खेल: कोहली को लेकर संजू के बयान की हरतरफ हो रही चर्चा और भारत और श्रीलंका के बीच सेमीफाइनल से पहले मौसम पर नजर

संजू सैमसन ने माना कि भारतीय टीम खुद को खुशकिस्मत मानती है कि उसके पास कोहली जैसे महान खिलाड़ी हैं। भारत और श्रीलंका के बीच एशियाई खेलों में बृहस्पतिवार को यहां होने वाले पुरुष क्रिकेट सेमीफाइनल से पहले खराब मौसम चर्चा का विषय बना हुआ है।

'हम सौभाग्यशाली हैं कि हमारे पास उनके जैसा खिलाड़ी है', कोहली को लेकर बोले संजू सैमसन
i

'हम सौभाग्यशाली हैं कि हमारे पास उनके जैसा खिलाड़ी है', कोहली को लेकर बोले संजू सैमसन  

भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने पूर्व कप्तान विराट कोहली की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि कोहली कई पीढ़ियों के क्रिकेटरों के लिए लगातार प्रेरणा का स्रोत रहे हैं। सैमसन ने माना कि भारतीय टीम खुद को खुशकिस्मत मानती है कि उसके पास कोहली जैसे महान खिलाड़ी हैं, जो न केवल मैदान पर अपने प्रदर्शन से बल्कि मैदान के बाहर अपने व्यवहार, अनुशासन और पेशेवर रवैये से भी दूसरों के लिए मिसाल पेश करते हैं।

सैमसन का यह बयान वेस्टइंडीज के खिलाफ तिरुवनंतपुरम में खेले गए पहले वनडे मैच में विराट कोहली की शानदार नाबाद 139 रन की पारी के बाद आया। कोहली की बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने मुकाबला 8 विकेट से अपने नाम किया।

इस पारी के दौरान कोहली ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए वनडे क्रिकेट में 15,000 रन पूरे किए। इसके साथ ही वह यह मुकाम हासिल करने वाले महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बाद दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बन गए।

भारत और श्रीलंका के बीच होने वाले एशियन गेम्स पुरुष क्रिकेट सेमीफाइनल से पहले पत्रकारों से बातचीत के दौरान सैमसन ने कहा, "क्या कहें? मुझे लगता है कि हम बहुत सौभाग्यशाली हैं कि हमारे पास उनके जैसा कोई है। मुझे लगता है कि जब भी वह रन बनाते हैं, प्रैक्टिस करते हैं, या हमारे देश के लिए क्रिकेट मैच खेलते हैं या कहीं भी जाते हैं, तो यह हम जैसे लोगों के लिए - जो अभी भी भारतीय नेशनल टीम में खेल रहे हैं और उनके साथ खेल रहे हैं - एक बड़ी प्रेरणा है। मुझे लगता है कि उनके प्रदर्शन करने के तरीके से निश्चित रूप से फायदा होता है।"

नीरू और काइनन की जोड़ी को ट्रैप मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण, भारत की ‘शॉटगन क्वीन’ फिर चमकीं

 व्यक्तिगत वर्ग में खिताब जीतने वाली नीरू धांडा ने काइनन चेनाई के साथ मिलकर मिश्रित टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता जिससे बुधवार को उनका ऐतिहासिक अभियान पूरा हुआ और वह यहां चल रहे एशियाई खेलों में सबसे सफल भारतीय एथलीट बन गईं।

छब्बीस वर्षीय निशानेबाज ने एक दिन पहले एशियाई खेलों में व्यक्तिगत शॉटगन स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनकर इतिहास रचा था। इस तरह उन्होंने तीन पदकों की शानदार उपलब्धि पूरी की जिसमें महिलाओं की टीम ट्रैप स्पर्धा का रजत भी शामिल है।

यह जीत और भी उल्लेखनीय रही क्योंकि नीरू को खेलों से 10 दिन पहले बीमार होने के कारण एच1एन1 की आंशका के चलते भारत में अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था और वह थकान और बीमारी के बाद की कमजोरी से जूझ रही थीं।

भारतीय जोड़ी ने फाइनल में 40 में से 34 निशानों के एशियाई और खेल रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने कतर (32) को हराकर भारतीय शॉटगन निशानेबाजी के लिए एक और ऐतिहासिक क्षण रचा।

उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज और दो बार के ओलंपिक चैंपियन माइकल डायमंड द्वारा प्रशिक्षित कतर को तीन शॉट रहते हरा दिया।

नीरू हालांकि अपने अंतिम दो निशानों में चूक गईं लेकिन तब तक वह भारत की जीत सुनिश्चित कर चुकीं थीं। इसके बाद हुआ जश्न उपलब्धि जितना ही जोरदार था।


भारत और श्रीलंका के बीच सेमीफाइनल से पहले मौसम बना चर्चा का विषय

भारत की मजबूत टीम और श्रीलंका की दूसरी श्रेणी की टीम के बीच एशियाई खेलों में बृहस्पतिवार को यहां होने वाले पुरुष क्रिकेट सेमीफाइनल से पहले खराब मौसम चर्चा का विषय बना हुआ है जिसके कारण दोनों टीम क्वार्टर फाइनल का अपने-अपने मैच नहीं खेल पाई और उन्हें अभ्यास करने का भी मौका नहीं मिला।

ऐसी परिस्थितियों में अगर मौसम ठीक रहा और मैच बिना किसी व्यवधान के खेला जाता है तो दोनों टीम को जल्द से जल्द परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाना होगा।

नागोया पहुंचने के बाद से भारी बारिश के कारण भारतीय टीम को ज्यादा अभ्यास करने का मौका नहीं मिला है। सेमीफाइनल से ठीक पहले आसमान साफ ​​हुआ है।

बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भी मौसम साफ रहने की भविष्यवाणी है लेकिन फाइनल के दिन यानि शनिवार को बारिश आ सकती है।

बारिश के कारण चारों क्वार्टर फाइनल मैच रद्द करने पड़े थे और आईसीसी रैंकिंग में बेहतर स्थान रखने वाली टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।

असल में सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चारों टीमें अभी तक प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पाई हैं। दूसरा सेमीफाइनल पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेला जाएगा।

एशियन गेम्स 2026: भारत की पुरुष और महिला स्क्वैश टीम ने कटाया सेमीफाइनल का टिकट, पक्के हुए दो और मेडल

एशियन गेम्स 2026 में बुधवार को भारत की पुरुष और महिला स्क्वैश टीम ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। इसके साथ ही भारत के लिए इस खेल में दो मेडल पक्के हो गए हैं।

शीर्ष वरीयता हासिल करने वाली और मौजूदा चैंपियन भारतीय पुरुष टीम ने नागोया किंजो फुतो एरिना में खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में कुवैत को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके बाद भारतीय महिला टीम ने भी सिंगापुर के खिलाफ 2-0 की आसान जीत दर्ज की। इस शानदार प्रदर्शन के साथ भारत की दोनों टीमें अंतिम चार में पहुंच गईं और गोल्ड मेडल की दौड़ में बनी हुई हैं।

भारत के पुरुष टीम के अभियान की शुरुआत पूल ए में चीन पर 3-0 की दमदार जीत के साथ हुई, जिसमें सूरज कुमार चंद, वीर छोटरानी और वेलवन सेंथिलकुमार ने अपने-अपने मैच जीते। कुवैत के खिलाफ, शुरुआती मुकाबले में छोटरानी को बदर अलमोगरेबी से कड़ी चुनौती मिली। दूसरा गेम हारने के बाद भारतीय खिलाड़ी ने वापसी की और 34 मिनट में 12-10, 8-11, 11-0, 11-5 से जीत हासिल की।

 इसके बाद अभय सिंह कोर्ट पर उतरे। भारत सेमीफाइनल से बस एक जीत दूर था और उन्होंने अम्मार अल्तामिमी के खिलाफ शानदार खेल दिखाया। देश के खिलाड़ियों में सबसे ऊंची रैंकिंग वाले भारतीय खिलाड़ी ने 11-3, 11-4, 11-8 से जीत दर्ज की और निर्णायक मुकाबले की जरूरत के बिना ही टाई अपने नाम कर ली।


कोरिया को हराकर भारतीय महिला हॉकी टीम फाइनल में, मुकाबला चीन से

आखिरी सोलह मिनट में दो गोल की मदद से भारतीय महिला हॉकी टीम ने दक्षिण कोरिया को 2 . 0 से हराकर एशियाई खेलों के फाइनल में प्रवेश कर लिया जहां सामना गत चैम्पियन चीन से होगा ।

ग्रुप चरण में सारे मैच जीतकर अजेय रही भारतीय टीम को पिछली बार की रजत पदक विजेता कोरिया के डिफेंडरों ने बांधे रखा और बारह पेनल्टी कॉर्नर में से सिर्फ एक पर गोल हो सका ।

भारत के लिये इशिका ने 44वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया जबकि चार मिनट बाद कप्तान सलीमा टेटे ने गोल दागा ।

भारत का सामना अब मौजूदा चैम्पियन चीन से होगा जिसने हांगझोउ एशियाई खेल 2023 में उसे सेमीफाइनल में 4 . 0 से हराया था । चीन ने दूसरे सेमीफाइनल में जापान को पेनल्टी शूटआउट में 4 . 2 से मात दी ।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए