खेल: रोहित, विराट की लोकप्रियता का असर, बढ़ सकती है वनडे मैचों की संख्या और 'एमएस धोनी के बिना सीएसके अधूरा'
वनडे मैचों की संख्या बढ़ाने का अनुरोध करने की वजह रोहित शर्मा और विराट कोहली हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा है कि आईपीएल में सीएसके की कल्पना एमएस धोनी के बिना नहीं की जा सकती है।

रोहित, विराट की लोकप्रियता का असर, बढ़ सकती है वनडे मैचों की संख्या
भारतीय क्रिकेट टीम का 2026 में शेड्यूल बेहद व्यस्त है। बीसीसीआई इसे और व्यस्त बनाने पर विचार कर रही है। वनडे विश्व कप 2027 से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के वनडे मैचों की संख्या बढ़ सकती है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक कई दूसरे क्रिकेट बोर्ड ने बीसीसीआई से पूर्व निर्धारित वनडे दौरों में मैचों की संख्या बढ़ाने का अनुरोध किया है। अनुरोध करने वाले बोर्ड में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, आयरलैंड और श्रीलंका शामिल हैं। अतिरिक्त वनडे मैच से इन क्रिकेट बोर्डों को आर्थिक फायदा होगा।
वनडे मैचों की संख्या बढ़ाने का अनुरोध करने की वजह रोहित शर्मा और विराट कोहली हैं। दोनों ही दिग्गज भारतीय बल्लेबाज अब सिर्फ वनडे फॉर्मेट खेलते हैं। दोनों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी लोकप्रियता है। अगर वनडे मैच ज्यादा होंगे तो रोहित और विराट को ज्यादा खेलने का मौका मिलेगा और इसका फायदा इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, आयरलैंड और श्रीलंका जैसे क्रिकेट बोर्ड को होगा। रोहित और विराट की वजह से दर्शकों की क्षमता में वृद्धि होनी है। रोहित और विराट सिर्फ वनडे खेलते हैं। इसलिए भी दर्शक ज्यादा से ज्यादा उन्हें खेलते हुए देखना चाहते हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में ही तीन वनडे और 5 टी20 होने हैं, लेकिन इसमें बदलाव भी हो सकता है क्योंकि शर्मा और कोहली अपने लंबे करियर में शायद आखिरी बार इंग्लैंड जाएंगे। शेड्यूल में बदलाव करते हुए दो और वनडे जोड़े जा सकते हैं। हालांकि, इस पर स्थिति फिलहाल साफ नहीं है।
एमएस धोनी के बिना सीएसके अधूरा: इरफान पठान
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा है कि आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की कल्पना एमएस धोनी के बिना नहीं की जा सकती है, लेकिन धोनी शायद अपना आखिरी सीजन खेलने की तैयारी कर रहे हैं।
जियोहॉटस्टार पर पठान ने कहा, "धोनी के बिना सीएसके और आईपीएल की कल्पना करना मुश्किल होगा। उनकी भूमिका अब टीम में सभी को एक साथ लाना होगी। धोनी अब संजू सैमसन और रुतुराज को फ्रैंचाइजी के भविष्य के लीडर के रूप में तैयार करने में मदद करेंगे।"
पठान ने कहा कि मुझे पक्का नहीं पता कि वह कितने गेम खेलेंगे, लेकिन ड्रेसिंग रूम में उनकी मौजूदगी से बहुत मदद मिलेगी। संजू को फायदा होगा क्योंकि वह भी नेतृत्व ग्रुप का हिस्सा होंगे। रुतुराज गायकवाड़ लीडर हैं। लेकिन एक ग्रुप के तौर पर, दो या तीन लोगों को भविष्य के लिए तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि वह कुछ अलग करेंगे। उनकी फिटनेस, बैटिंग पोजीशन और क्या वह सभी गेम खेलेंगे, इस बारे में सवाल अभी भी उठेंगे। सीएसके मैनेजमेंट ही इसके बारे में जवाब दे पाएगा। वे निश्चित रूप से अपनी छठी आईपीएल ट्रॉफी उठाकर धोनी को शानदार विदाई देने की कोशिश करेंगे।
आईपीएल 2026: 'चलो कुछ नया करने की कोशिश करते हैं', ऋषभ पंत ने बढ़ाया एलएसजी के खिलाड़ियों का हौसला
लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) नई टीम और नई जर्सी के साथ आईपीएल 2026 में कुछ नया करने को तैयार है। टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने टीम के नए खिलाड़ियों से मुलाकात करते हुए कहा है कि चलो इस सीजन में कुछ नया करने की कोशिश करते हैं।
एलएसजी द्वारा शेयर वीडियो में पंत ने कहा, "बहुत सारे लोग पिछले साल के हैं। कुछ नए चेहरे जरूर हैं। सभी का स्वागत है। चलो रिश्ते बनाने की कोशिश करते हैं। अगर हम क्रिकेट के बारे में बात नहीं करेंगे, तो हम बेहतर नहीं हो पाएंगे। एक व्यक्ति के तौर पर, हम यहां इन सभी सज्जनों से जो कुछ भी ले सकते हैं, उसे लें और इस सीजन के लिए कुछ ऐसा बनाने की कोशिश करें जिसका हम इंतजार कर सकें।"
उन्होंने आगे कहा, "जब हम किसी सीजन में आते हैं, तो हर बार हमारे मन में एक ख्याल आता है कि चलो कुछ नया करते हैं, जीतने की कोशिश करते हैं। लेकिन साथ ही अपने सोचने के तरीके में स्पष्ट होना चाहिए कि आप क्या करना चाहते हैं? आप एक व्यक्ति और एक टीम के तौर पर क्या हासिल करना चाहते हैं?"
दिसंबर 2025 में हुई नीलामी में एलएसजी ने छह खिलाड़ियों को साइन किया था। टीम ने श्रीलंका के स्पिनर वानिंदु हसरंगा, दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्टजे, मुकुल चौधरी, नमन तिवारी, अक्षत रघुवंशी और ऑस्ट्रेलिया के जोश इंग्लिस को खरीदा था। इसके अलावा मुंबई इंडियंस से अर्जुन तेंदुलकर और सनराइजर्स हैदराबाद से भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को भी ट्रेड किया था।
'द हंड्रेड' में पाकिस्तानी गेंदबाज अबरार अहमद को खरीदने वाली सनराइजर्स लीड्स का एक्स अकाउंट सस्पेंड
इंग्लैंड की लोकप्रिय लीग 'द हंड्रेड' की नीलामी में पाकिस्तानी खिलाड़ी अबरार अहमद को खरीदने के बाद हो रही आलोचन के बीच सनराइजर्स फ्रेंचाइजी की सनराइजर्स लीड्स का सोशल मीडिया अकाउंट निलंबित कर दिया गया है।
प्लेटफॉर्म की ओर से इसके पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है। आमतौर पर एक्स उन अकाउंट्स को सस्पेंड करता है जो उसके नियमों का उल्लंघन करते हैं।
अबरार 'द हंड्रेड' में भारतीय स्वामित्व वाली किसी भी टीम द्वारा खरीदे गए पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी हैं। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 2,55,000 अमेरिकी डॉलर में खरीदा।
सनराइजर्स फ्रेंचाइजी को अपने इस फैसले के लिए भारत में क्रिकेट फैंस की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। फैंस के मुताबिक टीम की मालिक काव्या मारन का पाकिस्तानी खिलाड़ी को खरीदने का फैसला देश की भावनाओं के खिलाफ है।
नीलामी से पहले भारतीय स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजियों द्वारा पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नहीं खरीदे जाने की चर्चा चली थी। इस दौरान संभावित 'शैडो बैन' की खबरें भी सामने आई थीं।
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने पीएसएल में कोचिंग के लिये ओरम और रोंची को छुट्टी दी
न्यूजीलैंड पुरूष टीम के सहायक कोच जैकब ओरम और ल्यूक रोंची को पाकिस्तान सुपर लीग की इस्लामाबाद युनाइटेड टीम की कोचिंग का कार्यभार संभालने के लिये न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने छुट्टी दे दी है।
इस टीम के लिये 2017 से 2021 तक खेलने वाले रोंची मुख्य कोच होंगे जबकि ओरम उनके सहायकों में से होंगे।
पीएसएल 26 मार्च से अप्रैल अंत तक चलेगा। इस दौरान ये दोनों दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी टी20 श्रृंखला और अप्रैल में बांग्लादेश दौरे के लिये उपलब्ध नहीं होंगे।
न्यूजीलैंड के परफॉर्मेंस मैनेजर माइक सैंडल ने कहा ,‘‘ ल्यूक और जैक के लिये यह कोचिंग अनुभव लेने का अच्छा मौका है। हमारे खिलाड़ियों की ही तरह कोचों की भी भारी मांग है और हमें लगता है कि इस अनुभव से उन्हें ही नहीं न्यूजीलैंड क्रिकेट को भी भविष्य में फायदा होगा।’’
आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia