन से करारी शिकस्त देकर सुपर आठ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को मजबूत किया ।
कुसल मेंडिस (45 गेंद पर 61 रन), पवन रत्नायके (28 गेंद पर 60) और शनाका (20 गेंद पर 50) ने अर्धशतक जमाए और ओमान के कमजोर गेंदबाजी आक्रमण के धुर्रे उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। श्रीलंका ने इनके शानदार प्रदर्शन की मदद से पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद पांच विकेट पर 225 रन का मजबूत स्कोर बनाया।
ओमान के बल्लेबाजों के पास श्रीलंका के तेज और स्पिन आक्रमण का कोई जवाब नहीं था और उसकी टीम नौ विकेट पर 120 रन ही बना सकी। उसकी तरफ से केवल मोहम्मद नदीम ही संघर्ष कर पाए जिन्होंने 56 गेंद पर नाबाद 52 रन बनाए। श्रीलंका की तरफ से दुष्मंत चामीरा और महीश तीक्षणा ने दो दो विकेट लिए।
श्रीलंका की यह लगातार दूसरी जीत है जिससे वह चार अंक लेकर ग्रुप बी में शीर्ष पर पहुंच गया है। ओमान को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा।
इससे पहले श्रीलंका के बल्लेबाजों ने अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाकर बड़ी जीत की नींव रखी। जितेन रामानंदी ओमान के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 41 रन देकर दो विकेट लिए।
अफगानिस्तान के खिलाड़ियों ने पीएसएल नीलामी से नाम वापस लिए
अफगानिस्तान के खिलाड़ियों ने पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के 11वें चरण से पहले हुई खिलाड़ियों की नीलामी से अपने नाम वापस ले लिए।
पीएसएल में यह नीलामी पहली बार कराई गई थी। एक फ्रेंचाइजी के मालिक ने शुरू में पुष्टि की थी कि मुजीबुर रहमान, सेद्दीकुल्लाह अटल, मुहम्मद नबी, वकार सलामखेल, फजल हक फारूकी जैसे खिलाड़ियों ने बुधवार को लाहौर में हुई नीलामी के लिए पंजीकरण कराया था।
लेकिन पेशावर जाल्मी द्वारा अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज से सीधा करार करने पर हुए विरोध के बाद उन्होंने अपने नाम वापस ले लिए।
हालांकि पीएसएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सलमान नसीर ने कहा कि अफगानिस्तान के कुछ खिलाड़ी नीलामी ‘रोल’ में थे लेकिन किसी फ्रेंचाइजी ने उन्हें नहीं चुना।
नसीर ने दावा किया, ‘‘नीलामी में कुछ अफगानिस्तानी खिलाड़ी थे लेकिन किसी भी फ्रेंचाइजी ने उन्हें नहीं खरीदा। ’’
होटल बुकिंग नहीं, पाकिस्तानी हॉकी खिलाड़ियों ने सड़क पर गुजारे कई घंटे
पाकिस्तान हॉकी टीम के सदस्यों को कैनबरा पहुंचने पर कई घंटे सड़क पर बिताने पड़े क्योंकि धन के अभाव में पाकिस्तान हॉकी महासंघ होटल के बिल का भुगतान नहीं कर सका जिससे होटल बुकिंग रद्द हो गई ।
पाकिस्तानी टीम होबर्ट में एफआईएच प्रो लीग के दूसरे चरण के मैच खेलने आस्ट्रेलिया में है ।
टीम के सूत्रों के अनुसार खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों को घंटों तक सड़क पर रहना पड़ा ।
एक सूत्र ने बताया ,‘‘ खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिये कैनबरा में एक चार सितारा होटल में कमरे बुक किये गए थे । उन्हें बताया गया था कि पाकिस्तान खेल बोर्ड और पीएचएफ ने कैनबरा में उनके रहने के लिये सारे भुगतान कर दिये हैं ।’’
सूत्र ने कहा ,‘‘ लेकिन पिछले सप्ताह कैनबरा पहुंचने पर पता चला कि उस होटल में कोई बुकिंग थी ही नहीं । टीम के मुख्य कोच ताहिर जमान टाइम जोन अलग होने के कारण पीएसबी और पीएचएफ अधिकारियों से संपर्क नहीं कर सके ।’’
सू्त्र ने कहा ,‘‘ ताहिर ने उन्हें इस स्थिति के बारे में बताया कि लाहौर से लंबा सफर करके आये खिलाड़ियों के पास आराम करने की कोई जगह नहीं है ।’’
हॉकी पाकिस्तान का राष्ट्रीय खेल है और टीम प्रो लीग में आस्ट्रेलिया और जर्मनी जैसी शीर्ष टीमों से खेल रही है ।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia