खेल: संजू सैमसन के पिता ने लगाए गंभीर आरोप और धोनी से मुलाकात के बाद गंभीर के जवाब ने फैंस का दिल जीता
संजू सैमसन के पिता दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे, जो खुद एक फुटबॉल खिलाड़ी रहे। महेंद्र सिंह धोनी और गौतम गंभीर के बीच एक दिल को छू लेने वाली बातचीत ने फैंस का ध्यान खींच लिया।
'आपसे मिलकर बहुत अच्छा लगा', धोनी से मुलाकात के बाद गंभीर के जवाब ने फैंस का दिल जीता
अहमदाबाद में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत की जीत के बाद महेंद्र सिंह धोनी और गौतम गंभीर के बीच एक दिल को छू लेने वाली बातचीत ने फैंस का ध्यान खींच लिया।
वर्षों से, क्रिकेट फैंस धोनी और गंभीर के रिश्ते पर बात करते रहे हैं, खासकर श्रीलंका के खिलाफ आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2011 के फाइनल में धोनी के आइकॉनिक मैच जिताने वाले छक्के के बारे में गंभीर के पिछले कमेंट्स के बाद से। हालांकि, भारत के नए वर्ल्ड टाइटल के बाद उनके हालिया सेलिब्रेशन में दोस्ताना बातचीत नजर आई।
धोनी ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल देखा और खिताबी जीत के बाद टीम को बधाई देने के लिए इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया और अब भारत के हेड कोच गंभीर को एक मजेदार मैसेज भेजा।
धोनी ने पोस्ट पर कैप्शन लिखा, "अहमदाबाद में इतिहास बना, टीम और सपोर्ट स्टाफ और दुनिया भर में इंडियन क्रिकेट टीम के सभी फैंस को बहुत-बहुत बधाई। आप सभी को खेलते हुए देखकर बहुत खुशी हुई। कोच साहब, आप पर स्माइल बहुत अच्छी लग रही है। स्माइल के साथ इंटेंसिटी एक किलर कॉम्बो है, बहुत अच्छा किया। एन्जॉय करो दोस्तों (बुमराह के बारे में कुछ न लिखूं तो ही अच्छा है। चैंपियन बॉलर)।"
कोच के तौर पर अपना पहला वर्ल्ड कप जीतने वाले गौतम गंभीर ने भारत के पूर्व कप्तान के कमेंट पर गर्मजोशी से जवाब देते हुए लिखा, "और मुस्कुराने की क्या वजह है, आपसे मिलकर बहुत अच्छा लगा।"
मेरे बेटे को लोगों ने डिस्टर्ब किया, उम्मीद है कि कुछ दिनों के लिए अब ऐसा नहीं होगा: संजू सैमसन के पिता
संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अंतिम तीन मुकाबलों में शानदार पारियां खेलकर भारत को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई, जिन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया। पिता सैमसन विश्वनाथ ने बेटे के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए बताया कि करियर के शुरुआती दौर में संजू को डिस्टर्ब किया गया था।
संजू सैमसन के पिता ने कहा, "मैं अपने बेटे के प्रदर्शन से बेहद खुश हूं। मेरे बेटे को लोगों ने डिस्टर्ब किया। उन्हें काफी परेशान किया। उम्मीद है कि कुछ दिनों के लिए अब ऐसा नहीं होगा।"
संजू सैमसन के पिता दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे, जो खुद एक फुटबॉल खिलाड़ी रहे। संजू ने दिल्ली में पढ़ाई की और यहीं क्रिकेट की कोचिंग भी ली, लेकिन जब शानदार प्रदर्शन के बावजूद बेटे का अंडर-13 टीम में चयन नहीं हो सका, तो पिता ने वीआरएस ले लिया। वह केरल चले गए, जहां संजू ने ट्रेनिंग ली और जूनियर स्तर पर अपनी चमक बिखेरी।
सैमसन विश्वनाथ ने बताया, "18 साल की उम्र में मुझे दिल्ली पुलिस में नौकरी मिल गई थी। मैं 19 की उम्र से दिल्ली पुलिस की फुटबॉल टीम का हिस्सा रहा और 42 की उम्र तक वहीं रहा। मेरे बच्चे बचपन में दिल्ली में ही पले। संजू सैमसन ने एक ही टूर में 500 रन बनाए, लेकिन टीम में जगह नहीं मिल सकी। ये कहा गया कि संजू 10 साल के हैं। ये टूर्नामेंट 13 साल के बच्चों के लिए है। अगर ऐसा ही था, तो मेसी 17 साल की उम्र में, सचिन तेंदुलकर 15 साल की उम्र में टीम में थे। आप कम उम्र की वजह से संजू को टीम में शामिल नहीं कर रहे थे। अगर ऐसा ही शानदार प्रदर्शन अगले साल नहीं होता, तो क्या उन्हें टीम में मौका दिया जाएगा?"
टी20 विश्व कप जीतने के बाद भारतीय टीम की नजरें ओलंपिक स्वर्ण पर
रोहित शर्मा की कप्तानी में 2024 में भारतीय टीम ने बारबाडोस में जब टी20 विश्व कप जीता तो आईसीसी टूर्नामेंटों में पिछली कई नाकामियों से मिले जख्मों पर मरहम लगा था लेकिन सूर्यकुमार यादव की टीम की जीत को शुरू ही से तय माना जा रहा था ।
डेढ साल में दूसरी बार टी20 विश्व कप जीतने के बाद खिलाड़ियों की त्वरित प्रतिक्रिया से स्पष्ट था कि उन्हें अहसास था कि इस बार उन्हें हरा पाना किसी टीम के लिये लगभग नामुमकिन था ।
इस टीम की औसत उम्र तीस के करीब है लिहाजा आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में 2028 में होने वाले अगले टी20 विश्व कप में भी उनके खेलने की पूरी संभावना है ।
लेकिन इससे पहले खिलाड़ियों के पास लॉस एंजिलिस में ओलंपिक स्वर्ण जीतने का भी मौका होगा चूंकि क्रिकेट की 128 साल बाद ओलंपिक में वापसी हो रही है ।
भारत की विश्व कप विजेता इस टीम में सिर्फ कप्तान सूर्यकुमार यादव ही 35 साल के हैं लेकिन उनका इरादा 2028 में ये दोनों टूर्नामेंट खेलने का है ।
अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में मिली जीत के बाद प्रेस कांफ्रेंस में सूर्यकुमार ने कहा ,‘‘ एक टीम के रूप में हमने जो कुछ हासिल किया है, वह काफी खास है । अगला लक्ष्य ओलंपिक है । ओलंपिक स्वर्ण और उसी साल टी20 विश्व कप भी है ।’’
सैमसन के रूप में नए खेल आइकन के सामने आने से केरल में खुशी की लहर
एक छोटी सी कहानी है जो सैमसन विश्वनाथ के अपने बेटे संजू पर गहरे असर के बारे में बहुत कुछ बताती है। केरल का यह क्रिकेटर राजस्थान रॉयल्स के लिए अपने पहले आईपीएल सत्र के बाद एक स्टार की तरह अपने गृहनगर विझिंजम लौटा था।
कभी संजू के साथ सड़कों पर खेलने वाले गांव के युवा क्रिकेटर अब उसके पास जाने से हिचकिचा रहे थे।
उनकी हिचकिचाहट को भांपते हुए दिल्ली पुलिस के पूर्व अधिकारी विश्वनाथ ने संजू को कुछ समय के लिए अपने पुराने दोस्तों के साथ खेलने के लिए कहा।
उस समय संजू को अपने पिता से सलाह मिली, ‘‘अपनी जड़ों से कभी दूर मत जाना।’’
ये शब्द संजू के साथ तब भी रहे जब उन्होंने खेल के उतार-चढ़ाव का सामना किया।
हाल में संपन्न टी20 विश्व कप में सैमसन 321 रन बनाकर टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने।
सैमसन के शुरुआती कोच बीजू जॉर्ज ने बताया, ‘‘ मुझे लगता है कि उसके शुरुआती मुकाबलों की तुलना में मुख्य अंतर यह है कि उसके पैरों में स्थिरता लौट आई है, एक मजबूत आधार हमेशा से उसकी ताकत रही है। जब वह क्रीज में पीछे की ओर जाने लगा तो इससे उसका संतुलन बिगड़ गया।’’
सफेद गेंद के तीनों आईसीसी खिताब जीत सकता है भारत : आथर्टन
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल आथर्टन का मानना है कि विश्व क्रिकेट में सफेद गेंद वाले प्रारूप में भारतीय टीम का इस कदर दबदबा हो गया है कि वे सीमित ओवरों के तीनों खिताब जीत सकती है ।
भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 विश्व कप जीता ।
आथर्टन ने ‘स्काय स्पोटर्स क्रिकेट’ से कहा ,‘‘ भारत सिर्फ बेहतरीन टी20 टीम ही नहीं बल्कि इस समय सीमित ओवरों की भी सबसे खास टीम है ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ पिछले कुछ आईसीसी वैश्विक टूर्नामेंटों में उन्होंने 32 में से 30 (इस फाइनल से पहले) मैच जीते । सिर्फ एक बार यहां 50 ओवरों के विश्व कप के फाइनल में आस्ट्रेलिया ने और इस टी20 विश्व कप में सुपर आठ के मैच में दक्षिण अफ्रीका ने उसे हराया ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ सीमित ओवरों के क्रिकेट में वह सबसे मजबूत टीम है और इस जीत की हकदार भी ।’’
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia